बाजार में हाहाकार, सेंसेक्स 888 अंक टूटकर 66700 से नीचे बंद, निफ्टी 19745 पर

83

मुंबई। Stock Market News: निवेशकों की मुनाफावसूली से हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शेयर बाजार में बड़ी गिरावट से हाहाकार मच गया। शुक्रवार को सेंसेक्स 887.64 (1.31%) अंकों की गिरावट के साथ 66,684.26 अंकों के लेवल पर बंद हुआ, वहीं दूसरी ओर निफ्टी 234.15 (1.17%) अंक फिसलकर 19,745 के स्तर पर बंद हुआ।

हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयरों में चार प्रतिशत जबकि रिलायंस के शेयरों में दो प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार को इंट्राडे कारोबार के दौरान सेंसेक्स में 1000 अंकों तक की गिरावट दर्ज की गई।

सेंसेक्स की बात करें तो ट्रेडिंग के दौरान 66,533.74 अंक के निचले स्तर तक आ गया। यह एक दिन पहले के मुकाबले सेंसेक्स में 1000 अंकों की गिरावट देखी गई। कारोबार के अंत में बीएसई सेंसेक्स 887.64 अंक लुढ़क कर 66,684.26 और एनएसई निफ्टी 234.15 अंक की बड़ी गिरावट के साथ 19,745 अंक पर बंद हुआ।

आईटी शेयरों में गिरावट: इंडेक्स की लार्ज कैप आईटी कंपनियों के शेयरों में गिरावट की वजह से सेंसेक्स और निफ्टी भी धराशायी हो गए। आईटी कंपनी इंफोसिस ने जून तिमाही के नतीजे जारी किए हैं। इस तिमाही में कंपनी ने रेवेन्यू अनुमानों में कटौती की है। इस वजह से निवेशकों का मूड खराब है। बीते गुरुवार को अमेरिकन डिपॉजिटरी रिसीट यानी एडीआर में भी बड़ी गिरावट देखने को मिली।

भारत के बाजार में इंफोसिस 11 प्रतिशत तक टूट गया। इंफोसिस के रेवेन्यू अनुमानों में कटौती से दूसरे आईटी शेयर पर दांव लगाने वाले निवेशकों को भी डर लगा है। यही वजह है कि विप्रो, टीसीएस, टेक महिंद्रा जैसी आईटी कंपनियों के शेयर में भी बड़ी गिरावट आई है।

रिलायंस का असर: हैवीवेट शेयर रिलायंस इंडस्ट्रीज में आई भारी गिरावट का असर भी बाजार पर पड़ा है। दरअसल, रिलायंस इंडस्ट्रीज ने जियो फाइनेंशियल सर्विसेज के कारोबार को अलग कर दिया है। इसके बाद शुक्रवार को रिलायंस इंडस्ट्रीज की ट्रेडिंग का पहला दिन था। ऐसे में कई दिन से मुनाफावसूली का इंतजार कर रहे निवेशकों ने शेयरों की बिक्री कर दी।

मुनाफावसूली: लगातार बढ़त का रिकॉर्ड बना रहे शेयर बाजार में मुनाफावसूली के कयास पहले से ही लगाए जा रहे थे। शुक्रवार को भारी मुनाफावसूली की वजह से बाजार बुरी तरह क्रैश हो गया।