नई दिल्ली। LPG New Price : अक्टूबर की शुरुआत कारोबारियों के लिए महंगाई के झटके के साथ हुई है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 1 अक्टूबर को 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत बढ़ा दी है। इसकी कीमत में 62.50 रुपये की बढ़ोतरी की गई है।
इस बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर का दाम बढ़कर 2,810 रुपये हो गया है। इससे पहले सितंबर की शुरुआत में भी इसकी कीमत 9.50 रुपये बढ़ाई गई थी।
त्योहारी सीजन शुरू होने से पहले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर महंगा हो गया है। इसका सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे और खान-पान से जुड़े कारोबार पर पड़ सकता है। सिलेंडर की कीमत बढ़ने से कारोबारियों की लागत बढ़ेगी। इसका असर छोटे कारोबारियों पर भी पड़ सकता है। आगे चलकर बढ़ी हुई लागत का असर खाने-पीने की चीजों की कीमतों पर भी देखने को मिल सकता है।
घरेलू सिलेंडर के दाम स्थिर
कमर्शियल सिलेंडर के दाम बढ़ने के बीच घरेलू ग्राहकों को राहत मिली है। तेल कंपनियों ने 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है। दिल्ली में घरेलू एलपीजी सिलेंडर 942 रुपये में मिल रहा है। मुंबई में इसकी कीमत 941.50 रुपये, चेन्नई में 957.50 रुपये और कोलकाता में 968 रुपये है।
इस तरह अक्टूबर की शुरुआत में एलपीजी की कीमतों में बढ़ोतरी का असर मुख्य रूप से कमर्शियल सिलेंडर इस्तेमाल करने वाले कारोबारियों पर पड़ा है। घरेलू रसोई गैस के दाम फिलहाल स्थिर हैं।

