कोटा में नहीं थम रहा कोचिंग छात्रों की आत्महत्या का सिलसला, 6 माह में 17 सुसाइड

0
83

कोटा। coaching student suicide: शहर में कोचिंग छात्रों के आत्महत्या करने का सिलसला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले छह माह में 17 कोचिंग छात्रों ने आत्महत्या कर ली। इसके बाद भी कोचिंग एवं हॉस्टल संचालकों की नींद नहीं टूटी। आत्महत्या करने वाले छात्रों के पैरंट्स भी अब यही सवाल कर रहे हैं, आखिर कोचिंग सिटी अब सुसाइड सिटी क्यों बन रही है।

गौरतलब है कि राजीव गांधी नगर में रविवार को कोचिंग छात्र जालौर निवासी पुष्पेंद्र ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। जालौर निवासी 17 साल का पुष्पेंद्र सिंह नीट की कोचिंग करने 7 दिन पहले कोटा आया था। वह राजीव गांधी नगर में हॉस्टल में कमरा लेकर रह रहा था उसके साथ मामा का लड़का भी रह रहा था। रविवार को ममेरा भाई कुछ समय के लिए बाजार गया था। इसी दौरान उसने फांसी का फंदा लगा लिया। कुछ देर बाद जब भाई लौटा तो कमरे का गेट बंद मिला।

उसने आवाज दी लेकिन गेट नहीं खोला। बाद में हॉस्टल संचालक को बुलाकर गेट बंद होने की जानकारी दी। हॉस्टल संचालक ने खिड़की का कांच तोड़ कर देखा तो पुष्पेंद्र को फंदे पर लटका पाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और छात्र के शव को मुर्दाघर में रखवा दिया। सोमवार सुबह जालौर से परिजन कोटा पहुंच गए। जिनकी मौजूदगी में पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाया और शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस के अनुसार छात्र के पास से अभी तक कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। ऐसे में कारणों को लेकर जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

क्यों मर रहे हैं बच्चे, आप बताओं: पुष्पेन्द्र के चाचा इन्द्र सिंह ने कहा- बच्चे को आए हुए 6 महिने एक साल हुआ होता तो समझ में आता कि उस पर पढ़ाई का तनाव रहा होगा। अभी तो सात दिन ही हुए थे उसे यहां आए हुए। उसमें भी तीन चार दिन ही क्लास गया था। टेंशन किस चीज की होगी उसे। उसके मामा का लड़का भी साथ रह रहा था। 14 तारीख को कोटा से उसके मामा और पापा वापस गांव आए थे। अकेला तो वह रह ही नही रहा था। पैसे की भी कोई कमी नहीं थी, घरवालों का तो कोई दबाव ही नही था। यह कहते कहते इन्द्र सिंह की आंख भर आई और फफक पडे़। बामुशिकल उन्हें संभाला।

किसे जिम्मेदार ठहराएं: इसके बाद उन्होंने कहा कि- आप तो कोटा में रहते हो, मीडिया वाले हो, आप बताओं कि कोटा में बच्चे क्यों ऐसा कर रहे हैं। बाहर के बच्चे यहां बिल्कुल ठीक ठाक, आत्मविश्वास से भरकर पढ़ने आते हैं और यहां आते ही ऐसा क्या हो जाता है कि सुसाइड कर लेते हैं। हमारे बच्चे को तो सात दिन हुए, उसने यह कदम उठा लिया अब बताओ किसे जिम्मेदार ठहराएं। कोटा को, हॉस्टल को, कोचिंग को या खुद को, किसे कहे। हम तो चाहते हैं कारण ही जांच हो और सच सामने आए।

पिछले 6 महीने में सुसाइड के मामले

  1. 28 जून- जौनपुर (उत्तर प्रदेश) के रहने वाले छात्र आदित्य सेठ (17) ने सुसाइड कर लिया था।
  2. 27 जून: उदयपुर के सलूंबर का रहने वाले स्टूडेंट मेहुल वैष्णव (18) ने​​​ फांसी का फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया।
  3. 16 जून: बिहार के समस्तीपुर निवासी रोशन (21) ने सुसाइड किया था। उसने नीट का एग्जाम दिया था।
  4. 12 जून: महाराष्ट्र निवासी 17 साल के भार्गव केशव ने कमरे में फंदा लगा लिया था।
  5. 7 जून: पश्चिम बंगाल के कुरोलिया निवासी 18 साल के परितोष की संदिग्ध मौत हो गई।
  6. 24 मई: कुन्हाड़ी थाना क्षेत्र में बिहार के नांलदा के रहने वाले आर्यन (16) फंदा लगाकर सुसाइड किया।
  7. 12 मई: बिहार के पटना निवासी नवलेश (17) हॉस्टल में फांसी का फंदा लगाकर सुसाइड किया था।
  8. 11 मई: कुन्हाड़ी थाना क्षेत्र के लैंडमार्क सिटी इलाके में रहने वाले धनेश कुमार (15) ने हॉस्टल में फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया था।
  9. 8 मई: विज्ञान नगर थाना क्षेत्र में एक मल्टी स्टोरी बिल्डिंग से 10 से माले से कूदकर एक स्टूडेंट ने सुसाइड कर लिया।
  10. 26 अप्रैल: जवाहर नगर थाना क्षेत्र में नीट की तैयारी कर रही एक स्टूडेंट ने सुसाइड कर लिया था। उसने हॉस्टल के रूम में फंदा लगाया।
  11. 24 फरवरी: यूपी के बदायूं के रहने वाले 17 साल के अभिषेक ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली थी।
  12. 8 फरवरी: कुन्हाड़ी थाना क्षेत्र के लैंडमार्क सिटी इलाके में एक छात्रा ने मल्टी स्टोरी बिल्डिंग के 10वें माले से कूदकर सुसाइड कर लिया। छात्रा कृष्णा (17) बाड़मेर की रहने वाली थी।
  13. 29 जनवरी: विज्ञान नगर इलाके में कोचिंग स्टूडेंट ने सुसाइड की कोशिश की थी। स्टूडेंट हॉस्टल की चौथी मंजिल की बालकनी से नीचे कूद गया था।
  14. 19 जनवरी: जवाहर नगर थाना क्षेत्र में एक स्टूडेंट ने सुसाइड की कोशिश की थी। स्टूडेंट ने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली थी।
  15. 15 जनवरी: उत्तरप्रदेश के प्रयागराज के रहने वाले रणजीत (22) फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया था।
  16. 14 जनवरी: यूपी निवासी अली राजा ने सुसाइड किया था। कोटा में रखकर JEE की तैयारी कर रहा था।