फिल्म से हाड़ौती के पर्यटन को मिल रही राष्ट्रीय पहचान
कोटा। डॉक्यूमेंट्री फिल्म ‘एनचैंटिंग मुकुंदरा’ को लगातार राष्ट्रीय स्तर पर मिल रहे पुरस्कारों एवं इसके व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन एवं कोटा व्यापार महासंघ द्वारा एक समारोह आयोजित कर फिल्म निर्माताओं का सम्मान किया गया।
होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी एवं महासचिव संदीप पाडिया कोषाध्यक्ष अंकुर गुप्ता ने बताया कि इस डॉक्यूमेंट्री फिल्म के माध्यम से मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व, चंबल सफारी एवं गड़रिया महादेव जैसे हाड़ौती के प्रमुख पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिल रही है। फिल्म के माध्यम से लाखों लोगों तक हाड़ौती की प्राकृतिक विरासत और पर्यटन स्थलों की जानकारी पहुंची है, जिससे क्षेत्र में पर्यटन की संभावनाओं को लगातार बढ़ावा मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि हाड़ौती के पर्यटन विकास को नई दिशा देने तथा मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व, चंबल सफारी और गड़रिया महादेव की अनछुई प्राकृतिक सुंदरता एवं जैव विविधता को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने के उद्देश्य से बनाई गई इस फिल्म को तैयार करने के लिए लगभग छह माह तक लगातार शूटिंग की गई। खूबसूरती के साथ हाड़ौती की प्राकृतिक संपदा का फिल्मांकन किया गया।
समारोह में होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी, महासचिव संदीप पाडिया कोषाध्यक्ष अंकुर गुप्ता, कोटा नागरिक सहकारी बैंक के अध्यक्ष राजेश बिरला द्वारा होटल फेडरेशन आफ राजस्थान कोटा डिवीजन के उपाध्यक्ष अलौकिक जैन, सचिव कौशल बंसल एवं चंबल फिल्म फेस्टिवल के संस्थापक अध्यक्ष कपिल सिद्धार्थ को शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन के मुख्य सलाहकार अनिल मूंदड़ा, कोटा व्यापार महासंघ के उपाध्यक्ष सुरेंद्र गोयल विचित्र, अनिमेष जैन, सचिव यश मालवीय सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
फिल्म के निर्माता एवं होटल फेडरेशन आफ राजस्थान कोटा डिवीजन के उपाध्यक्ष अलौकिक जैन, सचिव कौशल बंसल एवं चंबल फिल्म फेस्टिवल के संस्थापक अध्यक्ष कपिल सिद्धार्थ ने बताया कि डॉक्यूमेंट्री में मुकुंदरा राष्ट्रीय उद्यान की प्राकृतिक सुंदरता, जैव विविधता और वन्यजीवों के जीवन चक्र को बेहद प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया है।
घने जंगल, नदियां, पहाड़ियां और घाटियों के साथ बाघ, तेंदुआ, सांभर, चीतल सहित विभिन्न वन्यजीवों तथा रंग-बिरंगे पक्षियों के मनमोहक दृश्य दर्शकों को रोमांचित करते हैं। इसके साथ ही चंबल सफारी के आकर्षक नजारों एवं गड़रिया महादेव की प्राकृतिक छटा का भी शानदार फिल्मांकन किया गया है।
उन्होंने कहा कि कोटा को अब तक मुख्य रूप से शिक्षा एवं औद्योगिक नगरी के रूप में जाना जाता रहा है, लेकिन इस फिल्म के माध्यम से दुनिया को यहां की विश्वस्तरीय वन्यजीव संपदा और प्राकृतिक सौंदर्य से परिचित कराने का प्रयास किया गया है। हमारा उद्देश्य मुकुंदरा को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करना है।
उन्होंने बताया कि फिल्म में केवल वन्यजीवों और पेड़-पौधों को दिखाने के बजाय मुकुंदरा की प्राकृतिक आत्मा, उसकी खूबसूरती और जैव विविधता को जीवंत रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है। फिल्म को शीघ्र ही राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सवों में प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग मुकुंदरा की प्राकृतिक विरासत से परिचित हो सकें।
ज्ञातव्य है कि गत दिनों आगरा में बॉलीवुड अभिनेत्री ममता कुलकर्णी ने 8th ग्लोबल ताज इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में ‘एन्चैंटिंग मुकुंदरा’ को सर्वश्रेष्ठ डॉक्यूमेंटरी फिल्म के पुरस्कार से नवाजा गया।
होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी एवं महासचिव संदीप पाडिया ने कहा कि हाड़ौती के पर्यटन विकास के लिए इस प्रकार के रचनात्मक प्रयास अत्यंत सराहनीय हैं। फेडरेशन द्वारा भी इस फिल्म के प्रचार-प्रसार में सहयोग प्रदान किया गया है।

