HCL अपने 1.59 लाख कर्मचारियों को देगी 700 करोड़ का वन टाइम स्पेशल बोनस

0
919

नई दिल्ली। देश की दिग्गज टेक्नोलॉजी कंपनी HCL टेक्नोलॉजी लिमिटेड का 2020 में 10 बिलियन डॉलर करीब 72 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा रेवेन्यू रहा है। यह रिकॉर्ड बनने पर कंपनी ने अपने कर्मचारियों को 700 करोड़ रुपए का वन टाइम स्पेशल बोनस देने का ऐलान किया है। इसका लाभ कंपनी के दुनियाभर में काम कर रहे 1 लाख 59 हजार 682 कर्मचारियों को लाभ मिलेगा।

जानकारी के मुताबिक, 1 साल या इससे ज्यादा से HCL में काम कर रहे कर्मचारियों को यह बोनस मिलेगा। बोनस की राशि 10 दिन की सैलरी के बराबर होगी। HCL ने एक बयान में कहा है कि यह स्पेशल बोनस कर्मचारियों को फरवरी में मिलेगा। कुछ देशों में पे-रोल टैक्स को मिलाकर बोनस पर 90 मिलियन डॉलर करीब 700 करोड़ रुपए की राशि खर्च होगी।

HCL के चीफ ह्यूमन रिसोर्सेज ऑफिसर अप्पाराव वीवी ने कहा कि हमारे कर्मचारी हमारे लिए सबसे मूल्यवान संपत्ति हैं। कोविड-19 महामारी के बावजूद HCL परिवार के प्रत्येक सदस्य ने संस्थान की ग्रोथ में पूरा सहयोग दिया है। दिसंबर 2020 में समाप्त हुई तीसरी तिमाही में कंपनी के डॉलर रेवेन्यू में वार्षिक आधार पर 3.6% की ग्रोथ रही है। डिजिटल सेवाओं की मांग बढ़ने और नए सौदों की बदौलत HCL का रेवेन्यू 10 बिलियन डॉलर के पार जाने में कामयाब रहा है।

HCL टेक्नोलॉजी ने दिसंबर तिमाही में 13 सौदों पर साइन किए हैं। इसमें अधिकांश सौदे लाइफ साइंसेज, हेल्थकेयर, टेक्नोलॉजी और फाइनेंशियल सर्विसेज इंडस्ट्री से जुड़े हैं। HCL के डिजिटल कारोबार के रेवेन्यू में 25% की ग्रोथ रही है।