रिजर्व बैंक की क्रेडिट पॉलिसी से झूमा बाजार; सेंसेक्स 60 हजार के पार बंद

0
275

मुंबई। कारोबारी हफ्ते के आखिरी दिन यानी शुक्रवार को बाजार में शानदार तेजी देखने को मिली। इसके अलावा रिजर्व बैंक की क्रेडिट पॉलिसी भी बाजार को खूब रास आई और इसी के साथ सेंसेक्स 381 पॉइंट यानी 0.64% बढ़कर 60,059 पर और निफ्टी 104 पॉइंट यानी 0.59% की तेजी के साथ 17,895 के स्तर पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान निफ्टी रिकॉर्ड हाई से सिर्फ 7 पॉइंट दूर रह गया। इससे पहले सेंसेक्स 59,960 पर और निफ्टी 17,886 पर खुला था।

सेंसेक्स के 30 शेयर्स में से 14 शेयर में बढ़त के साथ और 16 शेयर में कमजोरी के साथ कारोबार हुआ। जिसमें रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर 3.84% चढ़कर रिकॉर्ड ऊंचाई पर बंद हुए। इन्फोसिस, टेक महिंद्रा के शेयर 1% से ज्यादा की तेजी के साथ बंद हुए। वहीं हिंदुस्तान यूनिलीवर और NTPC के शेयर 1% से ज्यादा गिरकर बंद हुए।

कारोबार के दौरान बाजार को IT और PSU बैंक शेयर्स का सपोर्ट मिला। NSE पर IT इंडेक्स 1.96% की तेजी के साथ बंद हुआ। PSU बैंक इंडेक्स 1.65% चढ़कर बंद हुआ। वहीं रियल्टी और FMCG शेयर्स कमजोरी के साथ कारोबार करते दिखे। रियल्टी इंडेक्स 2.21 गिरकर बंद हुआ।

1,849 शेयर्स बढ़त के साथ बंद
BSE पर 3,453 शेयर्स में कारोबार हुआ। जिसमें 1,849 शेयर्स बढ़त के साथ और 1,456 शेयर्स लाल निशान में कारोबार करते दिखे। इसी के साथ BSE पर लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप 266 लाख करोड़ रुपए के पार पहुंच गया है।

414 शेयर्स में अपर सर्किट लगा
BSE पर 414 शेयर्स में अपर सर्किट लगा तो वहीं 140 शेयर्स में लोअर सर्किट लगा। इससे पहले गुरुवार को सेंसेक्स 488 पॉइंट यानी 0.82% बढ़कर 59,677 पर और निफ्टी 144 पॉइंट यानी 0.82% की तेजी के साथ 17,790 के स्तर पर बंद हुआ था।