Gold Price: खरीद लो सोना, भाव 1.45 लाख के नीचे आया चांदी भी गिरी

0
12

नई दिल्ली। Gold Price Today: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर बुधवार को भारतीय वायदा बाजार पर भी दिखा। वैश्विक सोने-चांदी में कमजोरी के चलते मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर दोनों कीमती धातुओं की शुरुआत गिरावट के साथ हुई। मध्य पूर्व में तनाव बढ़ने से महंगाई की चिंता गहराई और डॉलर को मजबूती मिली, जिससे गोल्ड-सिल्वर की कीमतों पर दबाव बना।

एमसीएक्स पर सुबह 10 बजे के करीब गोल्ड टूटकर 144908 रुपये पर आ गया। चांदी भी 0.68 प्रतिशत गिरकर 229298 रुपये पर आ गई। इससे पहले अगस्त डिलीवरी वाला सोना 0.13 फीसदी की गिरावट के साथ 1,45,200 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला, जबकि इसका पिछला बंद भाव 1,45,392 रुपये था। वहीं सितंबर डिलीवरी वाली चांदी 0.36 फीसदी टूटकर 2,30,015 रुपये प्रति किलोग्राम पर खुली, जिसका पिछला बंद स्तर 2,30,857 रुपये रहा था।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में जबरदस्त उतार-चढ़ाव देखने को मिला। अमेरिका द्वारा ईरान पर ताजा हमलों के बाद कच्चे तेल के दाम उछल गए और डॉलर मजबूत हुआ। इससे महंगाई और ब्याज दरों के ऊंचे रहने की आशंका बढ़ गई। 6पॉट गोल्ड 0.5 फीसदी चढ़कर 4,125.59 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जबकि दिन में पहले यह 2 जुलाई के बाद के सबसे निचले स्तर तक फिसल गया था। अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर अगस्त डिलीवरी के लिए 0.5 फीसदी गिरकर 4,136.30 डॉलर प्रति औंस रहा। हाजिर चांदी 0.8 फीसदी बढ़कर 60.47 डॉलर प्रति औंस हो गई।

गिरावट के कारण

  • तेल की कीमतों और डॉलर में उछाल: होर्मुज में तीन तेल टैंकरों पर हमले के बाद अमेरिकी सेना ने ईरान पर नए हमले किए और ईरान को तेल बेचने की अनुमति देने वाला लाइसेंस रद्द कर दिया। इसके बाद कच्चे तेल की कीमतें उछल गईं, अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड बढ़ गई और डॉलर हफ्ते के अपने उच्चतम स्तर के करीब बना रहा।
  • ब्याज दरों पर बाजार की नजर: अब निवेशकों की निगाह फेडरल ओपन मार्केट कमेटी की 16-17 जून की बैठक के ब्योरे पर टिकी है, जो बाद में जारी होंगे। इससे फेड चेयरमैन केविन वॉर्श के नेतृत्व में ब्याज दरों की दिशा को लेकर नए संकेत मिलने की उम्मीद है। सीएमई फेडवॉच टूल के मुताबिक, सितंबर में फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दर बढ़ाने की संभावना मंगलवार के करीब 57 फीसदी से बढ़कर 63 फीसदी से अधिक हो गई है। हालांकि सोने को महंगाई से बचाव का साधन माना जाता है, लेकिन ऊंची ब्याज दरें इस नॉ-प्रॉफिटेबल एसेट्स पर दबाव डालती हैं।

एक्सपर्ट की सलाह
इंडसइंड सिक्योरिटीज के सीनियर रिसर्च एनालिस्ट जिगर त्रिवेदी का कहना है कि निकट अवधि में एमसीएक्स सोने और चांदी का रुख कमजोर बना हुआ है, लेकिन कीमतों में वापसी और शॉर्ट कवरिंग की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। उनके अनुसार, एमसीएक्स सोने के लिए तत्काल रेजिस्टेंस 1,46,000 रुपये प्रति 10 ग्राम और सपोर्ट 1,44,000 रुपये पर है।