सरसों में गिरावट से तेल के भाव 150 रुपये किलो से नीचे फिसले

0
211

नई दिल्ली। राजस्थान और अन्य उत्पादक राज्यों की मंडियों में सरसों की आवक आज दूसरे दिन भी करीब पांच लाख बोरी की रही। जोरदार आवक के चलते सरसों के भाव में गिरावट आज भी जारी रही। इसके भाव 75 रुपये यानी करीब एक फीसदी गिरावट में रहे। जयपुर में सरसों तेल घटकर 150 रुपये प्रति किलो से नीचे आ गए। खली में भी गिरावट का रुख बना हुआ है। इसके विपरीत विदेशी बाजारों में तेजी दिख रही है।

मलेशियन पाम तेल और डेलियन ऑयल कांप्लेक्स के साथ सीबॉट सोया तेल बढ़कर कारोबार कर रहे हैं। रूस-यूक्रेन तनाव के चलते क्रूड ऑयल में दो फीसदी की तेजी आने से ऑयल कांप्लेक्स को मजबूती मिली। क्रूड ऑयल महंगा होने से वेजिटेबल ऑयल का बायोफ्यूल के तौर पर इस्तेमाल बढ़ जाता है।

आज जयपुर में 42 फीसदी कंडीशन सरसों 7050-7075 रुपये प्रति क्विंटल (जीएसटी अलग) पर बिक रही है। जबकि गत दिवस सरसों 7125-7150 रुपये प्रति क्विंटल (जीएसटी अलग) पर बिकी थी। देश भर की मंडियों में सरसों की दैनिक आवक 5 लाख बोरी (प्रति बोरी 80 किलो) की रही जो सोमवार के बराबर थी।

कांडला पोर्ट पर मार्च डिलीवरी क्रूड पाम तेल 1615 डॉलर से बढ़कर 1650 डॉलर प्रति टन पर दर्ज किया गया। सोया तेल डिगम मार्च डिलीवरी 1632 डॉलर से बढ़कर 1652 डॉलर प्रति टन पर बिक रहा है। भारतीय रुपये में कांडला पोर्ट पर क्रूड पाम तेल 1286 रुपये और सोया तेल डिगम 1350 रुपये प्रति दस किलो पर बिक रहा है।

जबकि बीते सत्र में पोर्ट पर क्रूड पाम तेल 1281 रुपये और सोया तेल डिगम 1335 रुपये प्रति दस किलो पर बिका। एनसीडीईएक्स में सरसों और सोया तेल के किसी अनुबंध में कारोबार नहीं है। सोयाबीन के अनुबंध में हल्की तेजी दिख रही है। खाद्य तेल और तिलहन के अनुबंधों में नए सौदों की अनुमति नहीं है। एक्सचेंज नए कांट्रेक्ट लांच भी नहीं कर सकते हैं।

सरसों की भारी आवक होने से इसके भाव पर दबाव बना हुआ है। प्लांट वाले अभी स्टॉक के लिए खरीद नहीं कर रहे हैं। नमी कम होने के बाद वे स्टॉक जुटाने के लिए खरीद शुरू करेंगे। सीमित लिवाली के चलते भाव में गिरावट का रुख बना रहा। सरसों में गिरावट से सरसों तेल के भाव 150 रुपये प्रति किलो से नीचे आ गए। कारोबारियों का कहना है कि आवक में उछाल आने से भाव पर दबाव आ रहा है। अभी आवक में और बढ़ोतरी होगी। इससे भाव पर दबाव आएगा। हालांकि सोयाबीन में घरेलू और विदेशी भावों में मजबूती से सरसों में गिरावट सीमित रह सकती है।

सरसों तेल जयपुर में 1492-1493 रुपये और अन्य मंडियों में 1482-1483 रुपये प्रति दस किलो पर बिक रहा है। बीते सत्र में तेल जयपुर में 1532-1533 रुपये और अन्य मंडियों में 1522-1523 रुपये प्रति दस किलो पर बिका था। इस तरह सरसों तेल में 40 रुपये यानी ढाई फीसदी की गिरावट आ गई। सरसों खली 2825-2850 रुपये प्रति क्विंटल पर बिक रही है। जबकि बीते सत्र में सरसों खली 2875-2900 रुपये प्रति क्विंटल पर बिकी थी।

पूरे देश में सरसों की आवक 5 लाख बोरी से सोमवार के बराबर रही। सरसों आवक राजस्थान में 2.50 लाख, मध्य प्रदेश में 55 हजार, उत्तर प्रदेश 75 हजार, हिमाचल प्रदेश में 10 हजार, गुजरात में 55 हजार और अन्य राज्यों में 55 हजार बोरी की रही।