कोरोना वैक्सीन की पॉजिटिव खबर से सेंसेक्स 452 अंक उछल कर 46,006 पर बंद

0
724

मुंबई। कोरोना वैक्सीन को लेकर दुनियाभर में पॉजिटिव खबरों से कारोबारी हफ्ते के दूसरे दिन शेयर बाजार 452 अंक उछल कर 46,006.69 पर बंद हुआ है। हालांकि इंडेक्स ने दिनभर गिरावट के साथ कारोबार किया। इंट्राडे में यह 45,112.19 के स्तर तक पहुंच गया था। BSE सेंसेक्स में HCL टेक का शेयर 5% ऊपर बंद हुआ है। इंडेक्स की तेजी को मंगलवार को TCS, बजाज, इंफोसिस और प्रमुख बैंकिंग शेयरों ने लीड किया। इससे पहले सोमवार को सेंसेक्स 1406 अंक नीचे 45,554 के स्तर पर बंद हुआ था।

तेजी के चलते BSE में लिस्टेड कंपनियों का टोटल मार्केट कैप 180.78 लाख करोड़ रुपए हो गया है। यह सुबह 176 लाख करोड़ रुपए तक के स्तर पर आ गया था। बीते हफ्ते शुक्रवार को यह 185.36 लाख करोड़ रुपए रहा था। बाजार में 3,092 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ। इसमें से 1,571 के शेयर बढ़त के साथ और 1,349 गिरावट के साथ बंद हुए हैं। कुल शेयरों में से 118 कंपनियों के शेयरों ने 52 हफ्तो के उच्चतम स्तर को छुआ।

निफ्टी में चौतरफा खरीदारी
निफ्टी इंडेक्स भी 137.90 अंक ऊपर 13,466.30 पर बंद हुआ है। इंडेक्स में अदाणी पोर्ट और HCL टेक के शेयर 5-5% की बढ़त के साथ बंद हुए। टेक महिंद्रा का शेयर भी 4.10% ऊपर 944 रुपए के भाव पर बंद हुआ है। इसी तरह इंफोसिस और गेल के शेयर भी 3-3% की बढ़त के साथ बंद हुए। वहीं, कोटक बैंक शेयर 1.03% नीचे 1,901 रुपए के भाव पर बंद हुआ है।

निफ्टी इंडेक्स के टॉप-5 गेनर स्टॉक्स

कंपनीबंद भावबढ़त (%)
अदाणी पोर्ट468.905.55
HCL टेक917.005.35
टेक महिंद्रा944.004.10
इंफोसिस1,219.953.62
गेल118.353.18

बाजार में तेजी की प्रमुख वजह

  • अमेरिका में 900 बिलियन डॉलर के राहत पैकेज का ऐलान,
  • कोरोना वैक्सीन को लेकर दुनियाभर में पॉजिटिव अपडेट,
  • घरेलू बाजार के प्रमुख शेयरों में अच्छी खरीदारी,
  • ब्रॉडर मार्केट में दोपहर बाद खरीदारी

IDBI बैंक का शेयर 19% तक टूटा
BSE में IDBI बैंक के शेयरों में लगातार चौथे दिन गिरावट रही। शेयर आज 11.15% नीचे 33.85 रुपए के भाव पर बंद हुआ है। शेयर आज इंट्राडे में 19% नीचे गया था। कंपनी ने 19 दिसंबर को इससे पहले 44 क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के तहत 37.18 करोड़ शेयर अलॉट किए। प्रति शेयर कीमत 38.60 रुपए के हिसाब से अलॉट किए गए थे।

एशियाई बाजारों में भी गिरावट
आज एशियाई बाजारों हॉन्गकॉन्ग का हेंगसेंग इंडेक्स 187 अंकों की गिरावट के साथ 26,119 पर बंद हुआ। जापान का निक्केई इंडेक्स 278 अंक नीचे 26,436 पर बंद हुआ है। इसके अलावा चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स भी 63 अंकों की भारी गिरावट के साथ 3,356 पर बंद हुआ है।