कोटा। तनिष्क एजुकेशन वेलफेयर सोसायटी एवं आकाशवाणी (कोटा) द्वारा आयोजित 6 दिवसीय (28 सितंबर से 3 अक्टूबर) 70वीं राज्य स्तरीय 14 वर्षीय जूडो प्रतियोगिता (छात्र-छात्रा वर्ग) का शनिवार को भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता में प्रदेश की 14 टीमों के लगभग 100 खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता राजस्थान कुश्ती संघ के अध्यक्ष व ओएसडी (लोकसभा स्पीकर) राजीव दत्ता ने की। विशिष्ट अतिथियों में विशाल शर्मा, युवराज सुवालका तथा वीरेन्द्र सिंह राठौड़ शामिल रहे।
मुख्य वक्ता राजेश कृष्ण बिरला ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खिलाड़ी जितना जमीन से जुड़ा रहता है, उतना ही उसका प्रदर्शन बेहतर होता है। जूडो हमें सिखाता है कि बड़े से बड़ा प्रतिद्वंद्वी भी सही तकनीक और संतुलन से हराया जा सकता है।
अध्यक्षीय उद्बोधन में राजीव दत्ता ने कहा कि बच्चा खेल के मैदान में जितना पसीना बहाता है, वह उतना ही सफलता की ओर बढ़ता है। आज के दौर में बच्चों को मोबाइल से निकालकर मैदान से जोड़ना बेहद जरूरी है। संस्था की डायरेक्टर व कार्यक्रम संयोजक सोनिया राठौड़ ने कहा कि खेलों से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास होता है, अनुशासन आता है और नेतृत्व क्षमता बढ़ती है।
समारोह के अंत में सभी विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को अतिथियों द्वारा मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान आयोजन सह-संयोजक भानु प्रताप सुमन, खेल प्रेमी, शिक्षक व बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।
प्रतियोगिता के प्रमुख परिणाम
छात्रा वर्ग:
23 किग्रा: प्रीति कौर (श्रीगंगानगर) – प्रथम, कल्पना (चुरू) – द्वितीय।
27 किग्रा: रक्षिता (टोंक) – प्रथम, दीपिका (बालोतरा) – द्वितीय।
32 किग्रा: लक्ष्मी (हनुमानगढ़) – स्वर्ण पदक।
36 किग्रा: कनिष्क कुंवर (टोंक) – स्वर्ण पदक।
-44 किग्रा: प्रिय सैनी (टोंक) – प्रथम, ममता (नागौर) – द्वितीय।
+44 किग्रा: भावना विश्नोई (भीलवाड़ा) – प्रथम, तनु गुर्जर (अजमेर) – द्वितीय।
छात्र वर्ग:
25 किग्रा: रंजीत (चुरू) – स्वर्ण, पवन माली (भीलवाड़ा) – रजत।
30 किग्रा: यथार्थ सुमन (कोटा) – प्रथम, अमित (श्रीगंगानगर) – द्वितीय।
45 किग्रा: धर्मेश (भीलवाड़ा) – प्रथम, विकास (नागौर) – द्वितीय।
50 किग्रा: फैजान (ब्यावर) व उमेश चौधरी (जोधपुर) ने अपने-अपने वर्गों में स्वर्ण पदक हासिल किया।

