BYD ने भारत में लॉन्च की 521km रेंज और फीचर्स के साथ Atto 3 इलेक्ट्रिक SUV

0
190

नई दिल्ली। चीनी इलेक्ट्रिक व्हीकल निर्माता BYD ने भारत में 34 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) की कीमत पर Atto 3 इलेक्ट्रिक SUV को लॉन्च कर दिया है। ईवी निर्माता को अब तक Atto 3 इलेक्ट्रिक SUV के लिए लगभग 1,500 बुकिंग मिल चुकी हैं। BYD ने पिछले महीने की शुरुआत में Atto 3 इलेक्ट्रिक SUV का अनवील किया था।

11 अक्टूबर से इसकी बुकिंग भी ओपन कर दी थी। ग्राहक इसे 50,000 रुपये में बुक कर सकते हैं। BYD ने पहले घोषणा की थी कि Atto 3 इलेक्ट्रिक SUV की डिलीवरी अगले साल जनवरी से शुरू होगी। यह भारतीय बाजार में मौजूद Hyundai KONA और MG ZS EV को कड़ी टक्कर देगी।

BYD Atto 3 का इलेक्ट्रिक मोटर अधिकतम 200 hp का पावर और 310 Nm का पीक टॉर्क पैदा करने में सक्षम है। यह 7.3 सेकेंड में एक स्टैंडस्टिल से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है। इसमें तीन राइडिंग मोड इको, नॉर्मल और स्पोर्ट हैं। BYD Atto 3 की ARAI द्वारा दावा की गई रेंज 521 किमी और NEDC द्वारा दावा की गई रेंज 480 किमी. है।

50 मिनट में हो जाएगी चार्ज: BYD Atto 3 ब्लेड बैटरी तकनीक का उपयोग करके 60.48kWh की बैटरी क्षमता के साथ आएगी। चीनी ईवी निर्माता ने Atto 3 को फास्ट चार्जिंग क्षमता से लैस किया है, जो इसे केवल 50 मिनट में 80 प्रतिशत तक चार्ज करने का दावा करती है। ARAI टेस्टिंग के अनुसार, यह 521 किलोमीटर की रेंज के साथ आएगी। BYD ट्रैक्शन बैटरी के लिए 8 साल या 1.6 लाख किलोमीटर (जो भी पहले हो) की वारंटी दे रही है। कंपनी मोटर और मोटर कंट्रोलर के लिए 8 साल या 1.5 लाख किलोमीटर की वारंटी दे रही है।

BYD Atto 3 के फीचर्स: BYD कंपनी Atto 3 चार कलर ऑप्शन के साथ उपलब्ध होगी। इनमें बोल्डर ग्रे, पार्कौर रेड, स्की व्हाइट और सर्फ ब्लू शामिल हैं। Atto 3 में पैनोरमिक सनरूफ दिया गया है। फीचर्स की बात करें तो इसमें 12.8 इंच की इंफोटेनमेंट स्क्रीन है, जिसे एक बटन दबाकर घुमाया जा सकता है। यह 8-स्पीकर सिस्टम से जुड़ा हुआ है। पार्किंग के लिए इसमें एक 360-डिग्री पार्किंग कैमरा दिया गया है। अन्य फीचर्स में एनएफसी कार्ड की, इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक और इलेक्ट्रिक सीट एडजस्टमेंट शामिल हैं।

5 स्टार सेफ्टी रेटिंग : BYD Atto 3 सबसे सुरक्षित EVs में से एक होने जा रही है। इसने हाल ही में यूरो NCAP क्रैश टेस्ट में 5 स्टार सेफ्टी रेटिंग हासिल की है। यूरो NCAP ने 11 अक्टूबर को भारत में BYD Atto 3 इलेक्ट्रिक SUV पेश करने के तुरंत बाद क्रैश टेस्ट परिणाम की घोषणा की। यूरो NCAP द्वारा परीक्षण किए गए BYD Atto ने एडल्ट सेफ्टी के लिए 91 प्रतिशत और चाइल्ड सेफ्टी में 89 प्रतिशत अंक हासिल किया है। सेफ्टी असिस्टेंस सेगमेंट में ईवी ने 74 फीसद स्कोर किया है।

BYD इलेक्ट्रिक SUV ग्राहकों को 7kW होम चार्जर, 3kW पोर्टेबल चार्जिंग बॉक्स के साथ-साथ 3 साल का फ्री 4G डेटा सब्सक्रिप्शन, 6 साल का रोडसाइड असिस्टेंस और 6 फ्री मेंटेनेंस सर्विस ऑफर करेगा।

24 शोरूम खोलने की योजना: BYD इस साल के अंत तक भारत के 21 शहरों में 24 शोरूम खोलने की योजना बना रहा है। BYD इंडिया के इलेक्ट्रिक पैसेंजर व्हीकल्स के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट संजय गोपालकृष्णन ने कहा कि हम अपने ग्राहकों से मिली जबरदस्त प्रतिक्रिया से खुश हैं।