अपना फर्ज निभाने में विफल साबित हुआ है मीडिया, गहलोत का आरोप

98

-कृष्ण बलदेव हाडा-
झालरापाटन। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मीडिया पर अपना फर्ज पूरा करने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए कहा है कि अगर वह अपना धर्म नहीं निभाता है तो उसे इतिहास कभी माफ नहीं करेगा।

श्री गहलोत ने सोमवार को यहां पत्रकारों से बातचीत में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का मीडिया द्वारा साथ नहीं दिए जाने को लेकर नाराजगी दिखाई। उन्होंने कहा कि इस यात्रा का राष्ट्रीय मीडिया ने बहिष्कार कर रखा है।

संपादक और मालिक दबाव में हैं। श्री गहलोत ने कहा कि यहां बैठे पत्रकारों की कोई गलती नहीं है, ये तो अपना धर्म निभाते हैं, लेकिन इनके मालिक और सम्पादक दबाव में हैं, जिन्होंने बहिष्कार किया है।

हालांकि, AICC के महासचिव (कम्यूनिकेशन) जयराम रमेश ने पत्रकारों के बचाव में हस्तक्षेप किया और कहा कि उनपर इल्जाम नहीं लगाना चाहिए वो अपना काम ढंग से कर रहे हैं। इसके बाद अशोक गहलोत ने भारत जोड़ो यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि यह यात्रा लोगों को आकर्षित कर रही है।

देश के युवा इस यात्रा से जुड़ रहे हैं और राहुल गांधी से जुड़ रहे हैं। अशोक गहलोत ने कहा कि इस यात्रा ने ना सिर्फ देश बल्कि दुनिया का ध्यान भी खींचा है। गहलोत ने कहा कि यह लोकतंत्र के लिए बड़ा मैसेज है।

बता दें कि इससे पहले राहुल गांधी ने मीडिया की शिकायत करते हुए कहा था कि मीडिया, टीवी पर उन्हें नहीं दिखाती है क्योंकि उन पर लगाम लगा हुआ है। राहुल गांधी ने कहा था कि देखिए यह समझिए की मैं आप लोगों की बुराई कर रहा हूं।

प्रेस के हमारे मित्र तो हैं लेकिन हमारी बात कभी दिखाते नहीं हैं। हम मनरेगा की बात करते हैं, तो वो नहीं दिखाते हैं। हम नोटबंदी के बारे में बोलते हैं, लेकिन ये लोग उसे नहीं दिखाते हैं। इसमें इनकी गलती नहीं है क्योंकि इनपर लगाम लगा हुआ है।