मुंबई। पॉजिटिव बजट और आने वाली तिमाहियों में आर्थिक सुधार की उम्मीद से शेयर बाजार में रिकॉर्ड बढ़त जारी है। सोमवार को बढ़त का लगातार 6वां दिन रहा। सेंसेक्स 617 अंकों की बढ़त के साथ 51,348.77 पर बंद हुआ है। बाजार की बढ़त में सबसे आगे ऑटो और मेटल शेयर रहे। दोनों इंडेक्स में 3-3% से ज्यादा की बढ़त रही। साथ ही बाजार को वैश्विक बाजारों में तेजी का भी सपोर्ट में मिला है।
कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 51,523.38 के रिकॉर्ड स्तर को भी छुआ, जो इंडेक्स का हाइएस्ट लेवल है। इसमें सबसे ज्यादा महिंद्रा एंड महिंद्रा का शेयर 7.23% बढ़ा। 8 फरवरी को एक्सचेंज पर 3,227 शेयरों में कारोबार हुआ। 1,727 शेयर बढ़त और 1,306 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए हैं। यानी 53% शेयरों में बढ़त रही। इसमें बजाज फिनसर्व, M&M सहित अन्य के शेयर शामिल हैं। सुबह सेंसेक्स 415.04 अंक ऊपर 51,146.67 पर और निफ्टी 140.05 अंक ऊपर 15,064.30 पर खुला था।
लिस्टेड कंपनियों का टोटल मार्केट कैप भी बढ़कर 202.89 लाख करोड़ रुपए हो गया है। यह 5 फरवरी को 200.33 लाख करोड़ रुपए रहा था। NSE निफ्टी इंडेक्स भी कल की क्लोजिंग से 191 अंक ऊपर 15,115.80 पर बंद हुआ है। 5 फरवरी को सेंसेक्स 117.34 अंकों की बढ़त के साथ 50,731.63 पर और निफ्टी 28.60 अंक ऊपर 14,924.25 पर बंद हुआ था।
वैश्विक बाजारों में बढ़त जारी
अमेरिका से आ रहे पॉजिटिव अपडेट से वैश्विक बाजारों में भी बढ़त रही। जापान का निक्केई इंडेक्स 598 अंक यानी 2% ऊपर बंद हुआ है। चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स में 1% की बढ़त रही। दूसरी ओर हॉन्गकॉन्ग का हेंगसेंग इंडेक्स और कोरिया का कोस्पी इंडेक्स हल्की गिरावट के साथ बंद हुए हैं। दरअसल, फरवरी में नए राहत पैकेज की उम्मीद से अमेरिकी बाजारों के प्रमुख इंडेक्स रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गए हैं। 5 फरवरी को डाऊ जोंस इंडस्ट्रियल इंडेक्स 31,148.24 पर, S&P 500 इंडेक्स 3,886.83 और नैस्डैक कंपोजिट इंडेक्स 13,856.30 पर बंद हुए थे।