वुमन ऑन व्हील्स: महिला कार रैली में दिखी भारत के विविध प्रांतों की झलक

265

कोटा। Woman on Wheels: रोटरी क्लब कोटा की ओर से महिला कार रैली का आयोजन किया गया। रैली को डॉ. संगीता सक्सेना एवं बैंक ऑफ़ इंडिया की मैनेजर दीपिका जैन ने हरी झंडी दिखाकर मल्टीपरपज स्कूल से रवाना किया। क्लब अध्यक्ष वैशाली भार्गव ने बताया कि रैली का उद्देश्य लोगों को ट्रेफिक नियम के लिए जागरूक करना है। 

कार रैली में शामिल सभी महिलाएं एवं कारें भारत के अलग अलग प्रांतों की थीम पर तैयार की गयी थी। कोई गोवा के बीच जैसी थी, तो कोई गुजराती गरबे की तरह, कोई राजस्थानी पधारों म्हारे देश.. की तो कोई पंजाबी भांगड़े की थीम पर सजी थी। रैली में महिला सशक्तिकरण का संदेश देती हुई पिंक रन पर और तिरंगे झंडे का सन्देश देती कार भी शामिल थी। रैली की खास बात यह थी कि रैली में शामिल सभी कार चालक एवं सहभागी महिलाएं थीं। जो अपनी अपनी कार की थीम पर तैयार हो कर आयी थी। 

यातायात नियमों की पालना के उद्देश्य से आयोजित रैली में सभी को यातायात नियमों की प्रति बांटी गई। साथ ही, सभी कारों पर यातायात सावधानियों के नियम भी चस्पा थे। क्लब सचिव मुकेश व्यास ने बताया कि  रैली में 35 कारें शामिल हुईं। जिसमें 110 महिलाओं ने शामिल होकर रैली का प्रतिनिधित्व किया। यह रैली 25 किमी का सफर तय कर मल्टीपरपज स्कूल गुमानपुरा से शुरू होकर किशोरसागर तालाब की पाल पर बारहदरी में संपन्न हुई। 

बारहदरी पर आयोजित समापन कार्यक्रम में सर्वश्रेष्ठ सजी धजी कार को मुख्य अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया। रैली के साथ साथ चल रहे देश भक्ति गीतों ने सभी में राष्ट्रभक्ति का जोश भर दिया। प्रवक्ता संजय गोयल ने बताया कि रैली में वैशाली भार्गव, शिखा गुप्ता, पूनम गोयल, वीणा जैन, प्रीती राठी, मनीषा मुक्तावत, रीमा गुप्ता, गुरप्रीत आनंद, रजनी मित्तल, प्रज्ञा मेहता, सरोज लाहोटी, नीता मित्तल, मनीषा व्यास,  नीता जैन, ममता खंडेलवाल एवं डॉ. अर्चना मीणा ने अपने टीम के साथ भाग लिया।