Sunday, July 12, 2026
Home Blog Page 164

GST Collection: भारत का जीएसटी संग्रह मार्च में बढ़कर दो लाख करोड़ रुपये के पार

0

नई दिल्ली। GST Collection March 2026: देश में जीएसटी संग्रह में लगातार मजबूती देखने को मिल रही है। वित्त मंत्रालय के जारी आंकड़ों के अनुसार, मार्च 2026 में सकल जीएसटी कलेक्शन बढ़कर 2,00,064 करोड़ रुपये हो गया, जो मार्च 2025 के 1,83,845 करोड़ रुपये के मुकाबले 8.8% अधिक है।

पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में कुल जीएसटी संग्रह 22.27 लाख करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वित्त वर्ष 2024-25 के 20.55 लाख करोड़ रुपये से 8.3% ज्यादा है। यह आंकड़े टैक्स कलेक्शन में लगातार बने हुए मजबूत रुझान को दर्शाते हैं। मार्च में दो लाख करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करना साल के अंत में बेहतर अनुपालन और आर्थिक गतिविधियों में तेजी का संकेत माना जा रहा है।

आंकड़ों के अनुसार, घरेलू जीएसटी राजस्व मार्च में 5.9% बढ़कर 1.46 लाख करोड़ रुपये हो गया, जो देश के भीतर स्थिर खपत को दर्शाता है। वहीं, आयात से जुड़े जीएसटी कलेक्शन में 17.8% की तेज वृद्धि दर्ज की गई, जो बढ़ती आयात गतिविधियों और बेहतर कस्टम्स कलेक्शन की ओर इशारा करती है।

आयात में भारी वृद्धि के चलते मार्च में आईजीएसटी संग्रह बढ़कर 1.06 लाख करोड़ रुपये हो गया। सीजीएसटी और एसजीएसटी संग्रह में भी मामूली वृद्धि दर्ज की गई, जो केंद्र और राज्य कर घटकों में संतुलित वृद्धि को दर्शाती है।

जीएसटी रिफंड में 13.8% की वृद्धि
मार्च में कुल जीएसटी रिफंड में सालाना आधार पर 13.8 प्रतिशत की वृद्धि हुई और यह बढ़कर 22,074 करोड़ रुपये हो गया। रिफंड को समायोजित करने के बाद, शुद्ध जीएसटी राजस्व में सालाना आधार पर 8.2 प्रतिशत की वृद्धि हुई और यह 1.77 लाख करोड़ रुपये हो गया।

वित्त वर्ष 2026 के लिए शुद्ध जीएसटी संग्रह 19.34 लाख करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वर्ष की तुलना में 7.1 प्रतिशत अधिक है, जो उच्च धनवापसी के बावजूद लगातार राजस्व वृद्धि को दर्शाता है।

7000mAh बैटरी वाला iQOO 15 एपेक्स एडिशन भारत में लॉन्च, जानिए फीचर्स

नई दिल्ली। iQOO 15 Apex Edition Launched : आईकू ने भारतीय बाजार में अपने लेटेस्ट स्मार्टफोन के तौर पर iQOO 15 Apex Edition को लॉन्च किया है। यह कोई नया फोन नहीं है, बल्कि iQOO 15 का ही एक स्पेशल कलर वेरिएंट है।

यानी कलर के अलावा, इसके हार्डवेयर ने कोई बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। इसी के साथ, iQOO 15 Apex कलर वेरिएंट, लाइनअप में पहले से मौजूद Alpha और Legend कलर वेरिएंट्स के साथ लिस्ट में शामिल हो गया है।

ओरिजिनल मॉडल की तरह ही, इसमें भी Qualcomm का फ्लैगशिप 3nm ऑक्टा-कोर Snapdragon 8 Elite Gen 5 चिपसेट लगा है। इस फोन में 6.85-इंच का डिस्प्ले है, जिसका रिजॉल्यूशन 2K है और रिफ्रेश रेट 144Hz तक है। iQOO 15 Apex में 7,000mAh की बैटरी दी गई है।

कीमत
iQOO 15 Apex कलर वेरिएंट की कीमत 12GB+256 GB वेरिएंट के लिए 72,999 रुपये (प्रभावी कीमत: 66,999 रुपये) और 16GB+512GB वेरिएंट के लिए 79,999 रुपये (प्रभावी कीमत: 73,999 रुपये) है। यह स्मार्टफोन 6 अप्रैल को दोपहर 12 बजे से iQOO.in, Amazon.in, चुनिंदा वीवो एक्सक्लूसिव स्टोर, रिलायंस डिजिटल स्टोर और आपके आस-पास के रिटेल स्टोर पर बिक्री के लिए उपलब्ध होगा। iQOO 15 मौजूदा Alpha और Legend कलर वेरिएंट में भी उपलब्ध है।

ग्राहक आज से iQOO 15 Apex को प्री-बुक कर सकते हैं और इन शानदार ऑफर्स का लाभ उठा सकते हैं। प्री-बुक करने वाले ग्राहकों को 1,899 रुपये कीमत वाले iQOO TWS मुफ्त मिलेंगे। इसके अलावा, ग्राहक चुनिंदा बैंक कार्ड्स पर 6,000 रुपये तक के इंस्टैंट डिस्काउंट और 12 महीने तक के लिए नो कॉस्ट ईएमआई ऑफर्स का भी लाभ उठा सकते हैं।

iQOO 15 की खासियत
iQOO 15, एंड्रॉयड 16 पर बेस्ड ओरिजनओएस 6 के साथ आता है। कंपनी इस फोन के लिए पांच एंड्रॉयड अपग्रेड और सात साल के सिक्योरिटी अपडेट का वादा करती है। इसमें 6.85-इंच का सैमसंग M14 8T LTPO एमोलेड डिस्प्ले है, जिसका रिफ्रेश रेट 144 हर्ट्ज तक, रिजॉल्यूशन 2K, पिक्सेल डेंसिटी 508 पीपीआई और लोकल पीक ब्राइटनेस 6,000 निट्स तक है। इसमें 1 हर्ट्ज का ऑलवेज-ऑन डिस्प्ले फीचर भी मिलता है। स्क्रीन पर एक एंटी-रिफ्लेक्टिव फिल्म और वेट फिंगर कंट्रोल भी दिया गया है, जिससे यूजर गीले या पसीने वाले हाथों से भी कॉल कर सकते हैं, फोटो खींच सकते हैं, वीडियो बना सकते हैं और गेम खेल सकते हैं। इसमें तीन एम्बिएंट लाइट सेंसर भी दिए गए हैं।

प्रोसेसर
iQOO 15 में क्वालकॉम का ऑक्टा-कोर 3nm स्नैपड्रैगन 8 एलीट जेन 5 चिपसेट लगा है, जिसके साथ एड्रेनो जीपीयू, 16GB तक LPDDR5x रैम और 512GB तक UFS4.1 इंटरनल स्टोरेज मिलती है। कंपनी का दावा है कि इस फोन ने AnTuTu बेंचमार्किंग प्लेटफॉर्म पर 4.18 मिलियन से ज्यादा पॉइंट्स हासिल किए हैं। यह फोन 23 प्रतिशत बेहतर जीपीयू परफॉर्मेंस, 25 प्रतिशत बेहतर Ray-Tracing, 20 प्रतिशत बेहतर सिंगल-कोर परफॉर्मेंस और 17 प्रतिशत बेहतर मल्टी-कोर परफॉर्मेंस देता है।

यह फोन 37 प्रतिशत तक बेहतर एनपीयू परफॉर्मेंस भी देता है। फोन को ठंडा रखने के लिए, इसमें 8K वीसी कूलिंग सिस्टम दिया गया है, जिसका हीट डिसिपेशन एरिया 8,000 sqmm है। इसमें एक नई Monster Halo एम्बिएंट लाइटिंग भी दी गई है, जिसे पीछे के कैमरा मॉड्यूल के नीचे लगाया गया है।

कैमरा और बैटरी
कैमरे की बात करें तो, इसमें ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है। इसमें मेन कैमरा 50-मेगापिक्सेल का सोनी IMX921 सेंसर है, जिसका साइज 1/1.56-इंच है और इसमें ऑप्टिकल इमेज स्टेबिलाइजेशन (OIS) की सुविधा भी है। इस फोन में 50-मेगापिक्सेल का सोनी IMX882 टेलीफोटो पेरिस्कोप कैमरा भी है, जिसका सेंसर 1/1.95-इंच का है। यह 3x ऑप्टिकल जूम, 3.7x “Lossless Zoom” और 10x जूम की क्षमता रखता है। इसके साथ ही, इसमें 50-मेगापिक्सेल का अल्ट्रा-वाइड कैमरा भी दिया गया है, जिसका सेंसर 1/2.76-इंच का है।

सेल्फी और वीडियो कॉलिंग करने के लिए, फोन में 32-मेगापिक्सेल का सेल्फी कैमरा है, जिसका फील्ड ऑफ व्यू 90-डिग्री है। यह 60 fps की फ्रेम रेट पर 4K रिजॉल्यूशन तक की वीडियो रिकॉर्डिंग को सपोर्ट करता है। इस फोन में AI Visual और Reflection Erase जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं, जो Standard, Portrait और Landscape कैमरा मोड्स में उपलब्ध हैं।

iQOO 15 में धूल और पानी से सुरक्षित रहने के लिए IP68+IP69 रेटिंग दी गई है। इसमें 7000mAh की सिलिकॉन-कार्बन बैटरी लगी है, जो 100W वायर्ड और 40W वायरलेस फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है।

सोना 2836 रुपये महंगा; चांदी में 9348 रुपये किलो की तेजी, जानिए आज की कीमतें

नई दिल्ली। Gold Silver Price 1 April, 2026 : इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, सोने-चांदी के दाम में आज तेजी दर्ज की गई है। आज 24 कैरेट के सोने का भाव 149,569 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर मिल रहा है। इससे पहले बीते मंगलवार को यह 146,733 रुपये प्रति 10 ग्राम पर मिल रहा था।

यानी आज यह 2,836 रुपये महंगा हुआ है। 22 कैरेट के गोल्ड के भाव की बात करें तो आज यह 148,970 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है और इसमें 2,825 रुपये की तेजी देखी गई है। बता दें कि मंगलवार को इसकी कीमत 146,145 रुपये थी।

वहीं, 18 कैरेट वाला गोल्ड आज गुरुवार को 137,005 रुपये प्रति 10 गाम के भाव पर बिक रहा है। इसका पिछला बंद प्राइस 134,407 रुपये प्रति 10 ग्राम था। यानी आज यह 2,598 रुपये महंगा हुआ है। वहीं, bullions.co.in के मुताबिक, आज 24 कैरेट के सोने के दाम में 1680 रुपये की तेजी है और यह 152,580 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बिक रहा है।

आईबीजेए के मुताबिक, अगर चांदी की कीमत की बात करें तो आज एक किलो चांदी की कीमत 239483 रुपये है। इससे पहले बीते मंगलवार को यह 230,135 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बिक रही थी।

यानी आज चांदी के दाम में 9,348 रुपये प्रति किलो की तेजी देखी गई है। वहीं, बुलियंस.को पर चांदी 241,610 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बिक रही है। इसमें 560 रुपये की तेजी है। बता दें कि आईबीजेए दिन में दो बार सोने- चांदी के रेट जारी करता है।

अमेरिकी कंपनियों पर हमले की धमकी से ट्रंप घुटनों पर, देश के नाम संबोधन आज

नई दिल्ली। Donald Trump surrender to iran: ईरान युद्ध पर अमेरिका जल्द ही अंतिम फैसला ले सकता है। खबर है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बुधवार रात देश को संबोधित करने जा रहे हैं। खास बात है कि यह संबोधन ऐसे समय पर होने जा रहा है, जब ट्रंप कुछ ही सप्ताह में ईरान से बाहर निकलने की बात कह चुके हैं। वहीं, हजारों मरीन्स की तैनाती की भी जानकारी है। 28 फरवरी को युद्ध की शुरुआत हुई थी।

वाइट हाउस प्रेस सचिव कैरोलीन लैविट ने लिखा, ‘कल रात 9 बजे (ET), राष्ट्रपति ट्रंप ईरान पर एक महत्वपूर्ण अपडेट देने के लिए राष्ट्र को संबोधित करेंगे।’ हालांकि, उन्होंने स्पष्ट नहीं किया कि अमेरिका अब ईरान युद्ध खत्म करने की तैयारी में है या संघर्ष और तेज करने जा रहा है।

ईरान युद्ध में नाटो सहयोगियों से मदद मांगने, नाटो सहयोगियों की जरूरत नहीं होने की घोषणा करने, तेहरान के ऊर्जा बुनियादी ढांचे को नष्ट करने की धमकी देने और फिर ऐसे हमलों को लगभग रातोंरात स्थगित करने के अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप के बदलते रुख से अमेरिकी असमंजस में हैं। ईरान युद्ध पर लगातार बदलते रुख को लेकर ट्रंप को सोशल मीडिया पर भी आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है।

‘प्यू रिसर्च’ की ओर से किए गए एक सर्वेक्षण में पाया गया कि लगभग दस में से छह यानी 61 प्रतिशत अमेरिकी ईरान के साथ युद्ध को लेकर ट्रंप के रवैये से असहमत हैं। सर्वेक्षण से यह भी पता चला है कि 37 प्रतिशत लोग युद्ध के पक्ष में हैं।

वाइट हाउस में ईंधन की बढ़ी कीमतों को लेकर जब ट्रंप से सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा, ‘मुझे सिर्फ इतना करना है कि ईरान से निकल जाना है और हम ऐसा बहुत जल्दी करने वाले हैं और कीमतें धड़ाम से नीचे गिर जाएंगी।’ उन्होंने कहा, ‘हम काम पूरा कर रहे हैं और मुझे लगता है कि इस काम को पूरा करने के लिए 2 सप्ताह या कुछ दिन और लगेंगे।’

28 फरवरी को अमेरिका ने इजरायल के साथ मिलकर ही ईरान के खिलाफ युद्ध शुरू किया था। अब एक ओर जहां ट्रंप के तवर बदल रहे हैं। वहीं, प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू साफ कर चुके हैं कि ईरान के खिलाफ अभियान खत्म नहीं हुआ है। उन्होंने कहा, ‘अमेरिका के साथ संयुक्त अभियान के एक महीने के भीतर हम उस आतंक के शासन को कुचल रहे हैं, जो ‘अमेरिका मुर्दाबाद, इजरायल मुर्दाबाद’ के नारे लगा रहा था।’ उन्होंने कहा, ‘अभियान अभी खत्म नहीं हुआ है और हमने शासन की जड़े हिला दी हैं, देर-सवेर यह ढह जाएगा’

अमेरिकी कंपनियों पर अटैक
ईरान ने मंगलवार को अपनी योजना का खुलासा करते हुए कहा कि अगर एक अप्रैल की शाम से ईरानी क्षेत्र में किसी की भी हत्या होती है तो वह पश्चिम एशिया में 18 कंपनियों के ठिकानों पर हमला करेगा। यह जानकारी इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) ने दी। आईआरजीसी ने कहा, ‘ईरान में होने वाली हर हत्या के जवाब में इन कंपनियों को एक अप्रैल को स्थानीय समयानुसार रात आठ बजे से अपने संबंधित ठिकानों के विनाश के लिए तैयार रहना चाहिए।’

बयान में आगे कहा गया कि इन कंपनियों में सिस्को, एचपी, इंटेल, ओरेकल, माइक्रोसॉफ्ट, ऐपल, गूगल, मेटा, आईबीएम, डेल, पैलेंटीर, एनवीडिया, जेपी मॉर्गन, टेस्ला, जीई स्पायर सॉल्यूशन, जी42 और बॉइंग शामिल हैं। यह दावा किया गया कि ये कंपनियां ईरान के खिलाफ आतंकवादी योजना में सक्रिय रूप से शामिल हैं।

JEE Main अप्रैल सेशन कल से, ये डॉक्यूमेंट साथ लेकर जाएं, देखिए पूरी लिस्ट

नई दिल्ली। JEE Main 2026 Session 2: देश की सबसे बड़ी इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई मेन के दूसरे सेशन का बीटेक बीई एग्जाम गुरुवार से शुरू होगा। जेईई मेन बीटेक बीई पेपर 2, 4, 5, 6, 7 और 8 अप्रैल, 2026 को होगा। पहली शिफ्ट सुबह 09:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक चलेगी। दूसरी शिफ्ट दोपहर 3:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक होगी।

छात्रों को परीक्षा केन्द्रों पर एक घंटा पहले पहुंचने का निर्देश दिया गया है। केन्द्र में परीक्षा शुरू होने के आधा घंटा पहले एंट्री बंद कर दी जाएगी। एनटीए ने कहा है कि 9 बजे से शुरू होने वाली परीक्षा के लिए सात से 8.30 बजे सुबह तक प्रवेश दिया जाएगा।

वहीं, तीन से छह बजे तक आयोजित होने वाली परीक्षा के लिए दोपहर एक बजे से 2.30 बजे तक प्रवेश दिया जाएगा। देर से आने वालों को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। विद्यार्थियों को फ्रिस्किंग और बायोमेट्रिक जांच के बाद एग्जाम सेंटर में एंट्री दी गई।

अप्रैल सेशन में 16 लाख से अधिक आवेदन
देश की सबसे बड़ी इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई मेन में इस साल आवेदन का नया रिकॉर्ड बना है। 16 लाख से ज्यादा स्टूडेंट्स ने आवेदन किया है, जो अबतक की सबसे बड़ी संख्या है। जनवरी सत्र में 14 लाख 10 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। वहीं अप्रैल सत्र के लिए करीब 2 लाख 16 हजार नए यूनिक कैंडिडेट्स ने फॉर्म भरा है।

विद्यार्थियों को प्रवेश पत्र में दिये गये बार कोड रीडर के माध्यम से लैब आवंटित की जाएगी। प्रवेश पत्र में सेल्फ डिक्लेरेशन प्रारूप में विद्यार्थी को बांये हाथ का अंगूठा का निशान एवं स्वयं की फोटो लगाकर ले जाना होगा। छात्र अपने साथ ओरिजनल आइडी प्रूफ, खुद से भरा घोषणा पत्र, पारदर्शी पेन, स्वयं का फोटो, पानी की पारदर्शी बोतल साथ में लाने होंगे। विद्यार्थियों को आईडी प्रूफ की फोटोकॉपी या मोबाइल से लिए हुए फोटो से प्रवेश नहीं दी जाएगी। विद्यार्थियों को कोई भी इलेक्ट्रोनिक गैजेट साथ लाने की अनुमति नहीं होगी।

ये डॉक्यूमेंट साथ लेकर जाएं, देखें लिस्ट

  • एनटीए वेबसाइट से डाउनलोड किए गए एडमिट कार्ड की प्रिंट कॉपी, साथ में सेल्फ डिक्लेरेशन (अंडरटेकिंग) (A4 साइज के पेपर पर साफ प्रिंटआउट) जिसे ठीक से भरा गया हो।
  • एक पासपोर्ट साइज फोटो (वही जो ऑनलाइन एप्लीकेशन फ़ॉर्म पर अपलोड की गई थी) जिसे परीक्षा के दौरान सेंटर पर अटेंडेंस शीट में दी गई जगह पर चिपकाना है।
  • कोई भी एक अधिकृत फोटो आईडी (जो ओरिजिनल, वैलिड और एक्सपायर न हुई हो) वैलिड स्कूल आइडेंटिटी कार्ड/ पैन कार्ड / वोटर ID/ पासपोर्ट/ आधार कार्ड (फोटो के साथ)/ फोटो के साथ ई-आधार/ क्लास XII बोर्ड एडमिट कार्ड फोटो के साथ/ फोटो के साथ बैंक पासबुक।
  • एक साधारण पारदर्शी बॉल पॉइंट पेन।

ड्रेस कोड गाइडलाइंस
जेईई मेन 2026 को लेकर कोई अनिवार्य ड्रेस नहीं है लेकिन उम्मीदवारों को सुरक्षा जांच के दौरान असुविधाओं से बचने के लिए विशिष्ट नियमों का पालन करना चाहिए।

पुरुष उम्मीदवारों के लिए

  • बकल या मेटल वाले वाले कपड़ों से बचें।
  • टोपी, मफलर या किसी भी तरह का सिर ढकने वाला कपड़ा पहनने से बचें।
  • मौसम के अनुकूल हल्के कपड़े चुनें।
  • चेन, ब्रेसलेट या अंगूठी जैसे आभूषण पहनना मना है।
  • मोटे तलवों वाले जूते पहनने से बचें; साधारण सैंडल या चप्पल पहनें।

महिला उम्मीदवारों के लिए

  • स्टोल, दुपट्टा, स्कार्फ या कोई भी ऐसा कपड़ा न पहनें जिससे सुरक्षा जांच के दौरान देरी हो सकती है।
  • अंगूठी, झुमके या ब्रेसलेट सहित जूलरी या मेटल की चीजें न पहनें।
  • मौसम के हिसाब से कंफर्ट वाले कपड़े चुनें।

जींस पहनने पर क्या है नियम
काफी विद्यार्थी जींस पहनने को लेकर कंफ्यूज है। अभ्यर्थी परीक्षा देने जींस पहनकर आ सकते हैं। लेकिन एनटीए के निर्देशानुसार मेटैलिक जिपर, बैज, या सजावटी बड़े मैटेल के बटन वाले कपड़ों से बचें।

जेईई मेन से IIT तक का रास्ता
जेईई मेन सेशन 2 परीक्षाएं खत्म होने के बाद दोनों सत्रों के बेस्ट एनटीए स्कोर के आधार पर स्टूडेंट्स की रैंक जारी की जाएगी। जेईई मेन परिणाम में पहले 2,50,000 रैंक हासिल करने वाले उम्मीदवार जेईई एडवांस टेस्ट के लिए आवेदन करने के पात्र होंगे। जेईई एडवांस के जरिए आईआईटी में दाखिला मिलता है। आईआईटी एंट्रेंस जेईई एडवांस्ड भी वही दे सकेगा जिसके 12वीं में कम से कम 75 फीसदी मार्क्स होंगे। या फिर संबंधित बोर्ड एग्जाम में टॉप 20 परसेंटाइल उम्मीदवारों में से एक होंगे।

Petrol Diesel Rate: प्रीमियम पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़े, जानिए आपके शहर का रेट

नई दिल्ली। Petrol Diesel Price Today: प्रीमियम पेट्रोल के दाम में आज बढ़ोतरी की गई है। दिल्ली में इंडियन ऑयल के पेट्रोल पंपों पर XP100 पेट्रोल 149 से 160 रुपये प्रति लीटर और एक्स्ट्रा ग्रीन डीजल 91.49 से 92.99 रुपये प्रति लीटर हो गया है।

दूसरी ओर कच्चे तेल में उछाल के बावजूद आज भी IOCL, HPCL, भारत पेट्रोलियम समेत ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने सामान्य पेट्रोल-डीजल के रेट नहीं बढ़ाए हैं। जबकि, कमर्शियल सिलेंडर के दाम में आज भारी बढ़ोतरी की गई है।

1 अप्रैल की सुबह छह बजे जारी रेट के मुताबिक दिल्ली के इंडियन ऑयल के पंपों पर साधारण पेट्रोल की रिटेल कीमत ₹94.77 और डीजल 87.67 रुपये लीटर है। भारत में सबसे सस्ता तेल पोर्ट ब्लेयर में है। यहां पेट्रोल ₹82.46 प्रति लीटर है तो डीजल ₹78.05 प्रति लीटर।

पेट्रोल पर टैक्स
दिल्ली में 1 अप्रैल 2026 से सामान्य पेट्रोल की कीमत तय करने में कई हिस्से शामिल हैं। सबसे पहले डीलर्स को बिना वैट के जो बेस प्राइस दिया जाता है। आज 1 अप्रैल को इंडियन ऑयल द्वारा जारी डेटा के मुताबिक यह ₹74.97 प्रति लीटर है। इसके ऊपर औसतन ₹4.40 प्रति लीटर डीलर कमीशन जोड़ा गया है। इसके बाद वैट (जिसमें डीलर कमीशन पर लगने वाला टैक्स भी शामिल है) ₹15.40 प्रति लीटर लगाया गया है। इन सभी को मिलाकर दिल्ली में आज 1 अप्रैल को पेट्रोल की खुदरा कीमत करीब ₹94.77 प्रति लीटर बैठती है।

सामान्य डीजल की कीमत भी इसी तरह तय होती है, जिसमें सबसे पहले डीलर्स का कमीशन, वैट आदि जुड़े होते हैं। आज जारी प्राइस बिल्डअप के मुताबिक दिल्ली में एक लीटर डीजल की कीमत ₹87.67 है। इसका बेस प्राइस बिना वैट के ₹71.81 प्रति लीटर है। इसके बाद औसतन ₹3.03 प्रति लीटर डीलर कमीशन और फिर वैट (जिसमें कमीशन पर टैक्स भी शामिल है) ₹12.83 प्रति लीटर शामिल है।

कच्चे तेल का क्या है हाल
अमेरिका-ईरान-इजरायल युद्ध के बीच कच्चे तेल के रेट में उछाल है। ब्रेंट क्रूड 1.71 डॉलर उछलकर 105.68 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है। जबकि, WTI क्रूड 1.44 डॉलर उछलकर 102.82 डॉलर प्रति बैरल पर है। एक अन्य खबर की बात करें तो होर्मूज स्ट्रेट के बंद होने से अमेरिका में औसत गैस की कीमतें 4 डॉलर प्रति गैलन के पार चली गईं।

Gold Price: एमसीएक्स पर सोना महंगा, चांदी औंधे मुंह गिरी, जानिए आज के भाव

नई दिल्ली। युद्ध के बीच आज एमसीएक्स पर चांदी के दाम में गिरावट आई है, जबकि सोने की कीमतों में तीसरे दिन भी तेजी जारी रही। मुनाफावसूली के चलते चांदी की कीमतें घट गईं। वहीं, मध्य पूर्व में तनाव समाप्त होने की संभावना से निवेशकों की धारणा बेहतर हुई और अमेरिकी डॉलर के कमजोर होने से सोने को समर्थन मिला।

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सुबह चांदी का भाव 1% टूटकर 2,38,501 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया। वहीं, सोने की कीमत में 0.73% की बढ़त दर्ज की गई और यह 1,51,870 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने-चांदी के भाव
अंतरराष्ट्रीय बाजारों की बात करें तो यहां भी गोल्ड के रेट में बढ़त है। पिछले सत्र में 3.5% की तेजी के बाद सोना आज 1.2% चढ़कर 4,700 डॉलर प्रति औंस के पार निकल गया। हालांकि, यहां भी चांदी की चाल इससे उलट रही और यह 0.9% गिरकर 74.50 डॉलर प्रति औंस पर आ गई।

कीमतों में उतार-चढ़ाव के कारण
गोल्ड-सिल्वर के रेट में ताजा उतार-चढ़ाव की मुख्य वजह अमेरिका और ईरान से मिले बयानों को माना जा रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि अमेरिका दो से तीन हफ्तों में ईरान के साथ युद्ध समाप्त कर लेगा। इससे संकेत मिलता है कि अमेरिका अपने प्रमुख सैन्य उद्देश्यों को काफी हद तक हासिल मान रहा है।

Stock Market में तूफानी तेजी, निवेशकों को 13 लाख करोड़ रुपये का फायदा

नई दिल्ली। Stock Market Update: एशियाई बाजारों से पॉजिटिव रुख के बीच भारतीय शेयर बाजार नए वित्त वर्ष 2026-27 के पहले दिन यानी बुधवार (1 अप्रैल) को बढ़त के साथ खुले। अरसे बाद शेयर मार्केट में रौनक लौटी है। सेंसेक्स-निफ्टी में तूफानी तेजी से निवेशकों को 13 लाख करोड़ रुपये का फायदा हुआ। 

सेंसेक्स और निफ्टी 50 दोनों में 2 प्रतिशत से अधिक की तेजी दर्ज की गई। सेंसेक्स 2,000 अंकों से अधिक उछलकर 73,965 के लेवल पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 50 में 600 अंकों से अधिक का उछाल देखा गया और यह 22,941 के डे हाई पर जा पहुंचा।

बीएसई के मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स में भी 4 प्रतिशत तक की तेजी आई। इस तेजी के चलते बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप 412 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 425 लाख करोड़ रुपये हो गया, जिससे निवेशकों को 13 लाख करोड़ रुपये का फायदा हुआ।

तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) 73,762 अंक पर खुला। जबकि सोमवार को यह 71,947 पर बंद हुआ था। सुबह 9:22 बजे यह 1830.45 अंक या 2.54 फीसदी की बढ़त लेकर 73,778 पर कारोबार कर रहा था।

इसी तरह, नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी-50 (Nifty-50) 22,899 पर खुला। यह सोमवार को 22,331 पर बंद हुआ था। सुबह 9:24 बजे यह 563.50 अंक या 2.52 प्रतिशत की जोरदार तेजी के साथ 22,894 पर ट्रेड कर रहा था।

अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने कहा कि अमेरिका-ईरान युद्ध दो या तीन हफ्तों में समाप्त हो सकता है। इसका बाजार के सेंटीमेंट्स पर पॉजिटिव असर पड़ा। बाजार में हालिया गिरावट के बाद निचले स्तर पर खरीदारी से भी सपोर्ट मिला है। इंडेक्स हैवीवेट एचडीएफ़सी बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज और एलएंडटी के शेयरों में तेजी से इंडेक्स को चढ़ने में मदद मिली।

ग्लोबल मार्केट के संकेत
एशियाई बाजारों में तेजी देखी गई। कोस्पी इंडेक्स सबसे आगे रहा और इसमें 5 प्रतिशत से अधिक की बढ़त दर्ज हुई। जापान का निक्केई 225 और चीन का सीएसआई 300 क्रमशः 3.9 प्रतिशत और 1.3 प्रतिशत ऊपर कारोबार कर रहे थे।

अमेरिकी शेयर बाजारों में एसएंडपी 500 और डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज में क्रमशः 2.5 प्रतिशत और 2.9 प्रतिशत की तेजी आई। नैस्डैक कंपोजिट 3.8 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ। आंकड़ों के अनुसार, अमेरिका में कच्चे तेल का उत्पादन फरवरी 2025 के बाद सबसे ज्यादा घटा है।

LPG सिलेंडर फिर हुआ महंगा, चार महीने में दाम 500 रुपये तक बढ़ गए

नई दिल्ली। LPG Cylinder Price: ईरान-इजरायल युद्ध के बीच एक बार फिर से एलपीजी सिलेंडर के दाम में तगड़ी बढ़ोतरी हुई है। सरकारी पेट्रोलियम कंपनियों IOC, HPCL और BPCL ने आज से 19 किलो गैस वाले कॉमर्शियल या हलवाई सिलेंडर के दाम में भारी बढ़ोतरी कर दी है। हालांकि 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडरों के दाम में कोई बढ़ोतरी नहीं हई है। इसके दाम बीते 7 मार्च को बढ़ाए गए थे।

इंडियन ऑयल (IOCL), हिन्दुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) और भारत पेट्रोलियम (BPCL) ने आज इन एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 310 रुपये की तगड़ी बढ़ोतरी की है। अब दिल्ली में इस सिलेंडर की रिफिल 2078.50 रुपये में मिलेगी।

कल तक इसके दाम 1768.50 रुपये थे। नया दाम बुधवार से ही लागू हो गया है। यह लगातार चौथा महीना है जबकि इस सिलेंडर के दाम बढ़े हैं। इससे एक महीने पहले यानी एक मार्च को इसमें 28 रुपये, पहली फरवरी से इसके दाम में 49 रुपये और पहली जनवरी से इसके दाम में 111 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। मतलब कि चार ही महीने में यह 498 रुपये महंगा हो गया है।

देश के चार महानगरों में दाम
सरकारी कंपनी इंडियन ऑयल (IOC) की वेबसाइट से मिली जानकारी के अनुसार दिल्ली में अब 19 किलो वाले हलवाई या कामर्शियल गैस सिलेंडर का दाम 2078.50 रुपये का हो गया है। कोलकाता में आज से 19 किलो वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमत 2208.00 रुपये हो गई है। मुंबई में यह 2031.00 रुपये में मिलेगा। दक्षिण भारत के चेन्नई में इसका रेट बढ़ा कर 2246.50 रुपये किया गया है।

घरेलू सिलेंडर के दाम नहीं बढे
घरों में इस्तेमाल होने वाले 14.2 किलो के एलपीजी सिलेंडर की कीमत में आज कोई बदलाव नहीं किया गया है। अभी बीते सात मार्च को ही इस सिलेंडर के कीमतों में 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। तब दिल्ली में आम उपभोक्ताओं के लिए इसकी कीमत 853 से बढ़ कर 913 रुपये हो गई थी। इसी दाम को भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम भी फॉलो करती हैं।

Income Tax रिटर्न के लिए नए फॉर्म जारी, जानिए किसके लिए कौन सा सही है

कोटा। इनकम टैक्स विभाग ने असेसमेंट ईयर 2026-27 के लिए सभी इनकम टैक्स रिटर्न फॉर्म नोटिफाई कर दिए हैं। 1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 तक की अवधि में हुई कमाई से जुड़ा रिटर्न इन फॉर्म्स के जरिए भरा जाएगा। इंडिविजुअल्स के लिए ITR फाइल करने की आखिरी तारीख 31 जुलाई है। यही डेडलाइन उनके लिए भी है, जिनके खातों के ऑडिट की जरूरत न हो।

इस बार ITR-1 फॉर्म यानी सहज में ही दो प्रॉपर्टी तक से इनकम की जानकारी दी जा सकती है। अभी तक इसके लिए ITR-2 या ITR-3 का उपयोग करना होता था। ITR-1 और ITR-4 को सोमवार को नोटिफाई किया गया था। ITR-2, 3, 5, 6, 7 और अपडेटेड रिटर्न के लिए ITR-U को मंगलवार को नोटिफाई किया गया।

कौन-सा फॉर्म किसके लिए

  • ITR-1 फॉर्म
    इसे सहज फॉर्म भी कहते हैं। यह उनके लिए है, जिनकी सालाना आमदनी 50 लाख रुपये तक हो।साथ इसे वे भी भर सकते हैं जिनकी आमदनी सैलरी, टू हाउस प्रॉपर्टी, अन्य स्रोतों (इंटरेस्ट) से हो और खेती-बाड़ी से साल में 5000 रुपये तक की कमाई रही हो। बिजनेस या प्रफेशन से कमाई पर यह फॉर्म नहीं भरा जा सकता है।
  • ITR-2 फॉर्म
    ITR-2 का उपयोग ऐसे इंडिविजुअल या HUF कर सकते हैं, जो सहज फॉर्म भरने लायक न हो।
    उनको बिजनेस या प्रफेशन के प्रॉफिट से इनकम न हो, लेकिन कैपिटल गैस से इनकम हो।
  • ITR-3 फॉर्म
    यह ऐसे इंडिविजुअल्स और HUF के लिए है, जिन्हें प्रोपराइटरी बिजनेस या प्रफेशन से इनकम हो।
  • ITR-4 फॉर्म
    ITR-4 यानी सुगम फॉर्म रेजिडेंट इंडिविजुअल्स, HUF और फर्म्स के लिए है, जिनकी कुल आमदनी 50 लाख रुपये तक हो और जो प्रीजम्प्टिव टैक्सेशन स्कीम चुनें।

ITR-5, ITR-6 और ITR-7 फॉर्म

  • ITR-5 फॉर्म फर्मों और लिमिटेड लायबिलिटी पार्टनरशिप और कोऑपरेटिव सोसायटीज के लिए है।
  • ITR-6 कंपनीज एक्ट के तहत रजिस्टर्ड कंपनियों के लिए है।
  • ITR-7 फॉर्म ट्रस्टों और चैरिटेबल इंस्टिट्यूशंस के लिए है।

31 मार्च 2025 को पूरे हुए वित्त वर्ष के लिए रिटर्न 31 दिसंबर 2025 तक रिवाइज हो सकता था। फाइनेंस बिल में कहा गया कि इसे 31 मार्च 2026 तक रिवाइज किया जा सकता है। लेकिन पोर्टल पर यूटिलिटी 31 मार्च तक नहीं आई। किसी को रिवाइज करना भी रहा हो, तो वह नहीं कर पाया होगा।
मिलिंद विजयवर्गीय, सीनियर चार्टर्ड अकाउंटेंट

ITR भरना किसके लिए जरूरी

  • ओल्ड रिजीम में ढाई लाख और न्यू टैक्स रिजीम में 4 लाख रुपये तक टैक्स नहीं लगने की लिमिट से नीचे जिनकी कमाई हो, उन्हें भी कुछ मामलों में ITR भरना होता है।
  • अगर ऐसे व्यक्ति के PAN पर साल में 25000 रुपये से ज्यादा का TDS कटा हो या उनके करंट अकाउंट में 1 करोड़ रुपये से ज्यादा जमा हो, विदेश यात्रा में 2 लाख रुपये से ज्यादा खर्च किए हों, तो उन्हें ITR भरना होता है।