पिंक साड़ी, पर्ल ज्वेलरी और गुजराती परिधान में सास-बहू की जोड़ियां देंगी प्रस्तुति
कोटा। Dandiya Mahotsav: श्री माहेश्वरी समाज कोटा के तत्वावधान में माहेश्वरी महिला मंडल एवं माहेश्वरी नवोदिता मंडल की ओर से 11 एवं 12 अक्टूबर को एमपीएस श्रीनाथपुरम में दो दिवसीय डांडिया महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसमें रंग-बिरंगी थीम, पारंपरिक परिधान और डांडिया की प्रस्तुतियों के साथ समाज की सांस्कृतिक विरासत का उत्सव देखने को मिलेगा।
राजेश कृष्ण बिरला ने रविवार को माहेश्वरी भवन झालावाड़ रोड पर आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि डांडिया केवल मनोरंजन का आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक मेलजोल और सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत रखने का माध्यम है। ऐसे आयोजन समाज की विभिन्न पीढ़ियों को एक मंच पर लाने के साथ आपसी संबंधों को मजबूत करते हैं और मां दुर्गा की आराधना से भी जोड़ते हैं।
नवोदिता मंडल की अध्यक्ष वैशाली खुवाल एवं सचिव गौरांशी अटल ने बताया कि डांडिया महोत्सव के पोस्टर का विमोचन अ.भा. माहेश्वरी महासभा (पश्चिमांचल) के उपसभापति राजेश कृष्ण बिरला ने किया। पहले दिन 11 अक्टूबर को पिंक थीम रहेगी।
उन्होंने बताय कि महिलाएं पिंक साड़ी या लहंगे के साथ पर्ल ज्वेलरी में नजर आएंगी। आकर्षण राउंड में ओशियन थीम रखी गई है। दूसरे दिन पारंपरिक गुजराती डांडिया परिधान थीम रहेगी, जबकि आकर्षण राउंड में सास-बहू की जोड़ियां डांडिया प्रस्तुत करेंगी।
महिला मंडल की सचिव श्वेता माहेश्वरी ने बताया कि युवतियों एवं महिलाओं के लिए 15 दिवसीय डांडिया अभ्यास कराया जा रहा है। नवोदिता संरक्षिका पूर्वा शारदा, स्वाति मंत्री एवं अंकिता पनवाड़ ने बताया कि आयोजन में करीब एक वर्ष से 85 वर्ष तक की आयु के महिला-पुरुष उत्साह के साथ शामिल होंगे। इससे महोत्सव में पारंपरिक संस्कृति के साथ पीढ़ियों के मेल का रंग भी देखने को मिलेगा।
इस अवसर पर समाज के मंत्री बिट्टल मूंदड़ा, पूर्वी राजस्थान प्रादेशिक माहेश्वरी सभा अध्यक्ष महेश चंद अजमेरा, अखिल भारतवर्षीय महिला संगठन (पश्चिमांचल) की उपाध्यक्ष मधु बाहेती, कोटा जिला संगठन अध्यक्ष सुरेश काबरा, माहेश्वरी सेवा संस्था नया कोटा के अध्यक्ष प्रमोद भंडारी, माहेश्वरी पंचायत के अध्यक्ष केजी जाखेटिया, मंत्री रामचरण धूत, महिला मंडल की अध्यक्ष सरिता मोहता, मंत्री श्वेता माहेश्वरी, संरक्षिका पुष्पा सोमानी, कोषाध्यक्ष परिणीता लाहोटी और अंजना शारदा सहित समाज के पदाधिकारी मौजूद रहे।

