सऊदी अरब पर मिसाइलें दागने से फिर क्रूड हुआ महंगा, कीमतें बढ़कर 92.22 डॉलर पर

0
3

नई दिल्ली। Crude Oil Price : अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में शुक्रवार (20 नवंबर) को हल्की तेजी देखने को मिल रही है। दरअसल, पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण निवेशकों को तेल की सप्लाई में रुकावट आने की चिंता सता रही है। हालांकि, इस तेजी के बावजूद कच्चा तेल लगातार तीसरे वीकली गिरावट के साथ बंद होने की ओर बढ़ रहा है।

रॉयटर्स के मुताबिक, शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में ब्रेंट क्रूड वायदा 24 सेंट यानी 0.3 फीसदी बढ़कर 92.22 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। वहीं, अमेरिकी कच्चे तेल डब्ल्यूटीआई (WTI) का दिसंबर वायदा 19 सेंट यानी 0.2 फीसदी चढ़कर 83.40 डॉलर प्रति बैरल हो गया। जनवरी का ज्यादा कारोबार वाला वायदा अनुबंध भी 20 सेंट बढ़कर 82.64 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

सऊदी अरब पर हमले से बढ़ी तेल की कीमतें
रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब की राजधानी रियाद पर मिसाइलें दागीं। इस हमले के बाद पश्चिम एशिया से कच्चे तेल की सप्लाई प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है।

राकुटेन सिक्योरिटीज के कमोडिटी विश्लेषक सतोरू योशिदा के मुताबिक, हूती विद्रोहियों के हमले के कारण पश्चिम एशिया से तेल की सप्लाई को लेकर चिंता फिर बढ़ गई है। इसी वजह से कच्चे तेल में खरीदारी देखने को मिल रही है। उन्होंने कहा कि इस महीने के आखिर में होने वाली ओपेक प्लस की बैठक में तेल उत्पादन में सामूहिक कटौती जारी रहने की उम्मीद भी कीमतों को सहारा दे रही है।

होर्मुज में दो तेल टैंकरों में विस्फोट का दावा
कच्चे तेल की कीमतों में तेजी की एक और वजह होर्मुज जलडमरूमध्य से जुड़ी खबरें हैं। गुरुवार को ईरान की रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स नेवी ने दावा किया कि होर्मुज जलडमरूमध्य में दो तेल टैंकर समुद्री बारूदी सुरंगों की चपेट में आ गए।

ईरान की सरकारी मीडिया के जरिए जारी बयान के मुताबिक, दोनों टैंकरों में विस्फोट हुआ और उनमें आग लग गई। होर्मुज दुनिया में कच्चे तेल की आवाजाही के लिए बेहद महत्वपूर्ण समुद्री रास्ता है। ऐसे में यहां किसी भी तरह की रुकावट से अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की सप्लाई को लेकर चिंता बढ़ जाती है।

फिर भी लगातार तीसरे सप्ताह गिरावट क्यों
शुक्रवार को कीमतों में मामूली तेजी आने के बावजूद कच्चे तेल का साप्ताहिक प्रदर्शन कमजोर बना हुआ है। ब्रेंट क्रूड इस सप्ताह करीब 3.5 फीसदी की गिरावट की ओर बढ़ रहा है। वहीं, दिसंबर डिलीवरी वाला डब्ल्यूटीआई वायदा करीब 6 फीसदी की साप्ताहिक गिरावट दर्ज कर सकता है।

अगर ऐसा होता है, तो दोनों प्रमुख कच्चे तेल के भाव लगातार तीसरे सप्ताह गिरावट के साथ बंद होंगे। इसकी सबसे बड़ी वजह वैश्विक बाजार में तेल की सप्लाई जरूरत से ज्यादा होने की आशंका है। रिपोर्ट के मुताबिक, होर्मुज जलडमरूमध्य से कच्चे तेल की आवाजाही युद्ध शुरू होने से पहले के स्तर के करीब पहुंच गई है। इससे बाजार में तेल की कमी की आशंका कुछ कम हुई है। यही वजह है कि एक तरफ पश्चिम एशिया में नए हमलों से कीमतों को सहारा मिल रहा है, जबकि दूसरी तरफ तेल की उपलब्धता बढ़ने की उम्मीद कीमतों पर दबाव डाल रही है।