कोरोना से देश में अब तक 33 मौतें, सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में 9 मरे

0
778

नई दिल्ली। देश में कोरोनावायरस के चलते हालात बिगड़ते जा रहे हैं। देश में संक्रमण से अब तक 34 मौतें हुई हैं। सबसे ज्यादा 9 मौतेें महाराष्ट्र में हुई हैं। पुणे में सोमवार को 52 वर्षीय संक्रमित ने दम तोड़ा। गुजरात में भी सोमवार को संक्रमण से छठी मौत की पुष्टि हुई। भावनगर में 45 साल की महिला ने शनिवार देर रात दम तोड़ा। दो हफ्ते पहले उसे स्ट्रोक भी आया था।

पश्चिम बंगाल में कोरोना से संक्रमित 54 वर्षीय महिला की रविवार रात 2 बजे मौत हो गई। यह राज्य में कोरोना संक्रमण से दूसरी मौत है। महिला दार्जिलिंग जिले के कलिमपोंग की रहने वाली थी। वह हाल ही में बेटी का इलाज करवा कर चेन्नई से लौटी थी।

रविवार को 5 संक्रमितों की जान गई
इससे पहले रविवार को 5 संक्रमितों की मौत हुई थी। मुंबई में 40 साल की महिला की जान गई थी। वह हाइपरटेंशन की मरीज भी थी। इसके अलावा राज्य के बुलढाणा में भी 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत संक्रमण के चलते हुई थी। उन्हें पहले निमोनिया की शिकायत बताई गई थी। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। रविवार को आई रिपोर्ट में पता चला कि वे कोरोना से संक्रमित थे। रविवार को ही अहमदाबाद में 45 साल के व्यक्ति ने दम तोड़ा। वह पहले से डायबिटीज से पीड़ित था।

जम्मू-कश्मीर में भी संक्रमण से 62 साल के व्यक्ति की जान चली गई। वह तंगमार्ग का रहने वाला था। डॉक्टर के मुताबिक, उसे लीवर से जुड़ी बीमारी थी। इसके साथ राज्य में मरने वालों की तादाद 2 हो गई। पंजाब में भी रविवार को कोरोनावायरस से दूसरी मौत हुई थी। अमृतसर में 62 साल के व्यक्ति की जान गई।

महाराष्ट्र में अब तक 8 की जान गई
महाराष्ट्र में कोरोना से अब तक 8 लोगों की जान गई। राज्य में लगातार तीसरे दिन संक्रमण के चलते मौतें हुईं। शनिवार को यहां संक्रमण से 4 मौतें हुई थीं। शनिवार को केरल के कोच्चि में 69 साल के बुजुर्ग की मौत हुई। यह राज्य में संक्रमण से मौत का पहला मामला है। तेलंगाना में भी इसी दिन संक्रमण के चलते पहली मौत हुई थी।