ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट के तहत आयोजित जाजम चौपाल में कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रभुलाल सैनी ने कहा
कोटा। कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रभुलाल सैनी ने कहा है कि केन्द्र व राज्य सरकार की मंशा है कि खेत में बुवाई से लेकर कटाई तक किसान की फसल हर तरह से सुरक्षित रहे। इसके लिए सरकार ने कई योजनाएं संचालित कर किसान की खुशहाली सुनिश्चित की है।
श्री सैनी ने यह बात कोटा के आरसीसी मैदान पर ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट के तहत कृषि की नवीनतम तकनीक की जानकारी देने के लिए आयोजित जाजम चौपाल में उपस्थित काश्तकारों से कही। उन्होंने कहा कि ग्राम में बताई जा रही कृषि की नवीनतम तकनीक और नवाचार को खेती में अपनाकर किसान अपनी आय को बढा सकते हैं। साथ ही साथी काश्तकारों को भी नवाचारों और तकनीकों की जानकारी दें, जिससे वे भी इसका लाभ उठा सकें।
![](https://i0.wp.com/lendennews.com/wp-content/uploads/2017/05/DSC_6425.jpg?resize=452%2C271&ssl=1)
उन्होंने कहा कि काश्तकार जैविक खेती को अपनाएं। साथ ही बदल-बदल कर फसल की बुवाई करनी चाहिए। खाद व दवाईयों का उपयोग कृषि वैज्ञानिकों की सलाह के अनुसार ही करें। ज्यादा मात्रा में खाद् के प्रयोग से भूमि का उपजाउ क्षमता पर विपरीत प्रभाव पडता है।
उन्होंने कहा कि काश्तकार ग्राम में ज्यादा से ज्यादा संख्या में शामिल होकर यहा प्रदर्शित खेती के नवीनतम तकनीक की जानकारी लें और इसे अपनाएं। साथ ही इसमें किसी तरह की समस्या आए तो इसके लिए स्थानीय कृषि अधिकारियों एवं विशेषज्ञों से समाधान करें।
जाजम चौपाल में खान राज्यमंत्री सुरेन्द्र पाल सिंह टी.टी. ने कहा कि खेती स्वाभिमान का कार्य है। आप अपनी जमीन और फसल के मालिक है। उन्होंने किसानों को फसल की पैदावार बढाने के कई उपाय बताये। उन्होेंने कहा कि किसान सॉयल हेल्थ कार्ड अवश्य बनायें। सांसद ओम बिरला ने कहा कि हाडौती संभाग में लहसुन की खेती को बढ़ावा देने के लिए इसके लहसुन की हाईब्रिड बीज तैयार करने पर कार्य किया जा रहा है। जाजम चौपाल में धन्नालाल एण्ड पार्टी के कलाकारों ने राजस्थानी नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियांं दी।