चम्बल परियोजना समिति की 12 मई को स्थगित हुई बैठक अब 5 जून को

0
11

कोटा। Chambal Command Area Development Project: चम्बल परियोजना समिति, कोटा की बैठक 5 जून को प्रातः 11 बजे सीएडी सभागार में आयोजित की जाएगी। सीएडी के अधीक्षण अभियन्ता (सिंचाई वृत्त) संजय कुमार सिंह ने बताया कि पूर्व में 12 मई को आयोजित होने वाली यह बैठक अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दी गई थी। जिसे अब नवीन तिथि पर आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।

इस बैठक की अध्यक्षता चम्बल परियोजना समिति के सभापति सुनील गालव करेंगे। बैठक में चम्बल सिंचित क्षेत्र के विभिन्न विकास कार्यों की व्यापक समीक्षा की जाएगी और पूर्व निर्धारित आठ सूत्रीय एजेंडे पर विस्तार से चर्चा होगी।

​बैठक के मुख्य एजेंडे में आगामी खरीफ सीजन को ध्यान में रखते हुए जुलाई, अगस्त और सितम्बर माह में नहरों में समय पर पानी का प्रवाह सुनिश्चित करना शामिल है, ताकि क्षेत्र के किसानों को धान व सोयाबीन की फसलों के लिए पर्याप्त सिंचाई जल मिल सके। इसके साथ ही बैठक में सिंचाई कर वसूली की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की जाएगी।

वर्तमान में चल रहे निर्माण कार्यों तथा नहरों के कार्यों की प्रगति रिपोर्ट जांची जाएगी। वर्ष 2025-26 के कार्यों की समीक्षा के साथ ही आगामी वर्ष 2026-27 में करवाए जाने वाले नवीन विकास कार्यों की कार्ययोजना पर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे।

अधीक्षण अभियन्ता ने बताया कि बैठक के दौरान दाईं मुख्य नहर (मेन कैनाल) की पक्की लाइनिंग की गुणवत्ता की जांच किसी स्वतंत्र या अन्य तकनीकी एजेंसी से करवाने पर भी विचार-विमर्श होगा।

इसके अतिरिक्त, खेतों तक पानी पहुँचाने वाले धोरों के निर्माण संबंधी कार्यों की प्रगति देखी जाएगी तथा ‘विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एण्ड आजीविका मिशन ग्रामीण योजना’ के अंतर्गत स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन करते हुए नहरों एवं धोरों की सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के प्रस्तावों को हरी झंडी दी जाएगी।

बैठक में संबंधित सभी खंडीय अधिशाषी अभियन्ताओं, सहायक अभियन्ताओं एवं जल वितरण समिति के अध्यक्षों को पूर्व एजेंडे के अनुसार पूरी तैयारी और आवश्यक रिपोर्ट के साथ उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।