सिकुड़ते परिवारों पर जताई चिंता और जरूरतमंदों की सेवा का लिया संकल्प
कोटा। अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन, जिला कोटा के तत्वावधान में कोटा की समस्त अग्रवाल समाज का विशाल अन्नकूट महोत्सव एवं दीपावली स्नेह मिलन रविवार को नयापुरा स्टेडियम में हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। संस्था के जिला अध्यक्ष विजय गुप्ता एवं महामंत्री सत्यनारायण अग्रवाल ने बताया कि इस भव्य आयोजन में कोटा की 40 इकाइयों ने एक साथ सहभागिता निभाते हुए समाज में एकता, संगठन और अखंडता का सशक्त संदेश दिया।

युवा अध्यक्ष अजय गोयल एवं युवा महामंत्री धर्मेंद्र मित्तल ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नागरिक सहकारी बैंक के अध्यक्ष राजेश बिरला थे। वहीं उपमहापौर विवेक राजवंशी, भाजपा नेता जगदीश जिंदल, पार्षद सुरेंद्र अग्रवाल, अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के प्रदेश अध्यक्ष अशोक गर्ग, समाजसेवी नवल किशोर गर्ग, मोहनलाल अग्रवाल, सुरेंद्र गोयल विचित्र, राजेंद्र अग्रवाल, कैलाश अग्रवाल, महेश गोयल, महिला राष्ट्रीय मंत्री संतोष गुप्ता, प्रदेश प्रभारी राजदुलारी गोयल, प्रदेश मंत्री रुचि अग्रवाल, राजेश जैन तथा श्रीधर मित्तल मावा वाले विशिष्ठ अतिथि के रुप में उपस्थित रहे। मीडिया प्रभारी संजय गोयल ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों एवं पदाधिकारियों द्वारा महाराजा श्री अग्रसेन की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
राष्ट्र की समृद्धि में अग्रवाल समाज का पूर्ण योगदान
कार्यक्रम के संयोजक नवल अग्रवाल एवं राजेंद्र अग्रवाल ने बताया कि राजेश बिरला ने कहा कि अग्रवाल समाज अपनी प्रतिभा, परिश्रम और सेवाभाव के बल पर देश सेवा तथा राष्ट्र की समृद्धि में अतुलनीय योगदान दे रहा है। विवेक राजवंशी ने कहा कि महाराजा श्री अग्रसेन जी जैसे महापुरुषों का जीवन चरित्र भारत के प्रत्येक नागरिक को प्रेरणा देने में समर्थ है। जगदीश जिंदल ने कहा कि महान दानवीर और सच्चे समाजवाद के प्रणेता महाराजा श्री अग्रसेन जिस समाज के पूर्वज और पथ प्रदर्शक हैं, वह समाज अपने पूर्वजों के मार्ग पर चलते हुए मानवता को शिखर तक ले जाने में सक्षम है।
सामाजिक कुरीतियों पर प्रहार, दिया सेवा का संदेश
प्रवक्ता संजय गोयल ने बताया कि इस अन्नकूट महोत्सव के माध्यम से समाज को खर्चीली शादियों पर रोक लगाने, समाज में बढ़ते तलाक के मामलों पर गंभीरता से विचार करने तथा जरूरतमंदों की निस्वार्थ सेवा करने का संदेश दिया गया। पार्षद सुरेंद्र अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि संस्था समाज के जरूरतमंद लोगों की शिक्षा और सेहत की जिम्मेदारी भी उठाएगी, ताकि कोई भी वंचित न रहे।
सिकुड़ता अग्रवाल परिवार चिंता का विषय
संस्था के अध्यक्ष विजय गुप्ता ने समाज के समक्ष एक गंभीर सामाजिक विषय रखते हुए कहा कि वर्तमान में ‘हम दो, हमारे एक’ के सिद्धांत पर चलते हुए युवा पीढ़ी कई पारिवारिक रिश्तों जैसे चाचा-चाची, बुआ-फूफा और भाई-बहन को भूलती जा रही है। जीवन के सुख-दुख में साथ खड़े रहने की परंपरा का कमजोर होना चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि बच्चे पढ़-लिखकर अन्य शहरों या विदेशों में बसने लगते हैं, जिससे वृद्ध होते माता-पिता एकाकी जीवन जीने को विवश होते हैं। करियर के कारण देरी से विवाह और परिवार में एक या दो बच्चों की प्रवृत्ति से अग्रवाल परिवार सिकुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि परिवार में बच्चों की संख्या कम से कम तीन या चार हो, तो इस समस्या का काफी हद तक समाधान संभव है।
101 भामाशाहों व पदाधिकारियों का सम्मान
महिला अध्यक्ष शालू अग्रवाल तथा महामंत्री ममता गोयल व पूनम जैन ने बताया कि सम्मेलन की ओर से मुख्य अतिथियों द्वारा 11 समाजसेवियों सहित कुल 101 भामाशाहों का अग्र रत्न की उपाधि से सम्मान किया गया। वहीं प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल अग्रवाल चुना वाले ने बताया कि मंच के माध्यम से कोटा की समस्त 40 इकाइयों के अध्यक्ष एवं महामंत्रियों का भी आत्मीय स्वागत किया गया।
गिर्राज धरण की झांकी व छप्पन भोग के दर्शन
कोषाध्यक्ष उपेंद्र राय जैन ने बताया कि महोत्सव स्थल पर भगवान गिर्राज धरण का आकर्षक दरबार सजाया गया और छप्पन भोग लगाया गया। छप्पन भोग तथा गिर्राज धरण के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं का दिनभर तांता लगा रहा।
कार्यक्रम का संचालन प्रीति अग्रवाल एवं कैलाश अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर नवीन मित्तल, अरविंद गोयल, रितेश अग्रवाल, लोकेश गर्ग, संजय अग्रवाल, अनिल छामूनिया, पदम जैन, मोहित जैन, ललिता एरन, प्रवीण अग्रवाल, राजकुमार गोयल, भास्कर गोयल, श्यामसुंदर गर्ग, दीनदयाल अग्रवाल, महेंद्र मित्तल, टीकम खाणवाला, ओमप्रकाश गर्ग, सोनिया मित्तल, प्रीति अग्रवाल, शिखा गुप्ता, महेश अग्रवाल, अनुपम मित्तल, रेनू मित्तल, उषा जैन और प्रतिभा गोयल सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

