रिकॉर्ड बढ़त के बाद बाजार में बिकवाली, सेंसेक्स 45,484 के स्तर पहुंचा

0
655

मुंबई। शेयर बाजार में शुरुआती तेजी के बाद फ्लैट कारोबार देखा जा रहा है। सेंसेक्स 57.21 अंक ऊपर 45,484.18 पर और निफ्टी फ्लैट 13,357.30 पर कारोबार कर रहा है। हालांकि, कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 45,728.85 और निफ्टी ने 13,435.35 के स्तर को टच किया, जो दोनों इंडेक्स का ऑलटाइम हाई है।

बाजार में चौतरफा बिकवाली देखी जा रही है। गिरावट को मेटल और बैंकिंग शेयर लीड कर रहे हैं। निफ्टी मेटल इंडेक्स 2% नीचे कारोबार कर रहा है। बाजार में बिकवाली के चलते BSE में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट 180.56 लाख करोड़ रुपए पर आ गया है। यह सुबह 182 लाख करोड़ रुपए के पार पहुंच गया था।

निफ्टी में हिंडाल्को और अदाणी पोर्ट के शेयरों में 2-2% की गिरावट है। इंडसइंड बैंक और कोल इंडिया के शेयरों में भी 2-2% की गिरावट है। इसके अलावा सन फार्मा का शेयर 2% की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा है। वहीं, अल्ट्राटेक सीमेंट का शेयर 2% ऊपर कारोबार कर रहा है। रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में 1% से ज्यादा की बढ़त है। कोटक बैंक, TCS और बजाज ऑटो शेयरों में भी हल्की बढ़त है। सुबह BSE सेंसेक्स 141.83 अंक ऊपर 45,568.80 पर और निफ्टी 38.10 अंक ऊपर 13,393.85 पर खुला।

एशियाई बाजारों में बिकवाली
आज एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई इंडेक्स 98 अंक नीचे 26,449 पर कारोबार कर रहा है। हॉन्गकॉन्ग का हेंगसेंग इंडेक्स 147 अंकों की गिरावट के साथ 26,359 पर कारोबार कर रहा है। इसके अलावा चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स भी 0.25% की गिरावट के साथ 3,407 पर कारोबार कर रहा है।