अडानी के बहाने मोदी को घेरने से भाजपा विचलित

0
137

सुखजिंदर सिंह रंधावा की भाषा के इस्तेमाल पर सवाल, आमतौर पर राजस्थान में आपस में बड़े-बड़े प्रतिद्वंदी नेताओं के बीच भी एक-दूसरे के प्रति ऐसी भाषा का इस्तेमाल नहीं होता

-कृष्ण बलदेव हाडा-
देश के दो बड़े उद्योगपतियों अडानी और अंबानी के बहाने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घेरने के कांग्रेस के प्रयासों के बाद आज प्रदेश भाजपा के नेता विचलित दिखे और उन्होंने पंजाब के पूर्व उप मुख्यमंत्री और वर्तमान में राजस्थान में कांग्रेस के प्रभारी सुखविंदर सिंह रंधावा पर प्रधानमंत्री को अपमानित करने तक का आरोप लगाया।

रंधावा कह रहे हैं कि अडानी और अंबानी आज के आधुनिक जमाने की ईस्ट इंडिया कंपनी है जिनके जरिए नरेंद्र मोदी देश की सत्ता पर स्थाई रूप से कब्जा करने कोशिश कर रहे है। कांग्रेस के प्रस्तावित राजभवन घेराव कार्यक्रम में भाग लेने के लिए जयपुर आए सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कई ऐसी कड़वी बातें कह दी जो भाजपा के नेताओं को रास आने का सवाल ही नहीं उठता।

रंधावा ने तो यहां तक कह दिया कि अगर अडानी को खत्म करना है तो पहले नरेंद्र मोदी को खत्म कर दो। नरेंद्र मोदी ईस्ट इंडिया कंपनी की तरह ही अडानी को लेकर के आए है और अब इस इस ईस्ट इंडिया कंपनी के खिलाफ कांग्रेस को एकजुट होकर संघर्ष करने की जरूरत है। कांग्रेस के संघर्ष के बूते पर यदि केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनी तो अडानी जेल की सींखचों के पीछे नजर आएंगे।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने सुखजिंदर सिंह रंधावा के इस बयान को बेहद आपत्तिजनक माना है और यह कहाकि रंधावा ने अपनी बयान के जरिए नरेंद्र मोदी को अपमानित किया है जिसे सहन नही किया जा सकता है।

वैसे सुखजिंदर सिंह रंधावा ने राजभवन के घेराव के समय हुई सभा में भाजपा के नेताओं को विचलित कर देने वाली भाषा का इस्तेमाल किया। आमतौर पर राजस्थान के आपस में बड़े-बड़े प्रतिद्वंदी नेताओं के बीच भी एक-दूसरे के प्रति ऐसी भाषा का इस्तेमाल होते कम ही देखा जाता है।

पंजाबी लहजे के साथ बोली हिंदी में रंधावा ने यहां तक कह दिया कि मोदी मोदी करो। मोदी देश का बेड़ा गर्क कर रहा है, देश को खत्म कर रहा है। मोदी देश को बेच रहा है।…खत्म करो, मोदी को खत्म करो।….. मोदी को खत्म करने की बात करो।…. मोदी को खत्म कर दिया तो काम बन जाएगा। हिंदुस्तान बच जाएगा।…. मोदी हिंदुस्तान का सत्यानाश कर रहा है।……बीजेपी को मार दो। अड़ानी तो अपने आप मर जाएगा।… कांग्रेस आए (सत्ता में) तो अंबानी अड़ानी जेल में जाने चाहिए।

रंधावा ने कहा- पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि उन्हें आपस में लड़ाई खत्म कर मोदी-भाजपा के शासन को समाप्त करने की बात करनी चाहिए। अगर मोदी शासन खत्म हो गया तो देश बच जाएगा। अगर मोदी रहा तो देश बर्बाद हो जाएगा। भाजपा के शासन को समाप्त कर लो तो अडानी का प्रभाव अपने आप समाप्त हो जायेगा। जब कांग्रेस आए तो अडानी-अंबानी नहीं आने चाहिए। इन्हें जेल जाना चाहिए। हमारे कई नेता इन्हें साथ लेकर नहीं चल पड़े, यह ध्यान रखना होगा।

जयपुर में सिविल लाइंस की फ़ाटक की सभा में रंधावा ने कहा कांग्रेस को लडाई लड़नी होगी और राजस्थान को रणभूमि बनाना होगा। इसके लिए कार्यकर्ताओं में जोश लाना होगा। उन्होंने कहा कि जिस तरह पंजाब में पार्टी के पंजाब प्रभारी हरीश चौधरी सहित हमने एक-एक कांग्रेसी के घर जाकर कार्यकर्ताओं में जोश भरा, वैसा ही जोश यहां चाहिए।

पंजाब में अकालियों का दस साल का शासन खत्म किया। पंजाब में कई तरह के माफियाओं को समाप्त किया, क्या मोदी के शासन को समाप्त नहीं कर सकते। राहुल गांधी ने कहा था कि डरो मत, हमें छाती तानकर लड़ाई लड़नी चाहिए।