सेंसेक्स 98 अंक सुधर कर 51,115 पर बंद, निफ्टी 15,300 के पार

0
436

मुंबई। शेयर बाजार में वायदा बाजार के सौदों की एक्सपायरी वाले दिन गुरुवार को तेजी का रुझान रहा। बीएसई का बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स 98 पॉइंट यानी 0.19% के उछाल के साथ 51,115 पॉइंट पर बंद हुआ। एनएसई का निफ्टी इंडेक्स 36 पॉइंट यानी 0.24% की मजबूती के साथ 15,338 पॉइंट पर रहा।

सेंसेक्स कारोबार के दौरान तेजी में 51,283 पॉइंट तक गया था, जबकि निफ्टी 15,320 पर पहुंचा था। आज छोटे और मझोले शेयरों में भी बड़े पैमाने पर खरीदारी हुई। इससे निफ्टी के मिड कैप इंडेक्स में 0.54% की मजबूती आई, जबकि स्मॉल कैप इंडेक्स 1.01% उछल गया।

शेयर बाजार की मजबूत शुरुआत:आज, वायदा बाजार में एक्सपायरी के दिन, शेयर बाजार की शुरुआत मजबूत रही। बीएसई का सेंसेक्स 111.28 अंक और एनएसई का निफ्टी 22.5 पॉइंट ऊपर खुला। लेकिन, 3 मिनट की ट्रेडिंग के दौरान ही बाजार में गिरावट आ गई।

NSE निफ्टी को सपोर्ट देने वाले टॉप 5 शेयरों में TCS, इंफोसिस, RIL, विप्रो और ITC शामिल हैं। हालांकि, HDFC बैंक, बजाज फाइनेंस, कोटक बैंक, HUL और HDFC पर बिकवाली का दबाव है।

आज इस हफ्ते शेयर बाजार की लगातार चौथे दिन पॉजिटिव शुरुआत रही। 24 मई को सेंसेक्स 186.8 और निफ्टी 36.05 अंक ऊपर खुला था। 25 मई को कारोबार की शुरुआत में सेंसेक्स 270.42 और निफ्टी 94.05 पॉइंट ऊपर था। वहीं, 26 मई को सेंसेक्स 262.05 और निफ्टी 48.6 अंक ऊपर खुला था।

इससे पहले बुधवार को बाजार बढ़त के साथ बंद हुए थे। सेंसेक्स 379.99 पॉइंट ऊपर 51,017.52 पर बंद हुआ था। इसी तरह निफ्टी 93.00 अंक की बढ़त के साथ 15,301.45 पर बंद हुआ था।

52 वीक हाई पर गए शेयर
NSE के बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी-50 के शेयरों में से विप्रो, BPCL, IOC, UPL और एशियन पेंट ने आज 52 वीक हाई छुआ। आज 52 वीक हाई पर जाने के साथ ही जोरदार उछाल दिखाने वाले टॉप 5 शेयरों में स्टरलाइट टेक्नोलॉजीज, वीगार्ड, टाटा कॉफी, माइंडट्री और बिड़लासॉफ्ट हैं।