आज रात से 24 घंटे मिलेगी RTGS की सुविधा, जानिए क्या होगा फायदा

0
697

नई दिल्ली। डिजिटल लेनदेन करने वालों के लिए अच्छी खबर है। रियल टाइम ग्रॉस सेटेलमेंट सिस्टम (RTGS) की सुविधा अब 24 घंटे उपलब्ध होगी। यह सुविधा आज रात 12.30 बजे से शुरू हो जाएगी। एनईएफटी की सुविधा पहले से ही चौबीसों घंटे उपलब्ध है। आरबीआई के गवर्नर शक्तिकांत दास ने ट्वीट किया कि आरटीजीएस की सुविधा आज रात से चौबीसों घंटे उपलब्ध रहेगी। उन्हें इसे संभव बनाने के लिए आरबीआई, आईएफटीएएस और सर्विस पार्टनर्स को बधाई दी।

इसके साथ ही भारत दुनिया के चंद ऐसे देशों की सूची में शामिल हो जाएगा जहां आरटीजीएस 24×7 उपलब्ध है। आरबीआई के गवर्नर शक्तिकांत दास कुछ दिनों पहले हुई मॉनिटरी पॉलिसी कमेटी की मीटिंग में इन बदलावों की घोषणा की थी। अब आप कभी भी आरटीजीएस के जरिए पैसे ट्रांसफर कर सकेंगे। कोरोना काल में ऑनलाइन ट्रांजैक्शन में काफी तेजी आई है जिसके बाद आरबीआई ने RTGS की सुविधा 24 घंटे उपलब्ध कराने का फैसला किया। आरबीआई ने घरेलू वित्तीय बाजार के ग्लोबल इंटीग्रेशन की कोशिशों को सहारा देने के लिए आरटीजीएस की टाइमिंग बढ़ाने का फैसला किया था।

क्या है आरटीजीएस
आरटीजीएस डिजिटल फंड ट्रांसफर करने का एक तरीका है। इसकी मदद से रियल टाइम में पैसे ट्रांसफर हो जाते हैं। RTGS का उपयोग मुख्य रूप से बड़ी रकम के ट्रांसफर के लिए होता है। इसके तहत न्यूनतम 2 लाख रुपये भेजे जा सकते हैं जबकि अधिकतम राशि भेजने की सीमा 10 लाख रुपये है। आरटीजीएस के जरिए 2 लाख से 5 लाख तक का फंड ट्रांसफर करने के लिए अधिकतम शुल्क 24.5 रुपये है। 5 लाख से अधिक के फंड ट्रांसफर के लिए बैंक 49.5 रुपये का तक फीस ले सकता है। इस पर जीएसटी भी देनी पड़ती है। देश का सबसे बड़े बैंक एसबीआई आरटीजीएस पर कोई फीस नहीं लेता है।