हाड़ौती को कर्नाटक के पर्यटन एवं डेस्टिनेशन वेडिंग सर्किट से जोड़ने पर बनी सहमति
कोटा। होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन द्वारा जनवरी 2027 में प्रस्तावित कोटा हाड़ौती ट्रेवल मार्ट-2 के प्रचार-प्रसार एवं देशभर के टूर ऑपरेटर्स को हाड़ौती से जोड़ने के उद्देश्य से कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में भव्य रोड शो का आयोजन किया गया।
रोड शो में कर्नाटक के 50 से अधिक प्रमुख टूर ऑपरेटर्स ने भाग लिया और जनवरी में आयोजित होने वाले कोटा हाड़ौती ट्रेवल मार्ट-2 में सहभागिता को लेकर उत्साह व्यक्त किया।
होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने बताया कि होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान एवं कोटा डिवीजन द्वारा कोटा हाड़ौती ट्रेवल मार्ट-2 को राष्ट्रीय स्तर पर प्रमोट करने के लिए विभिन्न राज्यों में रोड शो एवं अन्य प्रचार गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में बेंगलुरु में रोड शो का आयोजन किया गया।
होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के अध्यक्ष हुसैन खान ने बताया कि बेंगलुरु के एच.एस.आर. क्लब में आयोजित इस रोड शो में कर्नाटक टूर ऑपरेटर्स यूनियन के अध्यक्ष ए.वी. सतीश कुमार, जीटीटीएए (ग्लोबल टूरिज्म ट्रैवल एजेंट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया) के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार बेनेवाल सहित 50 से अधिक टूर ऑपरेटर्स एवं पर्यटन क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
उन्होंने बताया कि उपस्थित टूर ऑपरेटर्स ने जनवरी 2027 में आयोजित होने वाले कोटा हाड़ौती ट्रेवल मार्ट-2 में भाग लेने के लिए विशेष रुचि दिखाई। साथ ही कर्नाटक से राजस्थान आने वाले आगामी पर्यटक समूहों की आइटनरी में हाड़ौती क्षेत्र को शामिल करने तथा पर्यटकों को कोटा एवं हाड़ौती के पर्यटन स्थलों तक लाने का आश्वासन भी दिया।
रोड शो के दौरान हुसैन खान ने हाड़ौती क्षेत्र के प्रमुख पर्यटन स्थलों, ऐतिहासिक एवं विरासत स्थलों, प्राकृतिक पर्यटन स्थलों तथा कोटा की पर्यटन संभावनाओं के बारे में टूर ऑपरेटर्स को विस्तार से जानकारी दी।
हाड़ौती के पर्यटन स्थलों की जानकारी को टूर ऑपरेटर्स ने उत्साहपूर्वक सुना और तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया। इसका उद्देश्य यह है कि कर्नाटक के टूर ऑपरेटर्स राजस्थान आने वाले पर्यटकों को हाड़ौती के पर्यटन स्थलों की जानकारी देकर उन्हें अपने टूर पैकेज एवं इटिनरेरी में शामिल कर सकें।
माहेश्वरी ने बताया कि 11 सितम्बर को पुणे में भी होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान द्वारा रोड शो का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा 17, 18 एवं 19 सितम्बर को जयपुर में आयोजित होने वाले राजस्थान डोमेस्टिक ट्रेवल मार्ट RTDM में भी होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन द्वारा जनवरी 2027 में प्रस्तावित कोटा हाड़ौती ट्रेवल मार्ट-2 का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
माहेश्वरी ने कहा कि इस बार होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान का विशेष फोकस साउथ इंडिया पर रहेगा। कर्नाटक के साथ-साथ केरल एवं तमिलनाडु में भी रोड शो एवं अन्य प्रचार गतिविधियों के माध्यम से वहां के प्रमुख टूर ऑपरेटर्स, ट्रैवल एजेंट्स, वेडिंग इंडस्ट्री एवं डेस्टिनेशन प्लानर्स को कोटा हाड़ौती ट्रेवल मार्ट-2 से जोड़ा जाएगा।
उन्होंने कहा कि हाड़ौती को देश के प्रमुख पर्यटन एवं डेस्टिनेशन वेडिंग सर्किट से जोड़ने के लिए होटल फेडरेशन लगातार प्रयासरत है। दक्षिण भारत के पर्यटकों एवं वेडिंग इंडस्ट्री को हाड़ौती से जोड़ने से कोटा एवं पूरे हाड़ौती क्षेत्र में पर्यटन, होटल, ट्रैवल, परिवहन तथा अन्य पर्यटन आधारित व्यवसायों को नई संभावनाएं मिलेंगी।

