कोटा समेत राजस्थान के छह मुख्य शहरों में पारा 47 डिग्री से ऊपर

877

जयपुर। नौतपा भले ही रविवार को खत्म हो गया हो, लेकिन प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर जारी है। रविवार को चुरू में सर्वाधिक 48.9 डिग्री पारा दर्ज किया गया। एक दिन पहले शनिवार को चुरू में 50.8 डिग्री पारा था। हालांकि 1.9 डिग्री की गिरावट हुई, लेकिन गर्मी का असर कम नहीं हुआ। वहीं श्रीगंगानगर में 48.6 डिग्री पारा दर्ज किया गया।

कोटा समेत प्रदेश के छह मुख्य शहरों में तापमान 47 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। गर्मी को देखते हुए अभी भी मौसम विभाग ने 26 जिलों में दो दिन का रेड अलर्ट जारी कर रखा है। इधर शेष तीन दिन का ऑरेंल अलर्ट जारी किया है। जयपुर में इस सीजन का सर्वाधिक 45.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है।

दिन के साथ रातें भी गर्म
प्रदेशभर में दिन के साथ रात की पारा भी बढ़ रहा है। इसी के साथ रात को कूलर, एसी फेल हो रहे हैं। रात का पारा 33 डिग्री तक आ रहा है। प्रदेश के जोधपुर में 33.3, कोटा में 33.0, जयपुर में 32.2 और अजमेर में 32.4 डिग्री पारा रात में दर्ज किया गया।

जोधपुर में इस सीजन का सर्वाधिक गर्म दिन
सूर्यनगरी में रविवार सुबह तापमान 33.3 डिग्री रहा। भोर के साथ ही तपिश ने शहर को अपनी आगोश में लेना शुरू कर दिया। जैसे-जैसे सूरज क्षितिज पर चढ़ रहा था, आसमान से गर्मी बरस रही थी। दोपहर में पारा 46.4 डिग्री को छू गया। यह सीजन का सर्वाधिक तापमान है। उस समय ऐसा लग रहा था मानो शहर तंदूर के ऊपर सिक रहा है।

दोपहर में भीड़भाड़ वाली सड़कों पर सन्नाटे जैसा माहौल था। शाम सात बजे के बाद गर्मी से मामूली राहत मिलनी शुरू हुई। जिले के अधिकांश ग्रामीण हिस्सों में तापमान 47 डिग्री से ऊपर था। फलोदी में दोपहर में तापमान 48.2 डिग्री रहा यानी पचास डिग्री के आसपास पहुंचे तापमान ने फलोदी को आग का दरिया बना दिया। बाड़मेर और जैसलमेर में भी बेजां गर्मी रही। बाड़मेर में रात का पारा 30.9 और दिन का 47.2 डिग्री रहा। जैसलमेर में यह क्रमश: 30.2 व 47.8 डिग्री मापा गया।

यह है प्रदेश की स्थिति
स्थान सर्वाधिक पारा
चुरू 48.9
श्रीगंगानगर 48.6
बीकानेर 48.1
जैसलमेर 47.8
कोटा 47.5
बाड़मेर 47.2
जोधपुर 46.4
जयपुर 45.5
अजमेर 45.2