Paris Olympics 2024: भारत ने हॉकी में स्पेन को हराकर जीता ब्रॉन्ज मेडल

0
7

पेरिस : Paris Olympics 2024: पेरिस ओलंपिक 2024 में मेंस हॉकी में टीम इंडिया ने स्पेन को हराकर आज ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। इसी के साथ पेरिस ओलंपिक में भारत की झोली में अब कुल 4 मेडल आ चुके हैं।

गोल्ड जीतने के अपने लक्ष्य से चूकने के बाद, हरमनप्रीत सिंह की अगुवाई में टीम इंडिया ने स्पेन को 2-1 से हराकर ओलंपिक खेलों में लगातार दूसरी बार ब्रॉन्ज मेडल जीता है। इससे पहले टोक्यो ओलंपिक 2021 में भी इंडिया ने जर्मनी को हराकर कांस्य पदक जीता था।

भारत के लिये कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने 30वें और 33वें मिनट में गोल दागा। वहीं स्पेन के लिये मार्क मिरालेस ने 18वें मिनट में गोल किया। इस जीत के साथ ही भारतीय हॉकी के अनुभवी गोलकीपर पी आर श्रीजेश ने अंतरराष्ट्रीय हॉकी को अलविदा कह दिया।

ओलंपिक 2024 में भारतीय हॉकी टीम को सेमीफाइनल मुकाबले में जर्मनी से हार का सामना करना पड़ा। सेमीफाइनल हारने के बाद भारतीय हॉकी टीम गोल्ड की दौड़ से बाहर हो गई। रोमांचक मुकाबले में जर्मनी ने भारत को 3-2 से हरा दिया था। ओलंपिक में भारत ने मेंस हॉकी में आठ बार गोल्ड मेडल जीता है, जबकि उनका आखिरी गोल्ड मॉस्को ओलंपिक 1980 में आया था।