दुनिया का सबसे बड़ा IPO लेकर आई एंथ्रोपिक, 81.31 अरब डॉलर जुटाए

0
11

नई दिल्ली। एलन मस्क की स्पेसएक्स को पछाड़कर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी एंथ्रोपिक ने दुनिया के सबसे बड़े IPO का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। कंपनी ने अपने आईपीओ के जरिए करीब 81.31 अरब डॉलर जुटाए हैं। IPO में कंपनी के शेयर 83 डॉलर प्रति शेयर के भाव पर जारी किए गए हैं।

इस आधार पर एंथ्रोपिक की वैल्यूएशन करीब 1.5 ट्रिलियन डॉलर आंकी गई है। बता दें जून 2026 में स्पेसएक्स का 75 अरब डॉलर आईपीओ आया था। उस वक्त यह दुनिया का सबसे बड़ा IPO था।

ब्लूमबर्ग के मुताबिक एंथ्रोपिक ने अपने IPO के तहत करीब 98 करोड़ शेयर पेश किए। निवेशकों की मजबूत मांग को देखते हुए कंपनी ने इश्यू का साइज बढ़ाया। कंपनी के शेयर नैस्डैक पर ANT टिकर के साथ लिस्ट होने जा रहे हैं।

एन्थ्रोपिक ने अपने IPO के जरिए पहले ही 81 बिलियन डॉलर से ज्यादा जुटा लिए हैं। इसके अलावा, गूगल, माइक्रोसॉफ्ट, एनवीडिया और AMD जैसी टेक कंपनियों के एक समूह ने IPO की कीमत पर ही कंपनी में 26 बिलियन डॉलर का निवेश करने पर सहमति जताई है। इससे जुटाई गई कुल रकम 100 बिलियन डॉलर के पार पहुंच जाएगी।

Claude AI बनाती है एंथ्रोपिक
एंथ्रोपिक की स्थापना 2021 में हुई थी। कंपनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित Claude चैटबॉट और AI मॉडल डेवलप करती है। इसकी प्रमुख कंपटीटर कंपनियों में OpenAI, गूगल और Meta शामिल हैं।

खर्च और घाटा भी बड़ी चुनौती
30 सितंबर को समाप्त हुए नौ महीनों में, एंथ्रोपिक की रेवेन्यू 33.24 अरब डॉलर रह, जो पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में लगभग 1,200% अधिक है। कंपनी ने इसी अवधि के लिए 104 अरब डॉलर का नेट लॉस भी दर्ज किया, हालांकि इसमें से अधिकतर हिस्सा कन्वर्टिबल नोट्स और डेरिवेटिव लायबिलिटीज की फेयर वैल्यू में बदलाव के कारण था। 2025 के इन्हीं नौ महीनों में, एंथ्रोपिक को 25.1 बिलियन डॉलर का नुकसान हुआ था।

कंपनी की सबसे बड़ी चुनौती AI मॉडल तैयार करने और उन्हें चलाने पर होने वाला भारी खर्च है। इसके लिए बड़े डेटा सेंटर, महंगे AI चिप और कंप्यूटिंग क्षमता की जरूरत पड़ती है। कंपनी ने आने वाले वर्षों में कंप्यूटिंग और इंफ्रास्ट्रक्चर पर करीब 900 अरब डॉलर खर्च करने की बात कही है।

निवेशकों के सामने रिस्क
एंथ्रोपिक की तेज ग्रोथ के बावजूद इसके सामने कई चुनौतियां हैं। AI सेक्टर में बढ़ती प्रतिस्पर्धा, डेटा सेंटर पर भारी निवेश, कंप्यूटिंग लागत और भविष्य में मुनाफा बनाए रखने की क्षमता कंपनी के लिए अहम होंगी। इसके अलावा AI से जुड़े सरकारी नियम और सुरक्षा संबंधी चिंताएं भी कारोबार को प्रभावित कर सकती हैं।

इस IPO से साफ है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को लेकर निवेशकों का भरोसा अभी भी मजबूत है। हालांकि इतनी बड़ी वैल्यूएशन को भविष्य में सही साबित करना एंथ्रोपिक के लिए बड़ी चुनौती होगी।