सरकारी स्कूल के विद्यार्थियों ने ऑटोमोबाइल सेक्टर में समझी करियर की संभावनाएं

0
8

कोटा। कोटा राउंड टेबल 281 की ओर से विद्यार्थियों को कक्षा की पढ़ाई के साथ व्यावहारिक कौशल और रोजगार के विभिन्न क्षेत्रों से परिचित कराने के उद्देश्य से बाल कौशल कार्यक्रम आयोजित किया गया। राउंड टेबल 281 के चेयरमैन सारांश मित्तल ने बताया कि कार्यक्रम में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, अनंतपुरा के विद्यार्थियों को एक कम्पनी के सर्विस सेंटर का भ्रमण कराया गया।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने वाहनों की सर्विसिंग, तकनीकी जांच और मरम्मत से जुड़े विभिन्न कार्यों को करीब से देखा। उन्हें बताया गया कि ऑटोमोबाइल क्षेत्र में तकनीकी दक्षता हासिल करने के लिए किस प्रकार की शिक्षा और प्रशिक्षण आवश्यक है। विद्यार्थियों ने इस क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों, प्रशिक्षण की अवधि और शुरुआती स्तर पर मिलने वाले वेतन से संबंधित जानकारी भी प्राप्त की।

कम्पनी के निदेशक सुमित अग्रवाल ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री में करियर की संभावनाओं और आवश्यक तकनीकी कौशल की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि रुचि रखने वाले विद्यार्थी उचित प्रशिक्षण और तकनीकी दक्षता के माध्यम से इस क्षेत्र में बेहतर अवसर हासिल कर सकते हैं।

उन्होंने ऑटोमोबाइल क्षेत्र में करियर एवं तकनीकी मार्गदर्शन की आवश्यकता होने पर विद्यार्थियों को सहयोग का भरोसा दिलाया। कोटा राउंड टेबल 281 के चेयरमैन सारांश मित्तल ने कहा कि विद्यार्थियों को वास्तविक कार्यस्थल का अनुभव मिलने से उन्हें विभिन्न व्यवसायों की कार्यप्रणाली समझने और अपने करियर विकल्पों पर विचार करने का अवसर मिलता है।