कोटा। कोटा को अब तक केवल ‘कोचिंग सिटी’ के नाम से जानने वाले मशहूर उद्योगपति आनंद महिंद्रा यहां की एक ऐसी खूबसूरत जगह के मुरीद हो गए हैं, जिससे देश के कई लोग अब तक अनजान हैं। महिंद्रा समूह के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने कोटा के हेरिटेज चंबल रिवर फ्रंट की जमकर तारीफ की है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर रिवर फ्रंट की तस्वीरें देखने के बाद उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया साझा की। उन्होंने कहा कि पहली बार तस्वीर देखने पर उन्हें लगा कि यह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से बनाई गई है, लेकिन ध्यान से देखने पर जब पता चला कि यह वास्तविक है, तो वे चकित रह गए।
आनंद महिंद्रा ने कहा कि कोटा चंबल हेरिटेज रिवर फ्रंट को अभी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक प्रसिद्धि मिलने की जरूरत है। उन्होंने लोगों से सवाल किया, ‘क्या तस्वीरों में जितनी खूबसूरत यह जगह दिखती है, वास्तव में भी उतनी ही शानदार है?’
उन्होंने इसे अपनी ‘वंडरर लिस्ट’ में शामिल करते हुए यहां आने की इच्छा जताई। साथ ही, पूर्व यूडीएच मंत्री व कोटा उत्तर विधायक शांति धारीवाल, कोटा विकास प्राधिकरण और आर्किटेक्ट अनूप भरतरिया के विजन और शिल्पकारिता की सराहना की।
आनंद महिंद्रा ने कोटा की मौजूदा छवि पर बात करते हुए कहा कि शहर का नाम सुनते ही आमतौर पर कोचिंग, विद्यार्थियों पर मानसिक दबाव और दुखद घटनाएं याद आती हैं। लेकिन यहां इतना अद्भुत पर्यटन स्थल भी है, इसकी जानकारी उन्हें नहीं थी। उन्होंने आम लोगों से भी रिवर फ्रंट की वास्तविक तस्वीरें साझा करने की अपील की।
1450 करोड़ की लागत से बना रिवर फ्रंट
- लागत और उद्घाटन: 1450 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार इस प्रोजेक्ट का उद्घाटन सितंबर 2023 में हुआ था।
- विस्तार: चंबल नदी के दोनों किनारों पर करीब 6 किलोमीटर क्षेत्र में फैले इस कॉरिडोर में 27 घाट और 100 से अधिक कलाकृतियाँ व स्मारक (मॉन्यूमेंट्स) बनाए गए हैं।
- सांस्कृतिक झलक: यहां राजस्थान के नौ अलग-अलग अंचलों की संस्कृति और स्थापत्य कला की झलक देखने को मिलती है।
- विश्व रिकॉर्ड आकर्षण: चंबल माता की 62 मीटर ऊंची एकश्म (सिंगल मार्बल) संगमरमर प्रतिमा और विश्व का सबसे बड़ा नंदी यहां के मुख्य आकर्षण हैं।

