तीन दिवसीय कोटा हाड़ौती ट्रैवल मार्ट-2 का आयोजन 11 जनवरी से: माहेश्वरी

0
2

राजस्थान पर्यटन विभाग ने जारी की आयोजन की स्वीकृति

कोटा। होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन की साधारण सभा की बैठक रविवार को छावनी स्थित एक होटल में संपन्न हुई। बैठक में पर्यटन विभाग द्वारा कोटा हाड़ौती ट्रैवल मार्ट-2 के आयोजन के लिए स्वीकृति पत्र जारी किए जाने की जानकारी सदन को दी गई। इस घोषणा को हाड़ौती के पर्यटन विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए सदस्यों ने प्रसन्नता व्यक्त की।

फेडरेशन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी, महासचिव संदीप पाडिया एवं कोषाध्यक्ष अंकुर गुप्ता ने बताया कि कोटा हाड़ौती ट्रैवल मार्ट-2 का आयोजन 11, 12 एवं 13 जनवरी 2027 को सिटी पार्क स्थित आर्ट हिल में किया जाएगा।

अशोक माहेश्वरी ने बताया कि होटल फेडरेशन की टीम द्वारा कोटा हाड़ौती ट्रैवल मार्ट-2 के आयोजन के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे थे। जनवरी 2026 में आयोजित प्रथम ट्रैवल मार्ट को अपार सफलता मिली थी तथा इसके सकारात्मक परिणाम भी सामने आ रहे हैं। कोटा एवं संपूर्ण हाड़ौती क्षेत्र निरंतर राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर अपनी पहचान स्थापित कर रहा है। इसके परिणामस्वरूप देशी एवं विदेशी पर्यटकों का आगमन भी लगातार बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि हाड़ौती पर्यटन को निरंतरता और नई गति प्रदान करने के लिए प्रतिवर्ष ट्रैवल मार्ट का आयोजन होना अत्यंत आवश्यक है। इस आयोजन के माध्यम से देशभर से हजारों टूर ऑपरेटर, वेडिंग प्लानर, ट्रैवल इन्फ्लुएंसर्स एवं पर्यटन व्यवसाय से जुड़े प्रतिनिधि कोटा पहुंचते हैं। ये सभी हाड़ौती के पर्यटन स्थलों के प्रचार-प्रसार एवं राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रमोशन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

माहेश्वरी ने कोटा हाड़ौती ट्रैवल मार्ट-2 की स्वीकृति दिलाने में महत्वपूर्ण सहयोग के लिए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा, लाडपुरा विधायक कल्पना देवी तथा विशेष रूप से राजस्थान की उपमुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री दिया कुमारी का हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इन सभी के सहयोग एवं सकारात्मक प्रयासों से कोटा के पर्यटन विकास को नई दिशा मिली है।

उन्होंने बताया कि राजस्थान की उपमुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री दिया कुमारी ने वर्ष 2026 में पहली बार जयपुर से बाहर कोटा में ट्रैवल मार्ट आयोजित करने का साहसिक निर्णय लिया था। प्रथम आयोजन की अपार सफलता को देखते हुए कोटा को दूसरी बार भी इस महत्वपूर्ण आयोजन की मेजबानी का अवसर प्रदान किया गया है। इस आयोजन में पर्यटन विभाग की महत्वपूर्ण भागीदारी रहेगी।

बैठक में कोटा हाड़ौती ट्रैवल मार्ट-2 की आधिकारिक घोषणा के साथ ही इसके लोगो का विमोचन भी किया गया। माहेश्वरी ने बताया कि आयोजन की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जा रही है। शीघ्र ही विभिन्न कार्यों के लिए अलग-अलग वर्किंग कमेटियों का गठन कर आयोजन को अंतिम रूप दिया जाएगा।

बैठक में उपस्थित सभी वक्ताओं ने कोटा हाड़ौती ट्रैवल मार्ट-2 के आयोजन को हाड़ौती के पर्यटन विकास के लिए ऐतिहासिक निर्णय बताते हुए कहा कि इससे आने वाले समय में हाड़ौती के पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी। साथ ही पर्यटन, होटल, रिसोर्ट, परिवहन एवं अन्य व्यवसायों को भी इसका लाभ मिलेगा।

बैठक में बूंदी इकाई के प्रदीप चांदवानी, भगवान मंडावरा, उमाशंकर नगर बांरा से हरिओम अग्रवाल एवं जगदीश शर्मा, झालावाड़ से वीरेंद्र सिंह झाला, भरत कुमार एवं भुवनेश अग्रवाल तथा कोटा से उपाध्यक्ष अलौकिक जैन, इंद्रजीत सिंह, शब्बर भाई, सचिव कौशल बंसल, नदीम खान, मुख्य सलाहकार गणपत लाल शर्मा, अनिल मूंदड़ा, सुशील जैन, सत्येंद्र कंजोलिया, नवजोत सिंह, पवन आहूजा, राजकुमार माहेश्वरी, राजीव गुप्ता सहित अनेक होटल एवं रिसोर्ट व्यवसायी उपस्थित रहे।