हिंडनबर्ग रिपोर्ट का कहर जारी, अडानी ग्रुप के दो शेयरों में लगा लोअर सर्किट

161

नई दिल्ली। अमेरिकी रिसर्च फर्म हिंडनबर्ग रिसर्च के कहर से अडानी ग्रुप अभी तक निकल नहीं पाया है। शेयर बाजार में आज भी अडानी ग्रुप के दो शेयरों (Adani Group Shares) में लोअर सर्किट देखा गया। अडानी ग्रुप के चार शेयरों में गिरावट देखी गई। इन शेयरों में अडानी ट्रांसमिशन, अडानी टोटल गैस, एसीसी और अडानी एंटरप्राइजेज शामिल हैं। 24 जनवरी 2023 को अमेरिकी रिसर्च फर्म ने अपनी रिपोर्ट पेश की थी।

इस रिपोर्ट में अडानी ग्रुप पर कई गंभीर आरोप लगाए गए थे। हालांकि अडानी ग्रुप ने इन सभी आरोपों को खारिज कर दिया था। इस रिपोर्ट के आने के बाद से अडानी ग्रुप के शेयरों में लगातार गिरावट देखी जा रही है। अडानी ग्रुप का मार्केट कैप भी 120 अरब डॉलर से ज्यादा कम हो गया है।

अडानी ग्रुप के साथ गौतम अडानी की नेटवर्थ भी काफी कम हुई है। कभी दुनिया के अमीरों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर पहुंचे अडानी आज लुढ़कर 24 वें नंबर पर पहुंच गए हैं। वहीं अडानी ग्रुप के शेयरों में अभी भी गिरावट बनी हुई है। आईए आपको बताते हैं आज अडानी ग्रुप के शेयरों (Adani Group Shares) का क्या हाल रहा।

इन शेयरों में रही गिरावट
आज यानी शुक्रवार को अडानी ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी अडानी एंटरप्राइजेज का शेयर में गिरावट देखी गई। यह शेयर सुबह 1,800 रुपये के स्तर पर खुला था। इसके बाद शेयर में गिरावट देखी गई। एक समय यह 1703 रुपये के लोअर लेवल पर भी पहुंचा। यह शेयर गिरावट के साथ 1719 रुपये के स्तर पर बंद हुआ। एसीसी के शेयर में भी आज गिरावट देखने को मिली। यह शेयर सुबह 1840 रुपये के स्तर पर खुला था। इसके बाद यह लाल निशान पर नजर आया। यह शेयर भी गिरावट के साथ 1834.95 रुपये के स्तर पर बंद हुआ है।

आज अडानी टोटल गैस के शेयर में लोअर सर्किट देखा गया। यह शेयर सुबह 992 रुपये के भाव पर खुला था। इसके बाद इसमें गिरावट देखी गई। इसके बाद इसमें 5 फीसदी की गिरावट के साथ लोअर सर्किट लग गया। यह शेयर लोअर सर्किट के साथ 971.50 रुपये के स्तर पर बंद हुआ है। अडानी ट्रांसमिशन के शेयर में भी आज बिकवाली हावी रही। यह शेयर भी लोअर सर्किट पर बंद हुआ है। सुबह यह 953.05 रुपये के स्तर पर खुला था। इसके बाद यह लाल निशान पर नजर आया। यह शेयर बाद में 5 फीसदी की गिरावट के साथ अपने लोअर सर्किट पर पहुंच गया। अडानी ट्रांसमिशन का शेयर आज 920.15 रुपये के भाव पर बंद हुआ है।

अडानी ग्रुप के इन शेयरों में रही तेजी
अडानी ग्रुप के कई शेयरों में आज तेजी भी देखी गई है। इसमें अडानी विल्मर का शेयर भी शामिल है। यह शेयर सुबह 422.10 रुपये के स्तर पर खुला था। इसके बाद इसमें तेजी देखी गई। यह शेयर 5 फीसदी की तेजी के साथ अपने अपर सर्किट पर पहुंच गया। अडानी विल्मर अपर सर्किट के बीच 438.25 रुपये के स्तर पर बंद हुआ है। अडानी पॉवर के शेयर में भी आज तेजी देखी गई। कई दिनों से अडानी पॉवर के शेयर में गिरावट देखी जा रही थी। आज अडानी पॉवर के शेयर हरे निशान पर नजर आए। यह चार फीसदी से ज्यादा की तेजी के साथ 155.15 रुपये के स्तर पर बंद हुए हैं। इसी के साथ अंबुजा सीमेंट, अडानी ग्रीन एनर्जी, अडानी पोर्ट्स के शेयरों में भी सुबह से तेजी देखने को मिली। यह शेयर हरे निशान पर बंद हुए हैं।