कोटा दशहरा 2022: श्रीरामचंद्र कृपालु भजमन…पर कत्थक नृत्य ने मन मोहा

0
238

कोटा। राष्ट्रीय मेला दशहरा में शुक्रवार शाम को शहीदों याद करते हुए एक से बढ़कर कार्यक्रम हुए। विजयश्री रंगमंच पर देशभक्ति तराने गूंजे तो परिसर वंदेमातरम के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। एक शाम शहीदों के नाम कार्यक्रम में कोटा कलाकार सोसायटी के कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से मंत्रमुग्ध कर दिया।

सबसे पहले गणपति वंदना ” गणपति बप्पा मोरिया…” भजन पर नृत्य से शहीदी शाम की शुरुआत हुई। इसके बाद बरखा जोशी की शिष्याओं की ओर से “श्रीरामचंद्र कृपालु भजमन…” पर कत्थक नृत्य की प्रस्तुति दी गई। चेतन शर्मा ने “जहां डाल डाल पर सोने की चिड़िया करती है बसेरा…” के द्वारा देशभक्ति के रंग घोले। जूनियर गोविंदा ने जहाँ पांव में पायल तो जूनियर अमिताभ बच्चन ने “मेरे देशप्रेमियों आपस में प्रेम करो..” के द्वारा बॉलीवुड का रंग बिखेरा।

ऋतु जोशी ने “ऐ मेरे वतन के लोगों…” गाकर शहीदों को याद किया तो हर किसी की आँखें गीली हो गई। ऋषि चंचल ने “सौगंध मुझे इस मिट्टी की…” की प्रस्तुति दी तो तालियों की गड़गड़ाहट से आसमान गूंज उठा। असलम रोमी ने “हे प्रीत जहाँ की रीत सदा.. ” तथा ” होठों पे सच्चाई रहती है…” गीतों के माध्यम से राष्ट्रवाद की अलख जगाई।

नेहा पांचाल ने “रोको न डगर मोरे श्याम की…” के साथ क्लासिकल ठुमरी कत्थक नृत्य प्रस्तुत किया। बन्जारा गर्ल्स ने “मेरा मुर्शिद खेले होली..” पर सूफी कलासिकल कत्थक नृत्य किया। अनामिका चौधरी ने ” सत्यं शिवम् सुंदरम्..” भजन पर क्लासिकल नृत्य किया।

कार्यक्रम की शुरुआत उप महानिरीक्षक बालकृष्ण तिवारी, रीको के वरिष्ठ उप महा प्रबंधक सुनील गर्ग, नगर विकास न्यास के उप सचिव मोहम्मद ताहिर कमांडेंट होमगार्ड माधोराव मीना, पूर्व प्रधान ओमप्रकाश शर्मा, रिटायर्ड केप्टन डॉ. ओमप्रकाश, मेला समिति अध्यक्ष मंजू मेहरा, उप महापौर फरीदुद्दीन सोनू कुरेशी, पवन मीणा, अनिल सुवालका, इसरार मोहम्मद, अनूप कुमार, अजय सुमन, चेतना माथुर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।