12 ग्राम पंचायतों में 18.29 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास
कोटा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने लाडपुरा विधानसभा क्षेत्र की मानसगांव, रंगपुर, किशनपुरा तकिया, ताथेड़, आरामपुरा, खेडारामपुर, भीमपुरा, जाखोड़ा, अरंडखेड़ा, अरलिया जागीर, गंदीफली और गोदल्याहेड़ी ग्राम पंचायतों में 18.29 करोड़ रुपए की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मानसगांव धर्म, संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना की धरती है। यहां स्थित पूज्य स्वामी गुरुवानंद जी का आश्रम पूरे क्षेत्र को विशेष पहचान देता है और लोगों को आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करता है। इस दौरान लाडपुरा विधायक कल्पना देवी भी उपस्थित रहीं।
बिरला ने कहा कि कल्पना देवी के नेतृत्व में लाडपुरा विधानसभा क्षेत्र के गांव तेजी से विकास की ओर बढ़ रहे हैं। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से अस्पताल की मांग थी, जिसे पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।
अगले तीन महीनों में अस्पताल निर्माण का कार्य शुरू होने की संभावना है, जिससे आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। उन्होंने कहा कि विकास कार्य जनता के विश्वास और सहयोग से ही संभव होते हैं। क्षेत्र की जनता ने हमेशा विश्वास और स्नेह दिया है, उसी के बल पर विकास कार्यों को गति मिल रही है।
हर घर तक पहुंचेगा स्वच्छ पेयजल
लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि नोनेरा बांध और परवन परियोजना के माध्यम से आने वाले समय में क्षेत्र के घर-घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाया जाएगा। वर्षों से हैंडपंप और ट्यूबवेल के पानी पर निर्भर ग्रामीणों को इससे बड़ी राहत मिलेगी। गांवों में भी शहरों की तरह फिल्टर किया हुआ पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
मजबूत हो रही कनेक्टिविटी
बिरला ने कहा कि नॉर्दर्न बाईपास परियोजना से पूरे क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी। मानसगांव, रामराजपुरा और आसपास के गांव सीधे प्रमुख मार्गों से जुड़ेंगे, जिससे बून्दी, जयपुर और अन्य शहरों तक पहुंच आसान होगी। बेहतर सड़क संपर्क किसानों, व्यापारियों और युवाओं के लिए नए अवसर लेकर आएगा।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में क्षेत्र की सड़कें और चौड़ी होंगी तथा नॉर्दर्न बाईपास के माध्यम से लोगों का यात्रा का समय काफी कम होगा। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और अन्य संपर्क मार्गों का लाभ भी इस क्षेत्र को मिलेगा। इससे किसानों को अपनी उपज बड़े बाजारों तक पहुंचाने में सुविधा होगी। फल और सब्जी उत्पादक किसान कम समय में अपनी उपज दिल्ली की आजादपुर मंडी जैसे बड़े बाजारों तक पहुंचा सकेंगे।
मंडाना क्षेत्र के खेतों तक पहुंचेगा सिंचाई का पानी
बिरला ने कहा कि मंडाना क्षेत्र के किसानों की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करने के लिए सिंचाई परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। योजनाएं तैयार हो चुकी हैं और आने वाले समय में मंडाना के खेतों तक भी पानी पहुंचेगा। इससे कृषि उत्पादन बढ़ेगा और किसानों की आय में वृद्धि होगी।
कार्यक्रम के दौरान लोकसभा अध्यक्ष ने मानसगांव में खेल सुविधाओं के विस्तार की घोषणा की। उन्होंने अधिकारियों को खेल मैदान विकसित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अलावा क्षेत्रवासियों की मांग पर रामराजपुरा क्षेत्र में माताजी मंदिर तक संपर्क मार्ग और आवश्यक पुलिया निर्माण कराने का आश्वासन भी दिया। उन्होंने कहा कि सर्वे प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन कार्यों को प्राथमिकता के साथ कराया जाएगा।
लाडपुरा में लिखा जा रहा विकास का नया अध्याय : कल्पना देवी
विधायक कल्पना देवी ने कहा कि जनसेवा और विकास के प्रति समर्पण की भावना ही हमें जनता के हित में कार्य करने की प्रेरणा देती है। ताथेड़ मंडल में लगभग 18.29 करोड़ रुपए की लागत से 38 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया है। उन्होंने कहा कि माननीय लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के मार्गदर्शन और सहयोग से लाडपुरा में विकास का नया अध्याय लिखा जा रहा है तथा कई ऐसे कार्य संभव हुए हैं जिन्हें कभी असंभव माना जाता था।
ताथेड़ मंडल में पिछले ढाई वर्षों में 169 करोड़ रुपए से अधिक के कार्य कराए गए हैं। किसानों को पर्याप्त सिंचाई जल उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न परियोजनाओं पर कार्य जारी है। साथ ही सड़क और पुलिया निर्माण कार्यों पर ही लगभग 63 करोड़ रुपये व्यय किए जा रहे हैं, जिससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिल रही है। कार्यक्रम में जिलाध्याक्ष प्रेम गोचर, निवर्तमान प्रधान हेमंत यादव, ताथेड़ मंडल अध्यक्ष भूपेन्द्र नागर आदि मौजूद रहे।

