दूध विक्रेता निकला पेपर लीक गिरोह का एजेंट, 14 लाख में बेचता था सॉल्वड पेपर

0
5

जयपुर। राजस्थान पुलिस के विशेष अभियान समूह (SOG) ने जेईएन भर्ती परीक्षा-2020 पेपर लीक मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है।

एसओजी के हत्थे चढ़ा अभिषेक खंडेलवाल (32) जयपुर के मानसरोवर इलाके में घर-घर दूध सप्लाई करता था। जांच में सामने आया है कि वह पेपर लीक गिरोह के लिए एजेंट के तौर पर काम कर रहा था और अभ्यर्थियों को 14-14 लाख रुपये में हल किया हुआ प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने का सौदा करता था।

एसओजी के मुताबिक अभिषेक मूल रूप से दौसा जिले के सैंथल थाना क्षेत्र के जसोता मेसरा गांव का रहने वाला है। वह जयपुर के मानसरोवर में न्यू सांगानेर रोड स्थित राजीव विहार कॉलोनी में किराए के मकान में रहता था।

मानसरोवर क्षेत्र में दूध सप्लाई के दौरान उसकी पहचान पेपर लीक गिरोह के आरोपी भीमसिंह यादव से हुई। जांच में सामने आया कि भीमसिंह की पहले से अभिषेक के छोटे भाई से पहचान थी। उसका भाई शराब के एक ठेके पर सेल्स मैनेजर के रूप में काम करता था।

एसओजी की जांच के अनुसार भीमसिंह यादव ने भूपेंद्र सारण के साथ मिलकर जेईएन भर्ती परीक्षा-2020 का पेपर लीक किया था। भीमसिंह के संपर्क में आने के बाद अभिषेक भी इस नेटवर्क में एजेंट के तौर पर शामिल हो गया।

आरोप है कि अभिषेक ने कई अभ्यर्थियों से संपर्क किया और उन्हें 14 लाख रुपये में सॉल्वड पेपर उपलब्ध कराने का भरोसा दिया। अभ्यर्थियों को परीक्षा से पहले पेपर पढ़ाने और ठहराने के लिए उसने मानसरोवर में एक मकान किराए पर लिया था। एसओजी के मुताबिक इसी जगह गिरोह के सदस्यों ने अभ्यर्थियों को हल किया हुआ प्रश्नपत्र याद कराया था।