टेंट एवं डेकोर एक्सपो से कोटा के व्यापार एवं पर्यटन को मिली नई पहचान: राजेश बिरला

0
41
  • 40 हजार से अधिक लोगों ने किया स्टॉलों का अवलोकन: डॉ. रवि जिंदल
  • दो हजार करोड़ रुपये से अधिक का व्यापार एवं ऑर्डर: रासबिहारी शर्मा

कोटा। राजस्थान टेंट डीलर्स किराया व्यवसायी समिति के तत्वावधान में दशहरा मैदान में आयोजित तीन दिवसीय टेंट एंड डेकोर एक्सपो एवं 16वें प्रांतीय महाधिवेशन का भव्य समापन मंगलवार को हो गया। समारोह के मुख्य अतिथि कोटा नागरिक सहकारी बैंक, माहेश्वरी समाज एवं रेडक्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष राजेश बिरला रहे।

समारोह की अध्यक्षता कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव एवं होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने की। इस अवसर पर ऑल इंडिया टेन्ट डीलर समिति, राजस्थान टेन्ट डीलर्स किराया व्यवसायी समिति एवं हाड़ोती कोटा टेन्ट डीलर्स समिति के पदाधिकारियों ने दोनों अतिथियों का माला दुपट्टा एवं मोमेन्टो देकर सम्मानित किया।

समारोह को संबोधित करते हुए ऑल इंडिया टेंट डीलर्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रवि जिंदल ने कहा कि 16वां प्रांतीय महाधिवेशन बेहद सफल, अभूतपूर्व और ऐतिहासिक रहा। देशभर से 40 हजार से अधिक प्रतिभागियों एवं विजिटर्स ने इसमें भाग लिया।

देश के 26 राज्यों से आए करीब 15 हजार व्यापारियों ने अपने उत्पादों का प्रदर्शन एवं बिक्री की। वहीं 18 राज्यों के टेंट डीलर्स संगठनों के पदाधिकारियों ने भी महाअधिवेशन में सक्रिय भागीदारी निभाई।

राजस्थान टेंट डीलर्स किराया व्यवसायी समिति के प्रदेश अध्यक्ष रासबिहारी शर्मा ने कहा कि पिछले डेढ़ वर्ष से कोटा टेंट डीलर्स समिति की पूरी टीम इस आयोजन की तैयारियों में जुटी हुई थी। मुख्य सलाहकार राजेंद्र सिंह राजावत, अध्यक्ष सौरभ पोरवाल, आयोजन संयोजक दीपक सिंघल, सचिव गुरमीत सिंह सन्नी, कोषाध्यक्ष मोहरमन सिंह, उपाध्यक्ष रईस भाई तथा संगठन मंत्री सुरेश चित्तौड़ा सहित पूरी टीम ने देशभर में संपर्क कर आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

उन्होंने कहा कि कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी ने आयोजन स्थल उपलब्ध कराने से लेकर संपूर्ण आयोजन की कार्ययोजना तैयार करने तक लगातार मार्गदर्शन एवं सहयोग दिया। राजस्थान टेंट डीलर्स किराया व्यवसायी समिति उनके इस सहयोग को हमेशा याद रखेगी।

उन्होंने बताया कि तीन दिनों में महाधिवेशन में करीब 2 हजार करोड़ रुपये का व्यापार एवं ऑर्डर हुए। वेडिंग, इवेंट, टेंट, फर्नीचर, कैटरिंग सहित विभिन्न क्षेत्रों के उत्पादों की आकर्षक प्रदर्शनी एवं बिक्री की गई। देशभर से आए व्यापारियों ने यहां बड़ी संख्या में खरीदारी की, जो टेंट एवं डेकोर व्यवसाय तथा कोटा के लिए एक सकारात्मक संकेत है।

मुख्य अतिथि राजेश बिरला ने कहा कि कोटा में पहली बार इतने बड़े स्तर पर इस प्रकार के महाधिवेशन का आयोजन हुआ है। यह राज्य स्तरीय आयोजन कोटा की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करने वाला साबित हुआ है।

उन्होंने कहा कि इस तरह के बड़े आयोजनों से शहर की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर बनती है और रोजगार एवं व्यवसाय के नए अवसर उपलब्ध होते हैं। तीन दिनों में करीब 2 हजार करोड़ रुपये का कारोबार एवं ऑर्डर होना कोटा के लिए बड़ी उपलब्धि है।

उन्होंने ऑल इंडिया टेंट डीलर्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रवि जिंदल, प्रदेश अध्यक्ष रासबिहारी शर्मा, कोटा टेंट डीलर्स समिति के पदाधिकारियों तथा कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी के प्रयासों की सराहना की।

कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव एवं होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष माहेश्वरी ने कहा कि इस महाधिवेशन को सफल बनाने में कोटा व्यापार महासंघ की 170 सदस्य संस्थाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

पिछले दो माह से कोटा टेंट डीलर्स समिति के साथ मिलकर आयोजन को मूर्त रूप देने के लिए लगातार प्रयास किए गए। माहेश्वरी ने बताया देशभर से 250 से अधिक बाइक राइडर्स कोटा पहुंचे, जिन्होंने हाड़ौती के पर्यटन स्थलों एवं शहर का मोटरसाइकिल राइडिंग के माध्यम से भ्रमण किया।

माहेश्वरी ने कहा कि कोटा व्यापार महासंघ एवं होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन पिछले दो वर्षों से कोटा-हाड़ौती के व्यापार, उद्योग एवं पर्यटन के प्रमोशन के मिशन पर कार्य कर रहे हैं।

इसी क्रम में करीब डेढ़ वर्ष पूर्व टेंट व्यवसायियों के एक समारोह में कोटा व्यापार महासंघ द्वारा राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रवि जिंदल से इस महाधिवेशन को कोटा में आयोजित करने का आग्रह किया गया था, जिस पर उन्होंने अपनी सहमति प्रदान की थी।

उन्होंने बताया कि हाड़ौती के पर्यटन, उत्पाद, व्यापार एवं उद्योग की जानकारी देशभर से आए लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से महाधिवेशन में कोटा व्यापार महासंघ की ओर से एक विशेष पंडाल लगाया गया। इसमें हाड़ौती के उत्पादन, उद्योग, व्यापार एवं पर्यटन से संबंधित प्रदर्शनी लगाई गई, जिसका 40 हजार से अधिक विजिटर्स ने अवलोकन किया।

इस पंडाल में कोटा नमकीन व्यापार समिति के संरक्षक रामनाथ सिंह, अध्यक्ष जगदीश गांधी, सचिव प्रमोद पुरसवानी, सचिव सुशील मित्तल एवं उनकी टीम द्वारा आगंतुकों को 50 हजार से अधिक नमकीन एवं कचौरी के पैकेट वितरित किए गए। आगंतुकों के लिए चाय-पानी की भी व्यवस्था की गई।

पंडाल में दी एसएसआई एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक मेहता एवं सचिव समीर सूद द्वारा औद्योगिक उत्पादों का प्रदर्शन तथा ब्रोशर के माध्यम से उद्योगों की जानकारी दी गई। वहीं चंबल फिल्म फेस्टिवल के अध्यक्ष कपिल सिद्धार्थ द्वारा हाड़ौती के प्रमुख पर्यटन स्थलों, कोटा हाड़ौती ट्रेवल मार्ट, मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व, फेम टूर एवं रोड शो से संबंधित डॉक्यूमेंट्री फिल्मों का एलईडी के माध्यम से प्रदर्शन किया गया।

माहेश्वरी ने बताया कि तीन दिनों में करीब 70 हजार लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई तथा 15 हजार से अधिक विजिटर्स के लिए हाड़ौती के पर्यटन स्थलों के भ्रमण की व्यवस्था की गई।

उन्होंने इस पूरे आयोजन में सहयोग देने के लिए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, जिला कलेक्टर, शहर पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, नगर निगम आयुक्त, नगर निगम के अधीक्षण अभियंता, कोटा विकास प्राधिकरण के आयुक्त, अतिरिक्त आयुक्त एवं सचिव सहित नगर निगम और प्रशासन की पूरी टीम का आभार व्यक्त किया।