Sunday, July 12, 2026
Home Blog Page 165

अमरीका बिना शर्त ईरान से युद्ध खत्म करने को तैयार, डोनाल्ड ट्रंप ने दोहराया

वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान में युद्ध बहुत जल्द खत्म हो सकता है। ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी सेना दो से तीन हफ्तों में ईरान छोड़ देंगी। वाइट हाउस में तेल-गैस की बढ़ती कीमतों के बारे में हुए सवाल पर ट्रंप ने कहा कि मुझे बस ईरान से निकलना है और हम बहुत जल्द ऐसा करेंगे।

हमारे ईरान से बाहर आते ही तेल-गैस की कीमतें धड़ाम से गिर जाएंगी। 28 फरवरी से शुरू हुए युद्ध में ट्रंप का यह नया दावा है। अभी तक युद्ध खत्म करने पर वह कई बार अलग-अलग बयान दे चुके हैं।

डोनाल्हड ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि अमेरिकी सेना की ओर से ईरान पर बहुत जोरदार तरीके से हमले हो रहे हैं। हमने मिसाइल बनाने वाली उनकी बहुत सारी जगहों को तबाह कर दिया है। हम अपना काम खत्म कर रहे हैं और मुझे लगता है कि यह काम पूरा करने में हमें दो हफ्ते या शायद कुछ दिन और लगेंगे। यानी हम जल्दी ही ईरान से बाहर आएंगे।

डोनालड ट्रंप ने कहा कि ईरान में अब अली खामेनेई नहीं है। हमने पहले ही सत्ता बदल दी है। हमने एक सरकार को हटा दिया और फिर हमने दूसरी सरकार को हटा दिया। अब हमारे पास लोगों का एक ऐसा समूह है, जो बहुत अलग है। हम ऐसे लोगों से निपट रहे हैं जो कहीं ज्यादा तर्कसंगत हैं। ट्रंप ने कहा कि ईरान में हमने जो किया है, वह कमाल है।

डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ईरान को कब छोड़ेगा, इस बात से किसी समझौते का कोई लेना-देना नहीं है। ईरान से कोई समझौता करने की जरूरत नहीं है। अमेरिका को जब यह पक्का यकीन हो जाएगा कि ईरानी सरकार सालों तक कोई परमाणु हथियार नहीं बना सकती तो वह ईरान से निकल जाएगा और यह जल्दी ही हो जाएगा।

हमें थोड़ा रास्ता बदलना पड़ा। क्योंकि वहां एक पागल आदमी था, जिसका नाम खामेनेई था और परमाणु हथियार चाहता है। अगर हम B-2 बॉम्बर लेकर नहीं आते तो उनके पास एक परमाणु हथियार होता। शायद पहले ही उसका इस्तेमाल हो चुका होता। मुझे लगता है कि हमारा देश इस बात को समझता है।
डोनाल्ड ट्रंप

डोनाल्ड ट्रंप ने आगे कहा, ‘अमेरिका बेरोकटोक तरीके से ईरान में काम कर रहा है, उसकी सेना सब कुछ बमों से उड़ा दिया है। ईरानी शासन के पास विमान-रोधी सुरक्ष नहीं बची है। वे कोई मुकाबला नहीं कर रहे हैं। वे हम पर गोली भी नहीं चला रहे हैं क्योंकि उनका सारा साजो-सामान पूरी तरह से तबाह हो चुका है।’

डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान के पास ना तो नौसेना बची है और ना ही सेना। वे तबाह हो चुके हैं और युद्ध बुरी तरह से हार रहे हैं। वे खुद भी ये मान रहे हैं कि वे हार रहे हैं। वे डील करने की भीख मांग रहे हैं। ईरान फिलहाल इस कोशिश में लगा हुआ है कि किसी तरह से अमेरिका से कोई डील कर ली जाए।

ट्रंप की प्रेस वार्ता के अहम प्वाइंट

  • अमेरिका बहुत जल्द ईरान से निकल जाएगा। अमेरिका की सैन्य कार्रवाई दो या तीन हफ्तों में खत्म हो सकती है।
  • अमेरिका ने वे सभी लक्ष्य हासिल कर लिए हैं जो ईरान के खिलाफ हवाई हमले शुरू करने से पहले तय किए गए थे।
  • ईरान की परमाणु हथियार हासिल करने की क्षमता को सीमित करने का मुख्य लक्ष्य हासिल कर लिया गया है।
  • ईरान के वरिष्ठ राजनीतिक और सैन्य नेताओं के मारे जाने के बाद वहां सत्ता परिवर्तन पहले ही हो चुका है।
  • ईरान के नेता युद्ध खत्म करने के लिए बार-बार अमेरिका के साथ डील करने की भीख मांग रहे हैं।
  • अमेरिका अपनी सैन्य कार्रवाई खत्म करेगा, दुनियाभर में तेल-गैस की कीमतें नीचे आ जाएंगी

भारत-ईरान के बीच तेल कारोबार शुरू, खर्ग द्वीप से 6 लाख बैरल तेल लेकर आएगा टैंकर

तेहरान। भारत और ईरान के बीत तेल व्यापार कथित तौर पर फिर से शुरू हो गया है। ईरान से गुजरात के वाडिनार में कच्चे तेल के आगमन के संकेत मिले हैं। यह 2019 के बाद ईरान से भारत को भेजा गया पहला शिपमेंट होगा। ईरान युद्ध के बाद तेल पर अमेरिका की ओर से गई 30 दिन की प्रतिबंधों में छूट के कारण यह संभव हुआ है। भारत ने सात साल पहले ईरान से तेल लेना बंद कर दिया था लेकिन हालिया संकट के बाद यह फिर से शुरू हुआ है।

ईरान से ऐसे समय ये शिपमेंट आ रही है, जब भारतीय रिफाइनरियां घटते स्टॉक और रूस से आपूर्ति में अनियमितता का सामना कर रही हैं। ईरान से एक बार फिर से भारत में तेल का आना भू-राजनीतिक तनाव के बीच दिल्ली-तेहरान तेल व्यापार के सावधानीपूर्वक फिर से शुरू होने की ओर इशारा करती है।

कमोडिटी मार्केट एनालिटिक्स फर्म Kpler के जहाज ट्रैकिंग डेटा के अनुसार, एस्वातिनी का झंडा लगा टैंकर ‘पिंग शुन’ गुजरात के वाडिनार बंदरगाह आ रहा है। जहाज ट्रैकिंग डेटा से पता चलता है कि इस टैंकर में 600,000 बैरल ईरानी कच्चा तेल है। इसे 4 मार्च को ईरान के खर्ग द्वीप पर टैंकर में भरा गया था। जहाज के 4 अप्रैल को वाडिनार पहुंचने की उम्मीद है।

विशेषज्ञ इस बात को लेकर आश्वस्त हैं कि यह टैंकर भारत की ओर बढ़ रहा है। तेल टैंकर अपनी मंजिल (डेस्टिनेशन) में बीच रास्ते में बदलाव करते रहते हैं। फिलहाल ईरानी तेल और उसे ले जाने वाले जहाजों पर से प्रतिबंधों में मिली छूट को देखते हुए ऐसी चालों की वास्तव में कोई जरूरत नहीं है। यानी इसका भारत आना तय माना जा रहा है।

युद्ध के चलते अमेरिका ने ईरानी तेल पर 30 दिनों की छूट देने का फैसला किया, जिसके बाद ‘पिंग शुन’ कच्चे तेल के साथ वाडिनार की ओर बढ़ा है। इससे सात साल बाद एक बार फिर से भारत और ईरान के बीच तेल व्यापार एक बार फिर पटरी पर लौटता हुआ नजर आ रहा है।

भारत-ईरान संबंध
Kpler में रिफाइनिंग और मॉडलिंग के मुख्य शोध विश्लेषक सुमित रितोलिया का कहना है कि भारत और ईरान के बीच तेल व्यापार एक बार फिर पटरी पर लौट आया है। ईरान युद्ध के बाद अमेरिका ने समुद्र में मौजूद ईरानी तेल पर 30 दिनों की छूट देने का फैसला किया, जिसके बाद ‘पिंग शुन’ कच्चे तेल के साथ वाडिनार की ओर बढ़ा है। मई 2019 के बाद यह पहली डिलीवरी है।

ईरान भारत को तेल की आपूर्ति करने वाला एक प्रमुख देश हुआ करता था लेकिन 2019 में नई दिल्ली ने ईरानी कच्चे तेल का आयात बंद कर दिया था। यह कदम तब उठाया गया जब डोनाल्ड ट्रंप के पहले प्रशासन ने तेहरान पर कड़े प्रतिबंध लगा दिए थे और ईरानी कच्चे तेल के प्रमुख खरीदारों को दी गई प्रतिबंधों में छूट को समाप्त कर दिया था।

राजस्थान में 65 आईएएस के तबादले, बारां एवं जयपुर समेत कई जिलों के डीएम बदले

जयपुर। Rajasthan IAS Transfer: राजस्थान में देर को सरकार ने बड़े प्रशासनिक फेरबदल का आदेश जारी कर दिया गया। इसके तहत राजस्थान के 65 डीएम का तबादला किया गया है। जयपुर, सीकर, फलौदी, बारां और बीकानेर समेत कई जिलों के डीएम बदल दिए गए हैं।

बाड़मेर की जिला कलेक्टर टीना डाबी का भी तबादला किया गया है। टीना डाबी को अब टोंक का डीएम बनाया गया है। वहीं मुख्यमंत्री के सचिव भी बदले गए हैं। अब डॉ. जितेंद्र कुमार सोनी मुख्यमंत्री भजनलाल के नए सचिव होंगे। वहीं ओम कसेरा को जयपुर नगर निगम का नया कमिश्नर बनाया गया है। इसके अलावा IAS डॉक्टर जोगा राम को राजस्थान में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन का निदेश बनाया गया है।

IAS ट्रांसफर लिस्ट

IASट्रांसफर के बाद नई पोस्टिंग
संदेश नायकजिला कलेक्टर, जयपुर
टीना डाबीडीएम, टोंक
जितेंद्र कुमार सोनीमुख्यमंत्री के सचिव
डॉ जोगा रामनिदेशक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, जयपुर
मुकुल शर्मामुख्यमंत्री के विशिष्ट सचिव
राजन विशालनिदेशक, जल जीवन मिशन
कन्हैयालाल स्वामीजोधपुर के संभागीय आयुक्त
अनुपमा जोरवालजिला कलेक्टर, जैसलमेर
आलोक रंजनजोधपुर, डीएम
उत्सव कौशलसंयुक्त सचिव, CMO
अमिता शर्मासंयुक्त सचिव, CMO
रिया डाबीओएसडी, CMO
गौरव अग्रवालडीएम,उदयपुर
चिनमयी गोपालडीएम, बाड़मेर
अपर्णा गुप्ताडीएम, कोटपूतली-बहरोड
अतुल प्रकाशडीएम, खैरथल-तिजारा
अवधेश मीणाडीएम, डीडवाना-कुचामन
शुभम चौधरीडीएम, प्रतापगढ़
आशीष मोदीडीएम, सीकर
अंकित कुमार सिंहडीएम, फलौदी
बाल मुकुंद असावा,डीएम, बारां
निशांत जैनडीएम, बीकानेर
अमित यादवडीएम, श्रीगंगानगर
मंजूडीएम, चित्तौड़गढ़
रोहिताश्व सिंह तोमरडीएम, सिरोही
रविंद्र गोस्वामीडीएम, पाली
हरफूल सिंह यादवडीएम, बूंदी
देवेंद्र कुमारनागौर के डीएम
अक्षय गोदाराकरौली के डीएम
सौम्या झादौसा की डीएम
दशेल दानडीएम, डूंगरपुर
मो. जुनैद पी पीडीएम, सुलंबर
मंयक मनीषडीएम, डीग
शिवांगी स्वर्णकारवित्त (बजट) विभाग में विशिष्ट शासन सचिव
अरविंद कुमार पोसवालराजस्थान आवासन मंडल का आयुक्त
डॉ. रश्मि शर्मासमग्र शिक्षा अभियान का राज्य परियोजना निदेशक
सुरेश कुमार ओलारीको का प्रबंध निदेशक
नमित मेहताआबकारी विभाग के आयुक्त
नम्रता वृष्णिखान एवं पेट्रोलियम विभाग में विशिष्ट शासन सचिव

शेयर बाजार और बैंकिंग से जुड़े कई नियम आज से बदल गए, जानिए विस्तार से

नई दिल्ली। 1 अप्रैल यानी आज से न सिर्फ नए वित्तीय वर्ष (2026-27) की शुरुआत हो चुकी है। इसके साथ ही शेयर बाजार और बैंकिंग से जुड़े कई नियम बदल गए हैं। इन बदलावों के बारे में जानना बेहद जरूरी है। इनका सीधा असर आप पर पड़ेगा। जानें आज से क्या-क्या बदलाव हुए हैं:

शेयर बायबैक पर टैक्स नियम
1 अप्रैल से शेयर बायबैक (Share buyback tax rules) (जब कंपनी अपने ही शेयर निवेशकों से वापस खरीदती है) पर टैक्स लगने का तरीका पूरी तरह बदल जाएगा। बायबैक से होने वाली कमाई पर अब इसे ‘डिविडेंड इनकम’ के बजाय ‘कैपिटल गेन्स’ माना जाएगा। कंपनियों को 22% की प्रभावी दर से टैक्स देना होगा। गैर-कॉरपोरेट प्रमोटरों (व्यक्ति या HUF) के लिए यह टैक्स दर 30% तय की गई है।

F&O ट्रेडिंग होगी महंगी

  • 1 अप्रैल से F&O ट्रेडिंग महंगी हो जाएगी। फ्यूचर्स कॉन्ट्रैक्ट पर STT 0.02% से बढ़ाकर 0.05% कर दिया गया है।
  • ऑप्शंस पर यह 0.1% 0.125% से बढ़ाकर 0.15% कर दिया गया है।
  • सरकार ने टैक्स इसलिए बढ़ाया है ताकि इस सेगमेंट में होने वाली सट्टेबाजी को कम किया जा सके और छोटे निवेशकों को भारी नुकसान से बचाया जा सके।

LRS पर TCS कम लगेगा

  • विदेश घूमने के पैकेज और इलाज या पढ़ाई के लिए बाहर पैसे भेजने (LRS) पर TCS घटा दिया गया है।
  • विदेश टूर पैकेज पर TCS 20% से घटाकर सिर्फ 2% कर दिया गया है।
  • मेडिकल और पढ़ाई के लिए भेजे जाने वाले पैसों पर यह 5% की जगह अब 2% लगेगा।

बैंकिंग से जुड़े नियम बदले

  • रिजर्व बैंक (RBI) के मुताबिक, भारत में सभी डिजिटल पेमेंट ट्रांजेक्शन के लिए ‘टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन’ (2FA) जरूरी होगा। अब तक इसके लिए ज्यादातर SMS आधारित OTP का इस्तेमाल होता रहा है। ये नियम आज से प्रभावी होंगे।
  • RuPay Platinum डेबिट कार्ड रखने वाले लोग 1 अप्रैल से एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन के लाउंज का इस्तेमाल मुफ्त में नहीं कर पाएंगे।
  • HDFC बैंक, PNB और बंधन बैंक समेत कई बैंकों ने ATM से कैश निकालने की पॉलिसी, फीस और लिमिट में बदलाव किया है।

बदल जाएंगे NPS के नियम
नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) में निवेश करने वालों के लिए 1 अप्रैल से नया दौर शुरू हो रहा है। PFRDA ने फीस वसूलने और NAV की गणना करने के तरीके में बड़ा बदलाव किया है। अब सरकारी और प्राइवेट सब्सक्राइबर्स के लिए एक ही स्कीम में अलग-अलग NAV हो सकती है।

मेरे महावीर झूले पालना में.. नन्हे शिशुओं की किलकारियों से गूंजा प्रज्ञा लोक

कोटा। महावीर जयंती के उपलक्ष्य पर आस्था, उल्लास और भावनाओं का अद्भुत संगम महावीर नगर प्रथम स्थित प्रज्ञालोक में राष्ट्रीय गुरु आस्था परिवार कोटा द्वारा आयोजित मेरे महावीर झूले पालना कार्यक्रम में देखने को मिला।

अध्यक्ष लोकेश जैन सीसवाली ने बताया कि कार्यक्रम में 2 माह से 8 माह तक के 24 शिशुओं को भगवान महावीर के बाल स्वरूप में सुसज्जित कर पालनों में झुलाया गया। मासूम चेहरों पर खिलखिलाती मुस्कान और किलकारियों की गूंज ने वातावरण को भावविभोर कर दिया।

चैयरमेन य​तीश जैन खेडावाला ने बताया कि त्रिशला दुलारे झूले रे… जैसे भक्ति गीतों की मधुर स्वर लहरियों ने पूरे परिसर को भक्तिमय बना दिया। महिलाओं द्वारा प्रस्तुत बधाई नृत्य और भजन मंडली की प्रस्तुतियों ने माहौल को और भी जीवंत बना दिया।

नवीन जैन दौराया ने बताया कि महिला मंडल लाल जैन मंदिर महावीर नगर प्रथम की महिलाओं के द्वारा भगवान महावीर स्वामी की माता त्रिशला को आए 16 स्वप्न के तहत मेरे महावीर झूले पालना की आकर्षक प्रस्तुति दी गई।

विशेष आकर्षण के रूप में यतीश–मीनाक्षी खेडावाला ने भगवान महावीर के माता-पिता का रोल निभाया, जबकि नवीन–रिंकू दौराया एवं लोकेश–दीप्ती ने दादा-दादी व कुबेर इंद्र बनकर मोतियों व रत्नों की वर्षा की।

कोषाध्यक्ष अजय जैन ने बताया कि अंत में 1100 दीपकों से भव्य महाआरती की गई। लकी ड्रॉ, बाल क्रीड़ा गतिविधियां एवं प्रतिभागी बच्चों को आकर्षक पारितोषिक प्रदान किए गए। पालना झुलाने का पुण्य सौभाग्य मिथुल मित्तल व प्रवीण जैन को प्राप्त हुआ।

इस अवसर पर विशेष अधिकारी लोकसभा अंकित जैन, एडीशनल एसपी प्रवीण जैन, भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश जैन, भाजपा नेता जगदीश जिंदल, सकल दि.जैन समाज के महामंत्री पदम बडला, कार्यध्यक्ष विकास अजमेरा व नितिन सेठी सहित कई लोग उपस्थित रहे।

इंद्र विहार जिनालय में महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव

इंद्र विहार स्थित श्री सीमंधर जिनालय में भगवान महावीर के जन्म कल्याणक महोत्सव के उपलक्ष्य में प्रातःकाल भव्य मंगल प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। इसके पश्चात आशीष शास्त्री द्वारा जन्म कल्याणक विषय पर स्वाध्याय कराया गया, जिसमें महावीर स्वामी के अहिंसा, करुणा और जीव दया के संदेशों को विस्तार से समझाया गया। प्रभात फेरी में पुरुष, महिलाएं एवं बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। सायंकाल 7:30 बजे से भक्ति संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें भगवान महावीर के जन्मोत्सव पर सुंदर भजनों की प्रस्तुति दी गई।

संभागीय आयुक्त ने लॉन्च किया कोटा सरस डेयरी का मेंगो फ्लेवर में श्रीखण्ड

कोटा। Advertisment News: भीषण गर्मी के बीच उपभोक्ताओं को राहत और स्वाद का नया विकल्प देते हुए कोटा सरस डेयरी ने 50 ग्राम पैक में मेंगो फ्लेवर श्रीखण्ड (Mango Flavour Shrikhand) का शुभारंभ किया। इस नए उत्पाद का लोकार्पण कोटा संभागीय आयुक्त अनिल कुमार अग्रवाल ने किया।

डेयरी अध्यक्ष चैनसिंह राठौड़ ने बताया कि कोचिंग विद्यार्थियों और आमजन के बीच किए गए सर्वे में मेंगो श्रीखण्ड की मांग प्रमुख रूप से सामने आई थी। इसी के आधार पर डेयरी ने यह किफायती और सुविधाजनक पैक तैयार किया है, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ ले सकें। उन्होंने कहा कि सरस डेयरी नवाचार और उपभोक्ता जरूरतों के अनुरूप उत्पाद देने के लिए जानी जाती है।

संभागीय आयुक्त अग्रवाल ने लॉन्चिंग की सराहना करते हुए कहा कि गर्मी के मौसम में यह उत्पाद उपभोक्ताओं के लिए उपयोगी और आकर्षक विकल्प साबित होगा। उन्होंने इसकी शहरभर में सहज उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

इस अवसर पर डेयरी के प्रबंध संचालक दिलखुश मीणा, प्लांट अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। राठौड़ ने बताया कि लॉन्चिंग के साथ ही 700 से अधिक पैक्स की मांग प्राप्त हो चुकी है, जो उत्पाद की लोकप्रियता का संकेत है। मांग को देखते हुए शीघ्र ही मोबाइल वैन के माध्यम से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में इसकी आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।

इस मौके पर संभागीय आयुक्त ने डेयरी प्लांट परिसर का विस्तृत निरीक्षण कर दुग्ध प्रसंस्करण व्यवस्था एवं गुणवत्ता मानकों का जायजा लिया। डेयरी अध्यक्ष चैनसिंह राठौड़ ने बताया कि निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने बीएमसी (बल्क मिल्क कूलर) से दूध संग्रहण, टैंकरों के माध्यम से प्लांट तक आपूर्ति तथा प्लांट में होने वाली प्रोसेसिंग की पूरी प्रक्रिया को विस्तार से समझा।

उन्होंने गुणवत्ता जांच के विभिन्न चरणों फैट एवं एसएनएफ परीक्षण, शुद्धता की जांच और स्वच्छता मानकों का भी अवलोकन किया। आयुक्त को कोटा-बूंदी दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ की कार्यप्रणाली के अंतर्गत दुग्ध संग्रहण से लेकर अंतिम उत्पाद के विपणन तक की संपूर्ण प्रक्रिया से अवगत कराया गया। इस दौरान घी प्रोसेसिंग यूनिट, फ्लेवर मिल्क निर्माण सहित अन्य उत्पादों की निर्माण प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई।

कोटा के 14 वर्षीय हृदय बिरला का राष्ट्रीय विद्यालय टेबल टेनिस टीम में चयन

कोटा। जिले के उभरते युवा खिलाड़ी हृदय बिरला का राष्ट्रीय स्तर पर चयन होने से शहर के खेल जगत में उत्साह का माहौल है। प्रारंभिक शिक्षा विभाग राजस्थान द्वारा जारी आदेश के अनुसार 14 वर्ष (छात्र) वर्ग की राज्य टेबल टेनिस टीम में हृदय बिरला को शामिल किया गया है। वे आगामी 69वीं राष्ट्रीय विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।

हृदय के पिता अनीश बिरला ने बताया कि इस आयुवर्ग में कोटा शहर से चयनित वे एकमात्र टेबल टेनिस खिलाड़ी हैं। उनकी इस सफलता के पीछे निरंतर अभ्यास, अनुशासन और कोच का मार्गदर्शन महत्वपूर्ण रहा है।

यह प्रतियोगिता 16 अप्रैल से 22 अप्रैल तक नई दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में आयोजित होगी। प्रतियोगिता से पूर्व चयनित खिलाड़ियों का प्रशिक्षण शिविर 28 मार्च से 14 अप्रैल 2026 तक पाली में लगाया जा रहा है, जिसमें हृदय बिरला भी हिस्सा ले रहे हैं।

पीएम मोदी ने गुजरात को दी 20,000 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों की सौगात

एक्सप्रेस-वे समेत कई सड़क-रेल परियोजनाओं का किया उद्घाटन

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को एक दिवसीय दौरे पर गुजरात पहुंचे और राज्य में विकास की रफ्तार को नई गति देते हुए यहां उन्होंने 20,000 करोड़ रुपए से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। ये परियोजनाएं बिजली, रेलवे, सड़क परिवहन, स्वास्थ्य, शहरी विकास, जनजातीय विकास और ग्रामीण विकास जैसे क्षेत्रों से जुड़ी हुई हैं।

इसके अलावा प्रदेश के वाव थराद जिले के नानी गांव में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, ऐसे समय में जब दुनिया युद्ध, अशांति और बढ़ती ईंधन कीमतों से जूझ रही है, भारत ने अपनी मजबूत विदेश नीति और अपने लोगों की एकजुटता के कारण स्थिति को प्रभावी ढंग से संभाला है।

इस दौरान उन्होंने मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस की तुलना ‘राजनीतिक गिद्धों’ से करते हुए कहा कि वह पश्चिम एशिया युद्ध से पैदा हुए हालात का राजनीतिक फायदा उठाने के लिए ‘राजनीतिक गिद्ध’ की तरह घात लगाकर बैठी है।

सभा से पहले अपने गुजरात दौरे पर प्रधानमंत्री मोदी ने 5,100 करोड़ रुपए से ज्यादा की लागत से बने अहमदाबाद-धोलेरा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया, जो कि एक एक्सेस-कंट्रोल्ड हाईवे है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने साबरकांठा में इडर-बडोली बायपास सेक्शन के निर्माण और धोलावीरा-मौवाना-वाउवा-संतलपुर खंड (NH-754K का पैकेज-I) को अपग्रेड करने की आधारशिला भी रखी।

प्रधानमंत्री ने मंगलवार को राज्य में सड़क इंफ्रास्ट्रक्चर के कुछ अहम प्रोजेक्ट्स की आधारशिला भी रखी, जिनमें गांधीनगर-कोबा-एयरपोर्ट रोड पर भाईजीपुरा जंक्शन पर बनने वाला फ्लाईओवर भी शामिल है। इससे ट्रैफिक जाम की समस्या कम होगी और फ्लाईओवर के नीचे व्यवस्थित पार्किंग की जगह भी मिलेगी।

इसके अलावा उन्होंने इसी रोड पर PDPU जंक्शन पर बने फ्लाईओवर ब्रिज का भी उद्घाटन भी किया। गांधीनगर को एयरपोर्ट से जोड़ने वाली इस सड़क पर हर दिन 1 लाख 40 हजार से ज्यादा गाड़ियां चलती हैं। यह फ्लाईओवर अहमदाबाद और गांधीनगर के बीच CH-0 जंक्शन से एयरपोर्ट तक ट्रैफिक के सुचारू और बिना किसी रुकावट के चलने को सुनिश्चित करेगा।

इसके अलावा प्रधानमंत्री ने बिजली ट्रांसमिशन के कुछ अहम प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन भी किया, जिनमें खावड़ा पूलिंग स्टेशन-2 और 4.5 GW (गीगावाट) रिन्यूएबल एनर्जी को बाहर निकालने के लिए उससे जुड़े ट्रांसमिशन सिस्टम शामिल हैं। इन सभी प्रोजेक्ट्स की कुल लागत लगभग 3,650 करोड़ रुपए है। ये प्रोजेक्ट्स रिन्यूएबल एनर्जी के एकीकरण और ट्रांसमिशन क्षमता को मजबूत करेंगे।

रेलवे सेक्टर में प्रधानमंत्री ने कनालस-जामनगर दोहरीकरण प्रोजेक्ट (28 किमी) को राष्ट्र को समर्पित किया। यह प्रोजेक्ट राजकोट-कनालस दोहरीकरण प्रोजेक्ट (111.20 किमी) का ही एक हिस्सा है। इसके अलावा, उन्होंने गांधीधाम-आदिपुर सेक्शन (10.69 किमी) के चौहरीकरण (चार-लेन बनाने) का भी उद्घाटन किया।

PM मोदी ने हिम्मतनगर-खेड़ब्रह्मा गेज परिवर्तन प्रोजेक्ट (54.83 किमी) का भी उद्घाटन किया, जिससे इस क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी और यात्रियों की आवाजाही बेहतर होगी। उन्होंने खेड़ब्रह्मा-हिम्मतनगर-असरवा ट्रेन सेवा को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इसके अलावा, प्रधानमंत्री ने पूरे गुजरात में लगभग 5,300 करोड़ रुपए की लागत वाले शहरी विकास के 44 प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन किया और उनकी आधारशिला रखी। साथ ही, उन्होंने स्वास्थ्य और परिवार कल्याण से जुड़ी कई पहलों का भी उद्घाटन किया।

इनमें अहमदाबाद के असरवा स्थित सिविल अस्पताल में 858 बिस्तरों वाले ‘रेन बसेरा’ (आश्रय स्थल) का उद्घाटन, और गांधीनगर सिविल अस्पताल तथा GMERS मेडिकल कॉलेज में भी इसी तरह की सुविधा का उद्घाटन शामिल है। गांधीनगर।

प्रधानमंत्री ने पर्यटन परियोजनाओं का उद्घाटन किया, जिनमें पाटन में ‘रानी की वाव’ में लाइट एंड साउंड शो और वडनगर में ‘शर्मिष्ठा झील’ पर वॉटर स्क्रीन प्रोजेक्शन शो शामिल हैं। साथ ही, उन्होंने बनासकांठा में ‘बलराम महादेव’ और ‘विश्वेश्वर महादेव’ में पर्यटन से जुड़े बुनियादी ढांचों के कार्यों की आधारशिला भी रखी। इन परियोजनाओं का उद्देश्य पर्यटन अनुभव को बेहतर बनाना और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देना है।

प्रधानमंत्री ने राष्ट्र को लगभग 1,780 करोड़ रुपए की लागत वाली दो प्रमुख जल पाइपलाइन परियोजनाएं भी समर्पित कीं। इनमें बनासकांठा की ‘कसारा-दांतीवाड़ा पाइपलाइन’ और पाटण व बनासकांठा के बीच फैली ‘दिंद्रोल-मुक्तेश्वर पाइपलाइन’ शामिल हैं। इसके अलावा, प्रधानमंत्री ने अंबाजी और उसके आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए जल आपूर्ति योजना की आधारशिला भी रखी।

उन्होंने गांधीनगर जिले में ‘साबरमती रिवरफ्रंट’ विस्तार की तीन परियोजनाओं की आधारशिला रखी, जिनमें कुल मिलाकर लगभग 1000 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। साथ ही, उन्होंने अहमदाबाद के वेजलपुर में स्थित ‘सरकारी लड़कों के छात्रावास’ का उद्घाटन भी किया।

इसके बाद मोदी ने प्रदेश के वाव थराद जिले के नानी गांव में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘ऐसे समय में जब दुनिया युद्ध, अशांति और बढ़ती ईंधन कीमतों से जूझ रही है, भारत ने अपनी मजबूत विदेश नीति और अपने लोगों की एकजुटता के कारण स्थिति को प्रभावी ढंग से संभाला है।’ उन्होंने कहा कि कुछ दल, विशेषकर कांग्रेस, राष्ट्रीय एकता का समर्थन करने के बजाय दहशत और भय फैलाकर स्थिति का फायदा उठाने की कोशिश कर रहे हैं।

नागरिक पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझें, बच्चों ने दिया प्रेरक संदेश

कोटा। राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड, स्थानीय संघ कोटा दक्षिण तथा शिक्षा विभाग कर्मचारीगण सहकारी सभा 696 आर कोटा-बारां के संयुक्त तत्वावधान में 21 मार्च से 31 मार्च तक मनाए जा रहे विश्व वानिकी सप्ताह का मंगलवार को समापन उत्साहपूर्वक किया गया।

समापन समारोह में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिनमें विद्यार्थियों और स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।कार्यक्रम की शुरुआत रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई। जिसमें छोटे-छोटे बच्चों ने मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनसमूह का दिल जीत लिया।

विशेष आकर्षण बच्चों द्वारा किया गया रैंप वॉक रहा। जिसमें उन्होंने हाथों में पर्यावरण संरक्षण से संबंधित संदेश लिखी तख्तियां लेकर लोगों को प्रकृति बचाने का संदेश दिया। पेड़ लगाओ, जीवन बचाओ, जल है तो कल है, जैसे नारों के माध्यम से बच्चों ने सभी को पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर एक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। जिसमें पर्यावरण, वन संरक्षण एवं जैव विविधता से जुड़े प्रश्न पूछे गए। प्रतियोगिता में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इससे विद्यार्थियों में ज्ञानवर्धन के साथ-साथ पर्यावरण के प्रति जागरूकता भी बढ़ी।

समारोह के मुख्य अतिथि शिक्षा सहकारी के अध्यक्ष एवं स्काउट गाइड के जिला प्रधान प्रकाश जायसवाल थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सीओ स्काउट बृज सुंदर मीणा ने की।

विशिष्ट अतिथियों में रामगंजमंडी स्थानीय संघ के सचिव दयाल सिंह, नीलम पारेता एवं भारती महावर उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने अपने संबोधन में पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रपति अवॉर्डी प्रवीण कुमार शर्मा ने कुशलतापूर्वक किया। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया।

पीएम ई-ड्राइव योजना: कोटा समेत प्रदेशभर में बिछेगा EV चार्जिंग स्टेशनों का जाल: नागर

राजस्थान में ईवी चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार के लिए केंद्र से 81.12 करोड़ रुपये मंजूर

कोटा। PM e-Drive Scheme: राजस्थान के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने ‘प्रधानमंत्री ई-ड्राइव’ योजना के तहत प्रदेश में इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार के लिए भारत सरकार द्वारा 81.12 करोड़ रुपये की स्वीकृति दिए जाने का स्वागत किया है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के विजन ‘विकसित राजस्थान’ के संकल्प को सिद्ध करने की दिशा में यह एक क्रांतिकारी कदम है। इस बजट से राजस्थान अक्षय ऊर्जा निगम द्वारा प्रदेश के 262 चिह्नित स्थानों पर कुल 591 पब्लिक चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। जिससे राज्य में क्लीन एनर्जी के प्रति आमजन का भरोसा बढ़ेगा।

​ऊर्जा मंत्री श्री नागर ने विशेष रूप से कोटा संभाग के संदर्भ में हर्ष व्यक्त करते हुए बताया कि औद्योगिक और शैक्षणिक हब के रूप में अपनी पहचान रखने वाले कोटा में 28 नए चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि कोटा को भविष्य के स्मार्ट और प्रदूषण मुक्त शहर के रूप में विकसित करना हमारी प्राथमिकता है। इन स्टेशनों की स्थापना से शहर के भीतर इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर और फोर-व्हीलर चालकों को सुलभ चार्जिंग की सुविधा मिलेगी। जिससे स्थानीय परिवहन सुगम होगा और कोचिंग विद्यार्थियों और पर्यटकों को भी पर्यावरण अनुकूल यातायात के विकल्प मिलेंगे।

​योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए ऊर्जा मंत्री ने बताया कि यह विस्तार केवल शहरों तक सीमित नहीं है। जयपुर में 112, अजमेर में 49 और उदयपुर में 39 चार्जिंग स्टेशनों के साथ-साथ प्रदेश के मुख्य राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर 34 स्टेशन स्थापित किए जाएंगे।

मंत्री नागर ने स्पष्ट किया कि इन स्टेशनों के लिए सरकारी विभागों की भूमि का उपयोग किया जाएगा। जिससे परियोजना का क्रियान्वयन त्वरित गति से हो सकेगा। राजमार्गों पर चार्जिंग नेटवर्क मजबूत होने से अंतर-राज्यीय और लंबी दूरी की यात्रा करने वाले ईवी उपभोक्ताओं की ‘रेंज एंग्जायटी’ (बैटरी खत्म होने का डर) समाप्त होगी।

​ऊर्जा मंत्री नागर ने कहा कि ‘पीएम इलेक्ट्रिक ड्राइव रिवॉल्यूशन इन इनोवेटिव व्हीकल एन्हांसमेंट (पीएम ई-ड्राइव)’ योजना का मुख्य उद्देश्य राज्य में कार्बन उत्सर्जन को न्यूनतम करना है।

उन्होंने जोर देकर कहा कि राजस्थान अक्षय ऊर्जा निगम इस पूरी परियोजना की प्रभावी मॉनिटरिंग करेगा ताकि गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक तकनीक वाले चार्जिंग पॉइंट स्थापित हों। ऊर्जा मंत्री ने विश्वास जताया कि इस पहल से राजस्थान न केवल ग्रीन एनर्जी के उत्पादन में बल्कि हरित परिवहन के उपयोग में भी देश का अग्रणी राज्य बनेगा। जिससे आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा और प्रदूषण मुक्त वातावरण मिल सकेगा।