सत्र 2022 में CBSE 10वीं एवं 12वीं बाेर्ड की परीक्षाएं दाे बार हाेंगी

0
628

कोटा। सीबीएसई की 10वीं व 12वीं के स्टूडेंट्स लिए महत्वपूर्ण खबर है। सत्र 2022 में होने वाली 10वीं व 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के संबंध में है। सीबीएसई बोर्ड 2022 के लिए दो बार परीक्षाएं आयाेजित की जाएगी। इस संबंध में सीबीएसई की ओर से सर्कुलर भी जारी कर दिया गया है। इस सर्कुलर में स्पष्ट किया गया है कि परीक्षाएं किस तरह ली जाएगी? सिलेबस कैसा होगा? इंटरनल असेसमेंट्स की क्या पॉलिसी रहेगी? वर्ष 2021 में कोरोना की दूसरी लहर के कारण सीबीएसई 10वीं व 12वीं की परीक्षाएं रद्द करनी पड़ी थीं।

इसलिए 2022 की परीक्षा के लिए बोर्ड ने अभी से ही तैयारी कर ली है। सीबीएसई के अनुसार कोरोना की तीसरी लहर की आशंका के मद्देनजर 2022 की बोर्ड परीक्षा के लिए स्पेशल स्कीम तैयार की गई है। इसके तहत क्लास 10वीं व 12वीं को दो टर्म में बांटा गया है। दोनों टर्म्स के अंत में परीक्षाएं आयाेजित करवाई जाएंगी। दोनों में सिलेबस भी अलग-अलग रहेगा।

फर्स्ट टर्म के अंत में बोर्ड टर्म-1 एग्जाम लेगा। यह नवंबर-दिसंबर 2021 के बीच लिया जाएगा। मल्टीपल च्वाइस क्वेश्चंस पूछे जाएंगे। केस आधारित एमसीक्यू और असर्श-रीजनिंग टाइप एमसीक्यू भी पूछे जाएंगे। हर पेपर का टेस्ट 90 मिनट का होगा। इसमें टर्म-1 के सिलेबस से ही सवाल आएंगे। यानी पूरे सिलेबस के 50 फीसदी हिस्से से। क्वेश्चन पेपर्स सीबीएसई ही भेजेगा। एग्जाम उसी स्कूल में होगा जहां स्टूडेंट्स पढ़ रहे होंगे।

लेकिन एग्जाम की निगरानी के लिए सीबीएसई बोर्ड की ओर से एक्सटर्नल सेंटर सुपरिटेंडेंट्स और ऑब्जर्वर्स नियुक्त किए जाएंगे। स्टूडेंट्स को ओएमआर शीट पर आंसर देने होंगे। इन्हें स्कैन करके सीबीएसई के पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा या फिर स्कूल्स इनका मूल्यांकन करने के मार्क्स सीबीएसई पोर्टल पर अपलोड करेंगे। इस पर अंतिम निर्णय बोर्ड की ओर से स्कूल्स को सूचित कर दिया जाएगा।

टर्म-2 या ईयर एंड एग्जाम का आयोजन भी सीबीएसई द्वारा ही किया जाएगा। शेष 50 फीसदी सिलेबस से ही सवाल पूछे जाएंगे। यह परीक्षा मार्च-अप्रैल 2022 के बीच ली जाएगी। पेपर 2 घंटे का होगा। इसमें अलग-अलग तरह के सवाल पूछे जाएंगे। यानी एमसीक्यू, शॉर्ट आंसर टाइप और लॉन्ग आंसर टाइप। लेकिन अगर कोरोना के कारण परिस्थितियां सामान्य नहीं रहीं, तो टर्म-2 एग्जाम भी 90 मिनट का ही लिया जाएगा। टर्म-1 की तरह ही सिर्फ एमसीक्यू क्वेश्चंस पूछे जाएंगे।

ऐसा होगा सिलेबस
सीबीएसई ने अपने सर्कुलर में बताया है कि शैक्षणिक सत्र 2021-22 में भी पिछले सत्र की तरह ही सिलेबस होगा। यानी इस साल भी क्लास 10-12 के सिलेबस में कटौती की जाएगी। सिलेबस की पूरी डिटेल जुलाई 2021 में cbse.nic.in पर जारी की जाएगी। बोर्ड के अनुसार इंटरनल असेसमेंट्स, प्रैक्टिकल एग्जाम्स, प्रोजेक्ट वर्क को ज्यादा विश्वसनीय और वैध बनाने का प्रयास किया जाएगा।