राधा रानी हाथों में रचाएगी मेहंदी, भगवान को पालने से ले जाते हुए चिल्लाएगी पूतना

0
82

बीटेक, सीए, फिल्म मेकर नवयुवक बना रहे श्रीकृष्ण की आकर्षक झांकियां

कोटा। गीता भवन पर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। गीता सत्संग समिति के अध्यक्ष राजेंद्र खंडेलवाल ने बताया कि गीता भवन में भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं की झांकियों के मनोरम दर्शन होंगे। जिन्हें बनाने के लिए मथुरा के कलाकारों के साथ ही उच्च शिक्षित युवा जुटे हुए हैं।

दिल्ली से नेशनल म्यूजियम के सेवानिवृत्त डायरेक्टर सुधाकर शर्मा के निर्देशन में जन्माष्टमी की झांकियों का निर्माण कार्य चल रहा है। संयोजक महेंद्र मित्तल ने बताया कि इस बार 12 फीट लंबी पूतना की झांकी सजाई गई है। जिसे छटपटाते और चिल्लाते हुए दिखाया जाएगा। झांकियों में भगवान सेल्फी लेते हुए नजर आएंगे।

गोवर्धन पूजा करते हुए श्रीकृष्ण, पूतना द्वारा झूले से कृष्ण को ले जाते हुए, राधा रानी को मेहंदी लगाते हुए, राधा जी को अंगूठी पहनते हुए, बंदरों को माखन लुटाते हुए, वासुदेव जी यमुना पार करते हुए, शंकर भगवान को श्रीकृष्ण के दर्शन करते हुए, जामवंत युद्ध, सूरदास जी को मार्ग दिखाते हुए, श्याम चूड़ी बेचते हुए, भगवान श्रीकृष्ण जी द्वारा दुग्ध दोहन, यशोदा मैया को ब्रह्मांड का दर्शन करते हुए, भगवान श्रीकृष्ण एवं श्रीनाथजी के दर्शन और वत्सासुर, व्योमासुर वध एवं नौका विहार, अमरनाथ, अघोरी के साथ सभी मिलकर 25 झांकियां बनेगी।

यहां सीए शुभम मित्तल, बीटेक फलोदी गुप्ता, फिल्म मेकर देवांग पाटनी के द्वारा थ्रीडी पंखे में बाल लीलाएं और एलइडी बोर्ड में कृष्ण लीला की झांकियां भी तैयार की जा रही हैं। भारत का प्रथम चलचित्र भी झांकियों में प्रदर्शित किया जाएगा। मथुरा के कलाकारों द्वारा फूलों का श्रृंगार कर सभी झांकियों को सजाया जाएगा।