मुंबई। अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर मुंबई में हुए हमले के मामले में अमृतसर से पिस्तौल भेजे जाने की जांच तेज हो गई है। दिल्ली पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद यह जानकारी सामने आई थी। स्थानीय पुलिस अब हथियारों की सप्लाई से जुड़ी कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।
पुलिस ने शहर के बाईपास क्षेत्र में लगे 400 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली हैं। इनमें दो से तीन संदिग्ध दिखाई दिए हैं। पंजाब पुलिस ने यह फुटेज दिल्ली और मुंबई पुलिस के साथ साझा की है। जांच के अनुसार, गैंगस्टर अनिल पंडित के निर्देश पर कुणाल और सुमित ने अमृतसर से पिस्तौल और 20 कारतूस लिए थे।
पुलिस इस हमले में इस्तेमाल हथियार की सप्लाई से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। जांच के दौरान पुलिस एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग एप के जरिये आरोपियों के बीच हुए संपर्क की जानकारी जुटा रही है। डेड लेटर बॉक्स के इस्तेमाल से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग मामले में हरियाणा के सोनीपत से गिरफ्तार आरोपियों अंकित खट्टर, समीर खत्री और जतिन पांचाल को मुंबई की कोर्ट में पेश किया गया। अदालत ने तीनों को 28 अक्तूबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, ये तीनों 18 अक्तूबर को मुंबई के जुहू इलाके में हुए हमले की साजिश में शामिल थे। ये आरोपी रसद जुटाने, पैसे ट्रांसफर करने और हथियार मुहैया कराने जैसे कामों में शामिल थे।
अंकित ने रेकी कर अन्य आरोपियों को जानकारी दी थी, जबकि जतिन और समीर ने वांछित आरोपी अनिल पंडित (लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े होने का संदेह) के साथ मिलकर हथियारों की खरीद-फरोख्त में अहम भूमिका निभाई थी। इस मामले में अब तक कुल 10 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।

