बैंकिंग और ऑटो शेयरों में बिकवाली से सेंसेक्स 190 अंक गिरकर 46,771 पर

0
476

मुंबई। कारोबारी हफ्ते के पहले दिन बाजार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई है। सेंसेक्स 189.42 अंकों की गिरावट के साथ 46,771.27 पर कारोबार कर रहा है। इंडेक्स में भारी गिरावट को ऑटो और बैंकिंग शेयर लीड कर रहे हैं। इसमें बजाज, इंडसइंड बैंक, M&M और मारुति के शेयर शामिल हैं, जो गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं। BSE में कुल 2,129 शेयरों में कारोबार कर रहा है। इसमें 1,242 शेयर गिरावट के साथ कारोबार रहे हैं।

वहीं, निफ्टी 55.55 अंक नीचे 13,705 पर कारोबार कर रहा है। बाजार में निफ्टी बैंक इंडेक्स 380 अंक नीचे 30,334.10 पर कारोबार कर रहा है। बंधन बैंक का शेयर 2% से ज्यादा की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा है। सुबह BSE सेंसेक्स 28.51 अंक नीचे 46,932.18 पर और निफ्टी 18.65 अंक नीचे 13,741.90 पर खुला।

निफ्टी इंडेक्स में टाटा मोटर्स, गेल और ICICI बैंक के शेयर 2-2% से ज्यादा की गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं। वहीं L&T का शेयर 2% से ज्यादा की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा है। सिप्ला और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में भी 1-1% की बढ़त है।

ग्लोबल ब्रोकरेज हाउस CLSA ने निफ्टी के लिए 18,800 का लक्ष्य रखा है। पर इसके साथ ही यह भी कहा कि यह लक्ष्य लंबी अवधि में पूरा होगा। इसके अलावा JP मॉर्गन का मानना है कि 2021 में दिसंबर तक निफ्टी 15 हजार का स्तर छूने में कामयाब होगा। वहीं, BNP परिबास ने भी बीते दिनों जारी अपनी रिपोर्ट में कहा था कि साल 2021 में सेंसेक्स 50500 के रिकॉर्ड स्तर को छू सकता है। इसके अलावा मॉर्गन एंड स्टैनली ने भी साल 2021 के लिए सेंसेक्स के 50 हजार का आंकड़ा छूने का अनुमान जताया है।

एशियाई बाजारों में गिरावट
आज एशियाई बाजारों हॉन्गकॉन्ग का हेंगसेंग इंडेक्स 57 अंकों की गिरावट के साथ 26,441 पर कारोबार कर रहा है। जापान का निक्केई इंडेक्स 162 अंक नीचे 26,601 पर कारोबार कर रहा है। जबकि चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 19 अंकों की तेजी के साथ 3,414 पर कारोबार कर रहा है।

शुक्रवार को बाजार में रिकॉर्ड तेजी
भारी विदेशी निवेश के चलते शुक्रवार शेयर बाजार लगातार 7वें कारोबारी हफ्ते बढ़त के साथ बंद हुआ था। अप्रैल 2019 के बाद यह सबसे लंबा वीकली बढ़त है। सेंसेक्स 70.35 अंक ऊपर 46,960.69 पर बंद हुआ था। हालांकि इंडेक्स सुबह रिकॉर्ड 47,026 के स्तर पर खुला था, जो इंडेक्स का ऑलटाइम हाई भी है। दूसरी ओर निफ्टी इंडेक्स भी 19.85 अंक ऊपर 13,760.55 पर बंद हुआ था। निफ्टी में डॉ. रेड्डीज का शेयर 3% ऊपर बंद हुआ था। वहीं, इंडसइंड बैंक का शेयर 3% नीचे बंद हुआ था।