सोगरिया स्टेशन का लोकार्पण और मेमू ट्रेनों का शुभारंभ आज

0
307

कोटा। कोटा रेल मंडल के लिए बुधवार को दिन ऐतिहासिक रहेगा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और रेल राज्य मंत्री दर्शनाबेन जरदोश सुबह 11 बजे सोगरिया रेलवे स्टेशन का लोकार्पण तथा कोटा-बीना, कोटा-नागदा तथा कोटा-झालावाड़ रोड मेमू ट्रेनों का शुभारंभ करेंगे।

कोटा के सैटेलाइट स्टेशन के रूप में करीब 16 करोड़ रूपए की लागत से हेरीटेज लुक में सोगरिया स्टेशन का विकास किया गया है। स्टेशन पर दो हाईलेवल प्लेटफार्म बनाए गए हैं, वातानाकूलित वीआईपी लाउंज, प्रतिक्षालय बनाया गया है। सर्कुलेटिंग क्षेत्र में आने व जाने के लिए अलग-अलग द्वार, पार्किंग की व्यवस्था के साथ थू्र लेन भी विकसति की गई है। स्टेशन को आकर्षक स्वरूप देने के लिए फसाड और डोम लाइटिंग की गई है। स्टेशन पर यात्रियों को आरक्षण की सुविधा भी मिलेगी।

इसी तरह कोटा-बीना, कोटा-झालावाड रोड तथा कोटा-नागदा मेमू ट्रेनों का भी संचालन किया जाएगा। यह मेमू ट्रेन बुधवार को शुभारंभ सफर करेंगी। गुरूवार से इनका नियमित संचालन प्रारंभ होगा। मेमू ट्रेनों का संचालन प्रारंभ होने से कोटा संभाग के साथ-साथ मध्यप्रदेश के सीमावर्ती जिलों तक के यात्री लाभान्वित होंगे।

रेल राज्यमंत्री दर्शनाबेन जरदोश आज कोटा में
रेल एवं कपड़ा राज्यमंत्री दर्शनाबेन जरदोश बुधवार को एक दिवसीय यात्रा पर कोटा आएंगी। इस दौरान वे सोगरिया स्टेशन के लोकार्पण तथा मेमू ट्रेनों के शुभारंभ सहित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगी।

जानकारी के अनुसार रेल राज्य मंत्री जरदोश बुधवार तड़के इंटरसिटी एक्सप्रेस से कोटा पहुंचेंगी। वे सुबह 11 बजे सोगरिया स्टेशन के लोकार्पण तथा मेमू ट्रेनों के शुभारंभ में भाग लेंगी। दोपहर 12.15 बजे वे सोगरिया रेलवे स्टेशन पर ही पत्रकारों से बात करेंगी।

दोपहर 2.30 बजे वे रेल अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगी। शाम 4 बजे वे आत्मनिर्भर नारी-सशक्त भारत विषय पर महिलाओं को संबोधित करेंगी। रेल राज्य मंत्री शाम 5 बजे कैथून जाएंगी जहां वे कोटा डोरिया कारीगरों से भेंट करेंगी। रात 9.40 बजे राजधानी एक्सप्रेस से सूरत के लिए रवाना हो जाएंगी।