फॉरेक्स रिजर्व पहली बार 460 अरब डॉलर के पार

698

नई दिल्ली। देश का विदेशी पूंजी भंडार (फॉरेक्स रिजर्व) लगातार 15वें सप्ताह बढ़ता हुआ 03 जनवरी 2020 को समाप्त सप्ताह में पहली बार 360 अरब डॉलर के पार पहुँच गया। भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, 03 जनवरी को समाप्त सप्ताह में फॉरेक्स भंडार 3.69 अरब डॉलर बढ़कर 461.16 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुँच गया।

इससे पहले 27 दिसंबर 2019 को समाप्त सप्ताह में यह 2.52 अरब डॉलर बढ़कर 457.47 अरब डॉलर रहा था। फॉरेक्स रिजर्व देश की एक बड़ी आर्थिक ताकत है। किसी भी झटके के कारण रुपए में आने वाली कमजोरी को संभालने में इससे बड़ी मदद मिलती है।

विदेशी मुद्रा भंडार 427.95 अरब डॉलर पर
फॉरेक्स रिजर्व के सबसे बड़े घटक विदेशी मुद्रा भंडार में 03 जनवरी को समाप्त सप्ताह के दौरान 3.01 अरब डॉलर की वृद्धि हुई और सप्ताहांत पर यह 427.95 अरब डॉलर पर रहा। स्वर्ण भंडार भी 66.6 करोड़ डॉलर बढ़कर 28.06 अरब डॉलर हो गया।

आलोच्य सप्ताह के दौरान अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के पास आरक्षित निधि 30 लाख डॉलर बढ़कर तीन अरब 70 करोड़ 30 लाख डॉलर पर और विशेष आहरण अधिकार 70 लाख डॉलर की वृद्धि के साथ एक अरब 44 करोड़ 70 लाख डॉलर पर रहा।