राज्यसभा सांसद पूनिया ने किया हाड़ोती के पर्यटन स्थलों की सेवीनियर का विमोचन
नई दिल्ली/ कोटा। दिल्ली के भारत मंडपम में 12 से 15 अगस्त तक कैट द्वारा आयोजित भारतीय व्यापार महोत्सव-2026 में भाग लेने गई कोटा की कैट एवं होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन की टीम ने हाड़ोती के पर्यटन विकास को राष्ट्रीय स्तर पर प्रचारित करने एवं पर्यटन की मार्केटिंग के उद्देश्य से सक्रिय भागीदारी निभाई।
राजस्थान कैट के सचिव एवं होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी, कैट राजस्थान के कार्यकारी अध्यक्ष मनोज गोयल, कैट कोटा जिला अध्यक्ष अनिल मूंदड़ा एवं कैट कोटा महिला विंग की अध्यक्ष नीलिमा विजय ने भारत मंडपम में आने वाले हजारों विजिटर्स एवं विभिन्न स्टॉल संचालकों से संपर्क कर उन्हें हाड़ोती के पर्यटन स्थलों की जानकारी देते हुए हाड़ोती भ्रमण का आमंत्रण दिया।

कोटा डिवीजन के अध्यक्ष माहेश्वरी ने बताया कि विशेष रूप से हाड़ोती पर्यटन पर तैयार की गई प्रचार-प्रसार सामग्री एवं सेवीनियर का विमोचन राज्यसभा सांसद सतीश पूनिया द्वारा भारत मंडपम में किया गया।
इस अवसर पर कोटा से मुकेश विजय तथा दी एसएसआई एसोसिएशन के पदाधिकारी के.पी. सिंह, पूर्व सचिव अक्षय सिंह सहित अनेक उद्यमी एवं व्यापारी प्रतिनिधि मौजूद रहे।
माहेश्वरी ने बताया कि देश में पहली बार आयोजित भारतीय व्यापार महोत्सव की भव्यता एवं आयोजन का स्वरूप अनूठा है। इसमें देशभर के भारतीय उत्पादों के साथ-साथ भारतीय पर्यटन का भी व्यापक प्रदर्शन किया जा रहा है।
यह महोत्सव स्वदेशी उत्पादन एवं स्वदेशी पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है, जिसमें देशभर से बड़ी संख्या में व्यापारी एवं उद्यमी भाग ले रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कैट के राष्ट्रीय महासचिव प्रवीण खंडेलवाल के नेतृत्व में भारतीय व्यापार, स्वदेशी उत्पादों, स्वदेशी पर्यटन एवं मेक इन इंडिया को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं।
कैट द्वारा लंबे समय से देश के व्यापार एवं उद्योग को मजबूत बनाने के साथ भारतीय उत्पादों एवं पर्यटन को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
माहेश्वरी ने बताया कि कोटा से गई टीम द्वारा भारतीय व्यापार महोत्सव में कोटा के प्रसिद्ध उत्पादों का भी प्रदर्शन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कोटा की टीम 12 से 15 अगस्त तक इस आयोजन में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए हाड़ोती के पर्यटन एवं स्थानीय उत्पादों का राष्ट्रीय स्तर पर मार्केटिंग करेगी।

