सेंसेक्स 283 अंक टूट कर 52,306 पर बंद, निफ्टी 15700 से नीचे

0
477

मुंबई। वायदा बाजार में मंथली एक्सपायरी से एक दिन पहले शेयर बाजार में काफी उतार-चढ़ाव हुआ। बाजार के दोनों अहम शेयर सूचकांक लगभग आधा पर्सेंट की गिरावट के साथ बंद हुए। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 282 पॉइंट लुढ़क कर 52,306 पर रहा। एनएसई का 50 शेयरों वाला निफ्टी 85 पॉइंट की गिरावट के साथ 15,687 पॉइंट पर बंद हुआ।

शेयर बाजार में आज चौतरफा बिकवाली हुई। सेंसेक्स के 22 शेयरों में गिरावट आई जबकि निफ्टी के 16 शेयरों में मजबूती रही। मिड कैप इंडेक्स लगभग 0.18% गिरा, जबकि स्मॉल कैप में 0.50% की कमजोरी आई। सेक्टर इंडेक्स में निफ्टी ऑटो (0.46%) को छोड़कर बाकी सभी इंडेक्स में कमजोरी रही। सबसे ज्यादा 1.13% की गिरावट निफ्टी मेटल इंडेक्स में आई।

L&T, कोटक बैंक, HDFC, ICICI बैंक और TCS के शेयरों में बिकवाली के चलते सेंसेक्स पर दबाव बना। इसको मारुति, टाइटन, ONGC, बजाज फिनसर्व और M&M में खरीदारी का सपोर्ट मिला। निफ्टी को इन्हीं शेयरों का सपोर्ट मिला जबकि, अडाणी पोर्ट्स, डिवीज लैब, JSW स्टील और L&T जैसे शेयरों में बिकवाली से इस पर दबाव बना।

RIL और फाइनेंशियल शेयरों में खरीदारी के बीच बुधवार को शेयर बाजार की मजबूत शुरुआत हुई। निफ्टी 90 पॉइंट ऊपर 15,862 पर खुला। सेंसेक्स की भी शुरुआत स्ट्रॉन्ग रही और यह 324 पॉइंट की मजबूती के साथ 52,912 पर खुला। कारोबार के दौरान सेसेंक्स बिकवाली तेज होने से 52,264 तक गिर गया था। निफ्टी भी फिसलकर 15,673 पर आ गया था।

आज 1.01% ऊपर खुले वोलैटिलिटी इंडेक्स इंडिया VIX में 4.26% की मजबूती आई। इंडिया VIX बताता है कि अगले 30 दिनों में निफ्टी सालाना आधार पर कितना चढ़ सकता है। इस इंडेक्स में निचले स्तरों से बढ़ोतरी होना, शेयर बाजार में मजबूती कायम रहने के साथ हलचल बढ़ने का संकेत होता है।

मंगलवार को शेयर बाजार मामूली बढ़त के साथ बंद हुए थे। सेंसेक्स 14 पॉइंट (0.03%) की मजबूती के साथ 52,588 पर रहा था। निफ्टी 26 पॉइंट यानी 0.17% की मजबूती के साथ 15,773 पर बंद हुआ था। कारोबार के दौरान सेंसेक्स रिकॉर्ड हाई पर गया था।