Chandrayaan-3: 23 अगस्त को चंद्रयान-3 क्या उतरेगा चांद पर या फिर नहीं

0
74

नई दिल्ली। Chandrayaan-3 चंद्रयान 3 मिशन 23 अगस्त की शाम को चांद की सतह पर लैंड कराया जाएगा। हालांकि, इससे पहले विक्रम लैंडर के लिए अनुकूल स्थितियों को पहचाना जाएगा। इसरो के मुताबिक, लैंडिंग के लिए निर्धारित समय से ठीक 2 घंटे पहले यान को उतारने या न उतारने पर अंतिम निर्णय होगा।

इसरो के वैज्ञानिक नीलेश एम देसाई के मुताबिक, अगर चंद्रयान 3 को 23 अगस्त को लैंड नहीं कराया जाता है, तो फिर इसे 27 अगस्त को भी चांद पर उतारा जा सकता है।
उन्होंने बताया है कि पहले से तय तारीख 23 अगस्त को सॉफ्ट लैंडिंग में परेशानी आने पर प्रक्रिया को 27 अगस्त के लिए टाला भी जा सकता है।

अहमदाबाद में स्पेस एप्लीकेशन सेंटर (ISRO) के निदेशक देसाई ने सॉफ्ट लैंडिंग को लेकर आगे का प्लान बताया। उन्होंने कहा, ’23 अगस्त को चंद्रयान-3 के चांद पर लैंड होने से दो घंटे पहले लैंडर मॉड्यूल की हेल्थ और चांद पर स्थिति के आधार पर हम तय करेंगे कि लैंड करना सही होगा या नहीं। अगर हालात हमारे पक्ष में नहीं लगेंगे, तो हम 27 अगस्त को मॉड्यूल को चांद पर उतारेंगे। कोई परेशानी नहीं आनी चाहिए और हम 23 अगस्त को मॉड्यूल को लैंड कर सकेंगे।’

ISRO चीफ एस सोमनाथ ने सोमवार को केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह से दिल्ली में मुलाकात की थी। उस दौरान उन्होंने चंद्रयान 3 की ताजा स्थिति और इसरो की तैयारी के बारे में बताया। ISRO चीफ ने सिंह को चंद्रयान-3 की हेल्थ की भी जानकारी दी और बताया कि सभी सिस्टम ठीक से काम कर रहे हैं और बुधवार को कोई परेशानी आने की संभावनाएं कम हैं।

लैंडिंग का लाइव टेलीकास्ट होगा
ISRO ने रविवार को जानकारी दी थी कि 23 अगस्त को शाम करीब 6 बजे चंद्रयान-3 चांद की सतह पर उतरने वाला है। चंद्रयान-3 की लैंडिंग का लाइव टेलीकास्ट ISRO की आधिकारिक वेबसाइट (https://isro.gov.in), YouTube (https://www.youtube.com/watch?v=DLA_64yz8Ss), Facebook (facebook.com/ISRO) पर देखा जा सकता है।