रणोत्सव वॉल्यूम-3.0: देशभर के बाइकर्स 5 सितंबर से कोटा में होंगे जमा

0
4

कोटा। Ranotsav Volume 3.0: क्लब रोअरिंग हॉक्स एवं व्हील्स ऑफ राजस्थान के संयुक्त तत्वावधान में राजस्थान के प्रतिष्ठित मोटरसाइकिल एवं एडवेंचर फेस्टिवल ‘रणोत्सव वॉल्यूम-3.0’ का आयोजन 5 से 7 सितंबर तक कोटा में किया जाएगा।

तीन दिवसीय इस महोत्सव में देशभर से सैकड़ों बाइकर्स, राइडिंग क्लब, ट्रैवल क्रिएटर्स, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स एवं मोटरसाइकिल प्रेमियों के शामिल होने की उम्मीद है।

आयोजन के पोस्टर का विमोचन बुधवार को कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव एवं होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी द्वारा किया गया।

इस अवसर पर माहेश्वरी ने कहा कि कोटा व्यापार महासंघ एवं होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन इस आयोजन को सफल बनाने में अपना पूरा सहयोग प्रदान कर रही हैं।

रणोत्सव का उद्देश्य देशभर से आने वाले बाइकर्स को हाड़ौती के पर्यटन स्थलों का भ्रमण करवाना तथा उनके माध्यम से कोटा के पर्यटन स्थलों का राष्ट्रीय स्तर पर प्रचार- प्रसार करना है।

उन्होंने कहा कि इस आयोजन में देशभर से 20 से अधिक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स भी शामिल होंगे, जो आयोजन के साथ-साथ कोटा और हाड़ौती की पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रचारित करेंगे।

उन्होंने आयोजन को सफल बनाने के लिए गौरव सोनी, जितेन्द्र बेदी एवं उनकी पूरी टीम के प्रयासों की सराहना की, जो पिछले छह माह से इसकी तैयारियों में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि रणोत्सव कोटा के लिए एक अनूठा और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण आयोजन साबित होगा।

क्लब रोअरिंग हॉक्स के प्रतिनिधि गौरव सोनी एवं जितेन्द्र बेदी ने बताया कि रणोत्सव का उद्देश्य केवल बाइक राइड तक सीमित नहीं है, बल्कि राजस्थान की समृद्ध संस्कृति, हाड़ौती क्षेत्र के प्राकृतिक एवं ऐतिहासिक पर्यटन स्थलों और जिम्मेदार मोटरसाइकिल पर्यटन को बढ़ावा देना भी है। इस आयोजन के माध्यम से कोटा एवं आसपास के पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों के लिए चंबल रिवर फ्रंट, रावतभाटा, पाड़ाझर वॉटरफॉल एवं गडरिया महादेव सहित विभिन्न पर्यटन स्थलों की विशेष राइड आयोजित की जाएगी।

इसके साथ ही राजस्थान की लोक संस्कृति से रूबरू कराने के लिए लोक नृत्य, मंगणियार कलाकारों की प्रस्तुतियां, सूफी एवं लाइव म्यूजिक, डीजे नाइट, बोनफायर, बाइक डिस्प्ले, मोटरसाइकिल स्टंट शो, विभिन्न प्रतियोगिताएं तथा महिला प्रतिभागियों के लिए विशेष गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

आयोजकों के अनुसार “रणोत्सव” राजस्थान के प्रमुख बाइकिंग आयोजनों में अपनी विशेष पहचान बना चुका है। इस वर्ष देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में राइडर्स के शामिल होने की संभावना है। आयोजन के माध्यम से बाइकर्स को सुरक्षित एवं जिम्मेदार राइडिंग का संदेश देते हुए “Ride Safe, Ride Responsible” का संदेश भी दिया जाएगा।

क्लब रोअरिंग हॉक्स के प्रतिनिधियों ने कहा कि रणोत्सव वॉल्यूम-3.0 रोमांच, पर्यटन, संस्कृति और भाईचारे का अनूठा संगम होगा। उन्होंने देशभर के बाइकर्स, राइडिंग क्लबों, ट्रैवल प्रेमियों, युवाओं एवं आमजन से इस भव्य आयोजन का हिस्सा बनने का आग्रह किया।