पहली बार सेंसेक्स 59,600 और निफ्टी 17,750 के पार

0
313

मुंबई। हफ्ते के आखिरी दिन यानी शुक्रवार को बाजार नए ऊंचाई पर खुले। पहली बार सेंसेक्स 59,400 और निफ्टी 17,700 के पार खुला। फिलहाल सेंसेक्स 513.28 पॉइंट चढ़कर 59,654 पर और निफ्टी 139.50 पॉइंट चढ़कर 17,769 पर कारोबार कर रहा है।

सेंसेक्स के 30 शेयर्स में से 24 शेयर्स बढ़त के साथ और 6 शेयर्स लाल निशान में कारोबार करते दिख रहे हैं। जिसमें बजाज फाइनेंस और बजाज फिनसर्व 3% से ज्यादा की तेजी और ITC, टाइटन के शेयर 1% से ज्यादा की तेजी के साथ कारोबार कर रहे हैं। वहीं टाटा स्टील के शेयर में करीब 3% की गिरावट है।

BSE पर 2,763 शेयर्स में कारोबार हो रहा है। जिसमें 1,382 शेयर्स बढ़त के साथ और 1,244 शेयर्स लाल निशान में ट्रेड कर रहे हैं। इसी के साथ BSE पर लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप पहली बार 261 लाख करोड़ रुपए के पार पहुंच गया है। इससे पहले गुरुवार को सेंसेक्स 418 पॉइंट चढ़कर 59,141 और निफ्टी 110 पॉइंट चढ़कर 17,630 पर बंद हुआ था।

मार्केट कैप के मामले में भारत छठवें नंबर पर पहुंचा
शेयर बाजार की लगातार तेजी ने मार्केट कैप के मामले में भारतीय बाजार को छठवें नंबर पर पहुंचा दिया है। अब भारत दुनिया के बाजारों के मार्केट कैप की तुलना में छठवें स्थान पर है। इसने गुरुवार को 260.80 लाख करोड़ रुपए के मार्केट कैप के साथ फ्रांस को पीछे छोड़ दिया। फिलहाल भारत का मार्केट कैप 261 लाख करोड़ रुपए के ऊपर है। दुनिया के टॉप बाजारों में अमेरिकी बाजार पहले नंबर पर है। इसका मार्केट कैप 50.99 ट्रिलियन डॉलर है। जबकि चीन का बाजार 12.41 ट्रिलियन डॉलर के साथ दूसरे नंबर पर है।