धर्म से दूरी बढ़ने पर बढ़ते हैं जीवन के दुख, धर्म ही मनुष्य की अंतिम शरण: स्वस्ति भूषण माताजी
कोटा। मनुष्य जितना धर्म से दूर रहेगा, उतना ही दुखों से घिरता जाएगा। धर्म ही जीवन की अंतिम शरण है। जब डॉक्टर और वकील भी असहाय हो जाते हैं, तब वे भी यही कहते हैं कि अब भगवान ही आपको पार लगा सकते हैं।” यह विचार विज्ञान नगर में आयोजित सिद्धचक्र महामंडल विधान एवं विश्व शांति महायज्ञ के समापन अवसर पर आर्यिका 105 स्वस्ति भूषण माताजी ने व्यक्त किए।
माताजी ने कहा कि सिद्धचक्र महामंडल विधान आत्मकल्याण, पुण्यार्जन और आध्यात्मिक उन्नति का महत्वपूर्ण माध्यम है। इस विधान के माध्यम से अनेक अतिशय होते हैं। प्रत्येक श्रावक को वर्ष में कम से कम एक बार इस विधान का आयोजन अवश्य करना चाहिए।
उन्होंने श्रीपाल-मैनासुंदरी के प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि संसार में धन-संपत्ति के आधार पर रिश्तों का स्वरूप बदल जाता है। जेब में पैसा हो तो पड़ोसी भी रिश्तेदार बन जाते हैं और जेब खाली होने पर अपने रिश्तेदार भी दूरी बनाने लगते हैं। इसलिए मनुष्य को सांसारिक संबंधों के बजाय धर्म और आत्मकल्याण को जीवन में प्राथमिकता देनी चाहिए।
अनिल ठौरा एवं पीके हरसोरा ने बताया कि समापन अवसर पर नरेंद्र-बबीता (कोलकाता) एवं राजकुमार प्रकाश जैन (मेरू वाले) ने माताजी का पाद प्रक्षालन किया। पदम अनुज गोधा, महावीर विकास अजमेरा, अनिल नूतन जैन स्टेशन एवं चेतन हीराचंद जैन (मुंबई) ने शास्त्र भेंट किए। वहीं मनोज आशीष जैसवाल, पारसमल जैन, राजमल विजय पाटौदी, प्रद्युम्न अभय पाटनी, विमल दीपक जैन नाता, कैलाश एवं रितेश सेठी को शांतिधारा करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।
विधान के समापन पर विश्व शांति महायज्ञ का आयोजन किया गया। इसके पश्चात जैन समाज की ओर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो विज्ञान नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। शोभायात्रा में श्रद्धालुओं ने उत्साह और भक्तिभाव के साथ भाग लिया।
आचार्य पदारोहण दिवस आज
सकल समाज के महामंत्री पदम बड़ला ने बताया कि 22 नवंबर को दोपहर एक बजे आचार्य श्री शांतिसागर महाराज छाणी के आचार्य पदारोहण दिवस पर विशेष धार्मिक आयोजन होगा। धर्म प्रभावना समिति के अध्यक्ष हसमुख जैन गांधी ने बताया कि इस अवसर पर एक विशेष रथ का प्रवर्तन किया जाएगा, जो वर्षभर देशभर में भ्रमण कर धर्म प्रभावना करेगा। कार्यक्रम में आचार्य श्री के जीवन और उनके आदर्शों पर आधारित लघु नाटिका का मंचन भी किया जाएगा। साथ ही अनेक पत्रिकाओं का विमोचन होगा। आयोजन में शामिल होने के लिए देशभर से जैन समाज के प्रमुख प्रतिनिधियों के कोटा पहुंचने का सिलसिला जारी है।

